गिरिडीह: शहर के हुट्टी बाजार इलाके में देर रात डीजे बंद कराने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान चाकू से किए गए हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान अजय दास के रूप में हुई है। वहीं घायलों में उसका भाई प्रवीण दास, प्रेम दास और राजेश दास शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
परिजनों के अनुसार, इलाके में देर रात तक तेज आवाज में डीजे बज रहा था। इसी को बंद कराने के लिए अजय दास मौके पर पहुंचा था। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों के साथ उसकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने की सूचना मिलने पर उसका भाई प्रवीण दास भी वहां पहुंच गया।
प्रवीण दास ने बताया कि मौके पर रवि और उसके बेटे रूबी व रोनी पहले से ही चाकू, भुजाली और अस्तुरा जैसे हथियार लेकर खड़े थे। अचानक तीनों ने हमला कर दिया। हमले के दौरान अजय दास के सीने पर चाकू से वार किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी नीरज कुमार सिंह और नगर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर रतन सिंह सदर अस्पताल पहुंचे और परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इधर, घटना की खबर मिलते ही भाजपा नेता दिनेश यादव भी सदर अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
मोबाइल, हिसाब की तीन डायरी समेत चांदी की चेन, गोल्ड पॉलिश चेन और अन्य आभूषण बरामद; पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा न्यायिक प्रक्रिया में
रांची। नामकुम थाना क्षेत्र में ज्वैलरी दुकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उद्भेदन कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी किए गए मोबाइल फोन, दुकान का हिसाब-किताब लिखी तीन डायरी समेत बड़ी मात्रा में आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, नामकुम थाना क्षेत्र के चाय बगान, सदाबहार चौक निवासी शम्मू सोनी के आवेदन पर ज्वैलरी दुकान में चोरी को लेकर नामकुम थाना कांड संख्या 50/2026 दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार 4 सितंबर की सुबह दुकान से मोबाइल फोन, तीन डायरी, चांदी की चेन, गोल्ड पॉलिश की चेन, चांदी की अंगूठियां, सोने की नथिया, सोने की अंगूठी और करीब सात हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए थे।
वरीय अधिकारियों के निर्देश पर गठित हुई टीम
कांड के उद्भेदन के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण रांची के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने मामले की जांच तेज करते हुए तकनीकी एवं अन्य सुरागों के आधार पर अनुसंधान शुरू किया।
जांच के क्रम में पुलिस ने चोरी गए सामानों की बरामदगी करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
चोरी का अधिकांश सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक ओपो कंपनी का मोबाइल फोन, हिसाब-किताब लिखी तीन डायरी, करीब 100 ग्राम वजन की चांदी की चेन, करीब 35 ग्राम की गोल्ड पॉलिश चेन, दो चांदी की अंगूठियां और करीब आधा ग्राम की सोने की नथिया बरामद की है।
बरामद सामानों को विधिवत जब्ती सूची तैयार कर पुलिस ने जब्त कर लिया है। चोरी में शामिल अन्य सामानों और नकद राशि की बरामदगी को लेकर भी पुलिस की जांच जारी है।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में अशोक लोहरा, उम्र करीब 18 वर्ष, पिता स्वर्गीय संजय लोहरा, निवासी नामकुम थाना क्षेत्र, रांची तथा क्षितिज कच्छप, उम्र करीब 19 वर्ष, पिता स्वर्गीय सुधीर अविनाश कच्छप, निवासी कुसई कॉलोनी, थाना डोरंडा, रांची को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अशोक लोहरा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई
ज्वैलरी दुकान में चोरी की घटना के बाद पुलिस ने जिस तेजी से अनुसंधान करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई और चोरी का सामान बरामद किया, उससे मामले का जल्द उद्भेदन संभव हो सका।
छापेमारी एवं अनुसंधान टीम में वरीय पुलिस उपाधीक्षक अमर कुमार पाण्डेय, नामकुम थाना के पु०नि० सह थाना प्रभारी राम नारायण सिंह, पु०अ०नि० सोनु कुमार दास, प्रवीण कुमार, स०अ०नि० उज्जवल कुमार सिंह, सत्येन्द्र सिंह, बिपुल चन्द्र मंडल तथा नामकुम थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
