मुर्शिदाबाद और बिहार तक फैला था आरोपियों का नेटवर्क, 42 डीआई पाइप समेत ट्रक और बोलेरो बरामद
पाकुड़। पाकुड़ जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र में ग्रामीण जलापूर्ति योजना के कैंपस से लोहे के डीआई पाइप की डकैती मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से डकैती किए गए 42 पीस लोहे के डीआई पाइप, एक ट्रक, एक बोलेरो समेत अन्य सामान बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के महज चार घंटे के अंदर मामले का उद्भेदन कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पाकुड़ की ओर से 26 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पाकुड़िया थाना क्षेत्र के कंगला मोड़ के पास सलगापाड़ा स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में ग्रामीण जलापूर्ति योजना के लिए रखे लोहे के डीआई पाइप की 8 से 10 अज्ञात अपराधियों द्वारा डकैती किए जाने की सूचना मिली थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह (भापुसे) ने महेशपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की। इस दौरान डकैती में शामिल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
मुर्शिदाबाद और बिहार के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में ताज मुहम्मद शेख (55), जहांगीर आलम (35), उत्पल शील (33), मानिक शील (48), नील कमल शील (30), सजल दास (42), सिराज शेख (22), तुजामेल शेख (28), नशीरूद्दीन (31) और संजीत महतो (46) शामिल हैं। इनमें अधिकांश आरोपी पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं, जबकि संजीत महतो बिहार के मुजफ्फरपुर जिले का रहने वाला है। वर्तमान में उसका पता पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, तुजामेल शेख बोलेरो का चालक था, जबकि संजीत महतो ट्रक चला रहा था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
42 डीआई पाइप, ट्रक और बोलेरो बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर निम्नलिखित सामान बरामद किए हैं।
- अशोक लीलैंड कंपनी का ट्रक (नंबर WB19K-2283)।
- महिंद्रा कंपनी की बोलेरो (नंबर WB26AV-7837)।
- डकैती किए गए 42 पीस लोहे के डीआई पाइप, जिनकी अनुमानित कीमत चार से पांच लाख रुपये है।
- विभिन्न कंपनियों के आठ मोबाइल फोन।
- एक लोहे का रॉड और एक लाठी।
पाकुड़ और बंगाल में सक्रिय था गिरोह
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की अपराध शैली क्षेत्र में घूम-घूमकर चोरी और डकैती की घटनाओं को अंजाम देना थी। इनका कार्यक्षेत्र पाकुड़ और पश्चिम बंगाल बताया गया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के पूर्व आपराधिक इतिहास की भी जानकारी दी है। ताज मुहम्मद शेख के खिलाफ बीरभूम के मोहम्मद बाजार थाना और मुर्शिदाबाद थाना में मामले दर्ज हैं। जहांगीर आलम का नाम भी मोहम्मद बाजार थाना कांड संख्या 223/2025 में दर्ज है। वहीं, नील कमल शील के खिलाफ मुर्शिदाबाद और गंगारामपुर थानों में पूर्व से मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
एसडीपीओ के नेतृत्व में बनी थी एसआईटी
इस सफल कार्रवाई में महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार, पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, रद्दीपुर ओपी प्रभारी राहुल कुमार गुप्ता, अजय कुमार महतो, सनातन मांझी, चंद्रानंद ठाकुर, चुंडा हांसदा, सुरेश गोप, महादेव चौधरी, सीसीटीएनएस ऑपरेटर सोयलेन मुर्मू, तकनीकी शाखा के सूरज मुर्मू सहित पाकुड़िया, महेशपुर और रद्दीपुर ओपी के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी 10 आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में पाकुड़िया थाना कांड संख्या 81/2026, दिनांक 26 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।