मोबाइल, हिसाब की तीन डायरी समेत चांदी की चेन, गोल्ड पॉलिश चेन और अन्य आभूषण बरामद; पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा न्यायिक प्रक्रिया में
रांची। नामकुम थाना क्षेत्र में ज्वैलरी दुकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उद्भेदन कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी किए गए मोबाइल फोन, दुकान का हिसाब-किताब लिखी तीन डायरी समेत बड़ी मात्रा में आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, नामकुम थाना क्षेत्र के चाय बगान, सदाबहार चौक निवासी शम्मू सोनी के आवेदन पर ज्वैलरी दुकान में चोरी को लेकर नामकुम थाना कांड संख्या 50/2026 दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार 4 सितंबर की सुबह दुकान से मोबाइल फोन, तीन डायरी, चांदी की चेन, गोल्ड पॉलिश की चेन, चांदी की अंगूठियां, सोने की नथिया, सोने की अंगूठी और करीब सात हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए थे।
वरीय अधिकारियों के निर्देश पर गठित हुई टीम
कांड के उद्भेदन के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण रांची के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने मामले की जांच तेज करते हुए तकनीकी एवं अन्य सुरागों के आधार पर अनुसंधान शुरू किया।
जांच के क्रम में पुलिस ने चोरी गए सामानों की बरामदगी करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
चोरी का अधिकांश सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक ओपो कंपनी का मोबाइल फोन, हिसाब-किताब लिखी तीन डायरी, करीब 100 ग्राम वजन की चांदी की चेन, करीब 35 ग्राम की गोल्ड पॉलिश चेन, दो चांदी की अंगूठियां और करीब आधा ग्राम की सोने की नथिया बरामद की है।
बरामद सामानों को विधिवत जब्ती सूची तैयार कर पुलिस ने जब्त कर लिया है। चोरी में शामिल अन्य सामानों और नकद राशि की बरामदगी को लेकर भी पुलिस की जांच जारी है।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में अशोक लोहरा, उम्र करीब 18 वर्ष, पिता स्वर्गीय संजय लोहरा, निवासी नामकुम थाना क्षेत्र, रांची तथा क्षितिज कच्छप, उम्र करीब 19 वर्ष, पिता स्वर्गीय सुधीर अविनाश कच्छप, निवासी कुसई कॉलोनी, थाना डोरंडा, रांची को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अशोक लोहरा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई
ज्वैलरी दुकान में चोरी की घटना के बाद पुलिस ने जिस तेजी से अनुसंधान करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई और चोरी का सामान बरामद किया, उससे मामले का जल्द उद्भेदन संभव हो सका।
छापेमारी एवं अनुसंधान टीम में वरीय पुलिस उपाधीक्षक अमर कुमार पाण्डेय, नामकुम थाना के पु०नि० सह थाना प्रभारी राम नारायण सिंह, पु०अ०नि० सोनु कुमार दास, प्रवीण कुमार, स०अ०नि० उज्जवल कुमार सिंह, सत्येन्द्र सिंह, बिपुल चन्द्र मंडल तथा नामकुम थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।