रांची: पिठौरिया थाना क्षेत्र में 2 जून 2026 को हुई फायरिंग की घटना का रांची पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा घटना में प्रयुक्त हथियार, जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है।
घटना में मामले में ग्रामीण एसपी ने प्रेस वार्ता कर बताया कि 2 जून की शाम करीब 6 बजे मदनपुर कोकदोरो निवासी फिरोज अंसारी पर जानलेवा हमला किया गया था। बाइक पर सवार अफसर अंसारी और शोएब अंसारी उर्फ नुनुवा अंसारी ने फिरोज अंसारी को निशाना बनाकर गोली चलाई थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस संबंध में पिठौरिया थाना कांड संख्या 63/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर गठित विशेष छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शोएब अंसारी को गिरफ्तार किया। वहीं मुख्य आरोपी अफसर अंसारी ने पुलिस दबिश के बाद न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया, जिसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (JH01EJ-0872) बरामद की गई।
पुरानी रंजिश बनी फायरिंग की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2022 में फिरोज अंसारी के भतीजे की हत्या के मामले में अफसर अंसारी आरोपी था। वह फिलहाल जमानत पर बाहर था, जबकि उसका पिता न्यायिक हिरासत में है। पुलिस के मुताबिक अफसर अंसारी लगातार फिरोज अंसारी पर हत्या मामले में गवाही नहीं देने का दबाव बना रहा था और जान से मारने की धमकी दे रहा था। इसी रंजिश के चलते फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों ने पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। साथ ही पिठौरिया और कांके थाना क्षेत्रों में हुई कई गृहभेदन (चोरी) की घटनाओं में भी अपनी भूमिका कबूल की है। इन मामलों में आगे की जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
- अफसर अंसारी (22 वर्ष), निवासी कोकदोरो, पिठौरिया
- शोएब अंसारी उर्फ नुनुवा अंसारी (23 वर्ष), निवासी कोकदोरो, पिठौरिया
बरामद सामान
- 7.65 एमएम का एक पिस्तौल
- एक जिंदा कारतूस
- बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (JH01EJ-0872)