रांची। रांची पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर पांच वर्षीय बच्ची के अपहरण की गुत्थी सुलझाते हुए उसे सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने बिहार के गया से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बच्ची के अपहरण के बाद तीन लाख रुपये की फिरौती मांगी थी और रकम नहीं मिलने पर उसकी हत्या करने की धमकी दी थी। इतना ही नहीं, उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से पीड़ित परिवार से पांच-पांच हजार रुपये की दो किश्तों में कुल 10 हजार रुपये भी वसूल लिए थे।
पुलिस के अनुसार, नगड़ी थाना कांड संख्या 120/26, दिनांक 16 जुलाई 2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। सूचना मिली थी कि दलादली टीओपी क्षेत्र के सपारोम से पांच वर्षीय बच्ची का अपहरण कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-02) अजय आर्यन के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
तकनीकी शाखा की मदद से पुलिस ने बिहार के गया में स्थानीय पुलिस के सहयोग से 30 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की। घटना की सूचना मिलने के मात्र 12 घंटे के भीतर गया जंक्शन के समीप एक होटल से बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया। साथ ही इस पूरे षड्यंत्र में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
किरायेदार ने रची अपहरण की साजिश
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी रमेश कुमार मिश्रा ने स्वीकार किया कि वह पीड़िता के घर के पास किराये के मकान में रहता था। पैसों की लालच में उसने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ बिहार के गया ले गया और परिजनों से तीन लाख रुपये की फिरौती मांगने लगा। उसने धमकी दी कि यदि फिरौती नहीं दी गई तो बच्ची की हत्या कर दी जाएगी।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के दो सहयोगी सचिन कुमार और मोनु कुमार ने बच्ची को छिपाने तथा फिरौती की रकम हासिल करने में उसकी मदद की। आरोपियों ने परिजनों को डरा-धमकाकर ऑनलाइन माध्यम से कुल 10 हजार रुपये अपने खातों में मंगवा लिए।
मां से मिलते ही खिल उठी बच्ची की मुस्कान
पुलिस ने बताया कि बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है। बरामदगी के बाद जब उसे उसकी मां को सौंपा गया तो परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बच्ची सकुशल अपने घर लौट सकी।
गिरफ्तार आरोपी
- रमेश कुमार मिश्रा (20 वर्ष), निवासी दिग्गी, थाना कोंच, जिला गया (बिहार)
- सचिन कुमार (19 वर्ष), निवासी खजुरी, थाना कोंच, जिला गया (बिहार)
- मोनु कुमार (19 वर्ष), निवासी मखदुमपुर, जिला जहानाबाद (बिहार)
बरामद सामान
- घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन।
छापेमारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी
इस सफल अभियान का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-02) अजय आर्यन ने किया। टीम में दलादली टीओपी प्रभारी सत्य प्रकाश उपाध्याय, पु.अ.नि. संदीप राज, स.अ.नि. शिवलाल मुर्मु, महिला आरक्षी मेरी जयंती तिर्की, आरक्षी पंकज कुमार चौधरी के अलावा तकनीकी शाखा रांची के जुनुल सुरीन, विरेन्द्र सिंह, समसोन संगा, क्रिस्टेफर डुंगडुंग, सूरज तिग्गा तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। टीम की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी सहायता के कारण बच्ची को 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया।