338.96 ग्राम ब्राउन शुगर, चार मोबाइल, दो बाइक, एक स्कूटी और 9,100 रुपये नकद बरामद
रांची । रांची पुलिस ने मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धुर्वा थाना क्षेत्र के स्मार्ट सिटी के पास सीएनजी पेट्रोल पंप के समीप से चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 4,000 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसका कुल वजन 338.96 ग्राम बताया गया है। मौके से चार मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और 9,100 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 12 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 11 अक्टूबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि धुर्वा थाना क्षेत्र के स्मार्ट सिटी के पास सोनू तिवारी और संदीप उर्फ मामा द्वारा ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना से वरीय पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया गया। इसके बाद उनके निर्देश पर हटिया के वरीय पुलिस उपाधीक्षक नीरज कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी दल जब सीएनजी पेट्रोल पंप के पास स्मार्ट सिटी क्षेत्र में पहुंचा, तो वहां संदिग्ध अवस्था में पांच से छह युवक खड़े दिखाई दिए। पुलिस को देखकर सभी भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने पीछा कर चार युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से ब्राउन शुगर समेत अन्य सामान बरामद किए गए।
चार आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक तिवारी, शुभम कुमार उर्फ राजा और अंकित तिवारी शामिल हैं। ये तीनों रांची के एकतानगर क्षेत्र में रह रहे थे और मूल रूप से बिहार के सिवान जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के अरुवां गांव के निवासी बताए गए हैं। चौथे आरोपी की पहचान रितिक राज के रूप में हुई है, जो रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित सिठियो रोड की पटेल कॉलोनी का निवासी बताया गया है।
एक आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी अंकित तिवारी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ तिलैया थाना में वर्ष 2021 में मामला दर्ज है। इसके अलावा डोरंडा थाना में वर्ष 2021 तथा पुंदाग ओपी में वर्ष 2023 में भी मामले दर्ज होने का उल्लेख किया गया है। इनमें धोखाधड़ी, चोरी और आर्म्स एक्ट से संबंधित धाराएं शामिल हैं।
सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी पुलिस
इस मामले में धुर्वा थाना कांड संख्या 271/2026, दिनांक 11 अक्टूबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी), 21(सी), 22(बी), 22(सी) और 29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस बरामद मादक पदार्थ की आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।
छापेमारी दल में वरीय पुलिस उपाधीक्षक नीरज कुमार, धुर्वा थाना प्रभारी अनिल कुमार तिवारी, पुलिस अवर निरीक्षक लव कुमार, चंद्रशेखर कुमार सिंह तथा तुपुदाना ओपी प्रभारी सिद्धांत कुमार शामिल थे।