बरहरवा (साहिबगंज): साहिबगंज पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक स्मैक (चरस) विक्रेता को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से कुल 18 पुड़िया नशीला पदार्थ (स्मैक) बरामद किया गया है, जिसका कुल वजन 9.6 ग्राम है।
ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार (11 अक्टूबर) को बरहरवा थाना क्षेत्र के झिकटिया चौक पर स्थानीय ग्रामीणों ने एक युवक को चरस/स्मैक बेचते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया था। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही संध्या गश्ती दल में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक (पु०अ०नि०) अनिल कुमार यादव ने दल-बल के साथ मौके पर पहुँचकर आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस द्वारा तलाशी लिए जाने पर उसके पास से 18 पुड़िया स्मैक बरामद हुई।
पूर्व में भी दर्ज है आपराधिक मामला
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवा कुमार (22 वर्ष), पिता- स्व० अशोक महतो, निवासी- झिकटिया (काली मंदिर के पास), थाना बरहरवा, जिला साहिबगंज के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ बरहरवा थाना में पूर्व से मामला (कांड संख्या 115/23, धारा 380/411/457 भा०द०वि०) दर्ज है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले में बरहरवा थाना कांड संख्या 258/26, दिनांक 11.10.2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ NDPS Act 1985 की धारा 17(b)/21(b) के तहत कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य नेटवर्क की भी तलाश कर रही है।
छापेमारी/गिरफ्तारी टीम में शामिल सदस्य:
पु०नि० संतोष कुमार (बरहरवा प्रभाग)पु०अ०नि० अनिल कुमार यादव (बरहरवा थाना),पु०अ०नि० सुदामा सिंह (बरहरवा थाना) सशस्त्र बल (बरहरवा थाना)