अगस्त से मकान की रेकी कर रहे थे अपराधी, वारदात में इस्तेमाल इनोवा और स्कॉर्पियो भी जब्त
रांची । रांची के कांके थाना क्षेत्र स्थित गागी के आदर्श नगर कॉलोनी में हुई डकैती की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूट के 4.24 लाख रुपये नकद, आठ एंड्रॉयड मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई दो गाड़ियां बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक 14 अपराधियों की संलिप्तता सामने आई है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए जेवरात की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब सात बजे रिंग रोड के पास गागी स्थित आदर्श नगर कॉलोनी में रामशंकर प्रसाद सिंह के मकान में हथियारबंद अपराधियों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। अपराधी घर से कीमती जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-प्रथम) अमर कुमार पांडेय के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छह आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने तकनीकी आसूचना, भौतिक साक्ष्यों और अनुसंधान के आधार पर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें भोजपुर, बिहार के बखोरापुर निवासी बीर बहादुर सिंह और सुधीर कुमार, भोजपुर की कम्मो देवी, चतरा निवासी चंद्रशेखर पांडेय, बक्सर निवासी सुमीत कुमार सिंह तथा औरंगाबाद निवासी रजनीश सिंह शामिल हैं। इनमें से कुछ आरोपी रांची और रामगढ़ के विभिन्न इलाकों में रह रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की गिरफ्तारी बरियातू थाना क्षेत्र, दलादली ओपी और सुखदेवनगर थाना क्षेत्र से की गई।
अगस्त से कर रहे थे मकान की रेकी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों और उनके सहयोगियों ने अगस्त 2026 से ही घटनास्थल स्थित मकान की लगातार रेकी शुरू कर दी थी। इसके बाद संगठित गिरोह बनाकर वाहन और हथियारों की व्यवस्था की गई तथा सुनियोजित तरीके से डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना के बाद अपराधी ग्रे रंग की इनोवा कार (JH14C-4405) से फरार हुए थे। बाद में पिठौरिया थाना क्षेत्र में वाहन छोड़कर अलग-अलग दिशाओं में निकल गए। पुलिस ने अनुसंधान के दौरान इनोवा कार को कोकदोरो चौक के पास लावारिस हालत में बरामद किया। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई एक काले रंग की स्कॉर्पियो (JH01EX-1156) भी जब्त की गई है।
आरोपियों के पास से नकदी और मोबाइल बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बीर बहादुर सिंह के पास से 1.20 लाख रुपये और एक मोबाइल फोन, सुधीर कुमार के पास से 1.04 लाख रुपये और दो मोबाइल फोन तथा कम्मो देवी के पास से दो लाख रुपये और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। अन्य आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन मिले। इस प्रकार कुल 4.24 लाख रुपये नकद और आठ एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। हालांकि, लूटे गए कीमती जेवरात की बरामदगी अभी बाकी है।
दो आरोपियों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में बीर बहादुर सिंह का नाम भोजपुर जिले के बड़हरा थाना कांड संख्या 332/2021 में दर्ज है। वहीं, रजनीश सिंह का नाम रामगढ़ जिले के पतरातू थाना कांड संख्या 198/2020 में सामने आया है। पुलिस शेष आरोपियों और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
विशेष छापेमारी दल ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-प्रथम) अमर कुमार पांडेय, कांके थाना प्रभारी कुणाल कुमार, नामकुम थाना प्रभारी रामनारायण सिंह सहित कांके, पिठौरिया, खरसीदाग और अन्य इकाइयों के पुलिस पदाधिकारी एवं तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल थे।