रांची। रातू थाना क्षेत्र में जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने के मामले का रांची पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गणेश पाहन उर्फ गणेश मुंडा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में नक्सली घटना और रेल डकैती जैसे गंभीर मामलों में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक, रातू थाना कांड संख्या 262/26, दिनांक 31 जुलाई 2026 को दर्ज किया गया था। मामले में अज्ञात मोबाइल नंबर और अज्ञात अपराधकर्मी के खिलाफ जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने का आरोप लगाया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक (मु.) द्वितीय अजय आर्यन के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। SIT ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और आरोपी गणेश पाहन उर्फ गणेश मुंडा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अपराध स्वीकार करने का पुलिस का दावा
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसके पास से कांड से संबंधित साक्ष्य के रूप में एक मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद किया गया है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने इस घटना में शामिल अपने अन्य सहयोगियों के नाम भी बताए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पहले भी दर्ज हैं गंभीर मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें चक्रधरपुर रेल थाना कांड, मूरहू थाना कांड और टेबो थाना कांड शामिल हैं। इनमें रेल डकैती, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास और प्रतिबंधित संगठन से संबंधित धाराओं के मामले शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब रंगदारी मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपी:
गणेश पाहन उर्फ गणेश मुंडा, पिता स्व. अचल पाहन उर्फ अचल मुंडा। स्थायी पता खूंटी जिले के सारदीकेल/रूमचू क्षेत्र का बताया गया है, जबकि वर्तमान पता सरनाटोली, कोकर, रांची है।
बरामदगी: एक मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड।
रांची । रांची पुलिस ने 26 अगस्त की रात हुई हत्या और लूट समेत लगातार हुई तीन आपराधिक घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान तीनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू और लूट-चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त को औघड़ बाबा आश्रम के समीप झाड़ियों में एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद मृतक की पहचान उपेन्द्र कुमार मिश्रा (32 वर्ष), पिता त्रिलोकीनाथ मिश्रा, निवासी कुम्हार टोली, कृष्णा वाडो, सुखदेवनगर, रांची के रूप में की।
परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर कोतवाली थाना में कांड संख्या 189/26 दर्ज किया गया। आरोप है कि उपेन्द्र कुमार मिश्रा की चाकू मारकर हत्या करने के बाद उनका मोबाइल और मोटरसाइकिल लूट ली गई थी।
एक ही रात में तीन वारदातों से पुलिस के उड़े होश
जांच के दौरान पुलिस को अरगोड़ा थाना क्षेत्र में भी इसी रात हुई दो अन्य घटनाओं की जानकारी मिली। सहजानंद चौक के पास एक ट्रक चालक पर चाकू से हमला कर मोबाइल लूटने का मामला सामने आया। इस संबंध में अरगोड़ा थाना कांड संख्या 230/26 दर्ज किया गया।
इसी रात अरगोड़ा थाना क्षेत्र के बसंत बिहार रोड नंबर-5 स्थित निर्माणाधीन भवन में दो लोगों द्वारा घुसकर मोबाइल चोरी करने की घटना भी सामने आई। इस मामले में अरगोड़ा थाना कांड संख्या 232/26 दर्ज किया गया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को तीनों घटनाओं के बीच समानता मिली। पुलिस के अनुसार, वारदातों को एक ही रात और एक ही प्रकार की अपराध शैली में अंजाम दिया गया था। अपराधियों की कार्यशैली शातिर और खतरनाक पाए जाने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया।
SIT ने दो आरोपियों को दबोचा
वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में SIT गठित की गई। टीम ने मानवीय और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सुजीत कुमार गुप्ता उर्फ पीटर और राकेश कुमार यादव को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने तीनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल फोल्डेबल स्टेनलेस स्टील का चाकू, लूटे गए मोबाइल फोन और चोरी का मोबाइल बरामद किया गया।
चार मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें मृतक और ट्रक चालक से लूटे गए मोबाइल, मजदूर से चोरी किया गया मोबाइल तथा एक की-पैड मोबाइल शामिल है। इसके अलावा घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े और चप्पल भी बरामद किए गए हैं।
