रांची: रातू थाना क्षेत्र के मालमाडु गांव में सड़क विवाद के दौरान मारपीट और लाइसेंसी राइफल छीनने के मामले में रांची पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस कांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही छीनी गई 0.315 बोर की लाइसेंसी राइफल और घटना में प्रयुक्त पिकअप वैन भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार, 5 मई 2026 को मालमाडु गांव में तारूप जाने वाली सड़क पर महिंद्रा XUV में सवार सतीश कुमार और उनके सहयोगी की सामने से आ रहे पिकअप वैन पर सवार लोगों से रास्ता नहीं देने और लाइट डिम नहीं करने को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें सतीश कुमार और उनके सहयोगी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज फिलहाल मेडिका अस्पताल में चल रहा है।
घटना के दौरान आरोपियों ने सतीश कुमार की लाइसेंसी 0.315 बोर राइफल भी छीन ली थी। मामले को लेकर रातू थाना कांड संख्या-147/2026 दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए ग्राम मुरचू समेत विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
सतीश उरांव, सुखनाथ गोप, दासुवा उरांव, रंजीत गोप, सोमरा उरांव, विपिन उरांव और बबलू अहीर।
बरामदगी:
- एक लाइसेंसी 315 बोर राइफल
- घटना में प्रयुक्त पिकअप वैन (JH01-EF-4034)
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारियों और रातू थाना सशस्त्र बल की अहम भूमिका रही।