मुरी: रांची जिले के मुरी ओपी क्षेत्र में मोबाइल टावरों से पावर केबल चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है। यह कार्रवाई मुरी ओपी सिल्ली थाना कांड संख्या 49/2026, दिनांक 28 जुलाई धारा 303(2) बीएनएस के तहत की गई है।पुलिस के अनुसार 27 जुलाई की रात मुरी ओपी अंतर्गत ग्राम जामटोला स्थित इंडस टावर से अज्ञात चोरों द्वारा पावर केबल की चोरी कर ली गई थी। घटना को लेकर इंडस टावर लिमिटेड के तकनीशियन ने मुरी ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक सिल्ली मनीषचंद्र लाल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल से तकनीकी साक्ष्य जुटाकर मामले में शामिल आरोपियों की पहचान की और छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार किया।पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए सामान बरामद किए गए। चोरी में प्रयुक्त काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल (जेएच09बीएन2652) भी पुलिस ने जब्त की है।गिरफ्तार आरोपियों में विशाल चटर्जी (23), अंकित कुमार (23), अभय कुमार पाल (35) और आदित्य साहू (19) शामिल हैं। सभी आरोपी बोकारो जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले बताए गए हैं। गिरफ्तार विशाल चटर्जी का पूर्व में हरला थाना कांड संख्या 254/2022 एवं 03/2023 में धारा 379 भादवि के तहत आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पल्सर मोटरसाइकिल के अलावा करीब 8 किलोग्राम तांबे का तार व अन्य सामान, करीब 3.5 किलोग्राम तांबे का तार, तथा काले रंग के कॉपर वायर का कवर बरामद किया है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोबाइल नेटवर्क कंपनियों के लिए टावरों की सुरक्षा महत्वपूर्ण है। गिरोह की गिरफ्तारी से क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगने की उम्मीद है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।