रांची: डोरंडा थाना क्षेत्र में 26 मई 2026 को हुई युवक तनवीर अंसारी की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल का लोहे का लग गार्ड भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, फिरदौस नगर मनीटोला निवासी तनवीर अंसारी (37) को लोहे के लग गार्ड से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। इलाज के दौरान रिम्स में उनकी मौत हो गई। इस संबंध में डोरंडा थाना कांड संख्या-137/2026 दर्ज किया गया था।
हत्या की वजह
अनुसंधान में सामने आया कि मृतक तनवीर अंसारी का आरोपी जावेद अख्तर की मां से संबंधों को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच अक्सर झगड़ा और मारपीट होती रहती थी।
घटना के दिन जावेद अख्तर और उसका सहयोगी एजाज उर्फ गोल्डेन घर के पास बैठे थे। उसी दौरान तनवीर अंसारी वहां से गुजरे और कथित तौर पर जावेद पर टिप्पणी की। इसके बाद विवाद बढ़ गया। कुछ देर बाद जब तनवीर वापस लौटे तो जावेद ने बुलेट बाइक के लोहे के लग गार्ड से उनके सिर पर कई वार कर दिए। गिरने के बाद भी उनके पैरों पर हमला किया गया और आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक हटिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया -
- जावेद अख्तर (21 वर्ष), मनीटोला, हिंदुस्तान चौक, डोरंडा
- एजाज उर्फ गोल्डेन (45 वर्ष), फिरदौस नगर रोड नंबर-02, डोरंडा
बरामदगी
- बुलेट मोटरसाइकिल का लोहे का लग गार्ड
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।