पहले भी जेल जा चुके हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार, सुजीत कुमार गुप्ता उर्फ पीटर का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ चोरी, लूट और एनडीपीएस एक्ट से संबंधित मामले दर्ज हैं। वहीं राकेश कुमार यादव भी चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है।
सुजीत कुमार गुप्ता के खिलाफ सुखदेवनगर, अरगोड़ा और चुटिया थानों में चोरी, लूट और मादक पदार्थ से जुड़े कई मामले दर्ज बताए गए हैं। वहीं राकेश कुमार यादव के खिलाफ सुखदेवनगर थाना में चोरी से संबंधित मामला दर्ज है।
सिल्ली/मूरी :रांची जिले के मूरी ओपी क्षेत्र में सात माह पूर्व हुई युवक इंदल लोहरा की हत्या के मामले का सिल्ली पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए मृतक की पत्नी रूपा देवी और उसके प्रेमी ओम प्रकाश मांझी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार दोनों ने मिलकर गला दबाकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था।जानकारी के अनुसार, 15 जनवरी 2026 को सिल्ली थाना क्षेत्र के असुरकोड़ा गांव निवासी रूपा देवी ने अपने पति इंदल लोहरा की मौत को शराब के नशे में गिरने से हुई दुर्घटना बताया था। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने के बाद सिल्ली थाना में अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने घटनास्थल से तकनीकी साक्ष्य एकत्र कर मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान मृतक की पत्नी रूपा देवी और उसके प्रेमी ओम प्रकाश मांझी की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल फोन भी जब्त किया। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जांच टीम में शामिल पुलिस उपाधीक्षक सिल्ली मनीषचन्द्र लाल,पु०अ०नि० विकाश कुमार पासवान, प्रभारी मूरी ओपी, पु०अ०नि० मणिभूषण पासवान, मूरी ओपी स०अ०नि० बलेन्द्र कुमार, तकनीकी शाखा, रांची हवलदार विजयकान्त चौबे आरक्षी रंजीत कुमार आरक्षी विरेन्द्र सिंह, तकनीकी शाखा, रांची पुलिस ने बताया कि इस चर्चित हत्या कांड के खुलासे में तकनीकी शाखा एवं विशेष जांच दल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सिल्ली/ मुरी : सिल्ली क्षेत्र के एक निजी स्कूल में 10वीं कक्षा की 14 वर्षीय छात्र ने शनिवार की शाम को घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना उस समय हुई, जब कुछ ही देर पहले तक वह अपनी मां और छोटे भाई के साथ सामान्य रूप से बातचीत कर रहा था। अचानक उठाए गए इस कदम से परिजन, विद्यालय परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब छह बजे छात्र ने अपनी मां व छोटे भाई के साथ चाउमीन और मैगी खाई। इसके बाद उसने अपनी मां के मोबाइल से पिता के फोन का रिचार्ज भी किया। सब कुछ सामान्य होने के बाद वह अपने कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब उसने कोई जवाब नहीं दिया तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर छात्र अपनी मां के दुपट्टे का फंदा बनाकर लटका मिला।परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिल्ली ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया। आगे पुलिस मामले की जांच कर रही है। वही मृतक छात्र दो दिन पहले ही प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था।
छात्र के पिता , जो पेशे से किसान हैं, उन्होंने ने बताया कि घटना से पहले बेटे से सामान्य बातचीत हुई थी और किसी प्रकार की परेशानी का आभास नहीं हुआ। वहीं मां , जो , सिल्ली के एक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका हैं। घटना पर मां बताया कि मेरा बेटा पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी काफी सक्रिय था। दो दिन पहले ही वह विद्यालय की ओर से धनबाद में आयोजित एक प्रतियोगिता में भाग लेकर लौटा था।मेधावी और मिलनसार छात्र था ।मूल रूप से बंता दे कि मृतक छात्र पढ़ाई में हमेशा अच्छे अंक प्राप्त करता था। विद्यालय की लगभग हर खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता में उसकी सक्रिय भागीदारी रहती थी। उसके शांत, विनम्र और मिलनसार स्वभाव के कारण शिक्षक और सहपाठी उसे बेहद पसंद करते थे । वही छात्र की असामयिक मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। शिक्षकों, सहपाठियों और स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। हर पहलू से हो रही जांच मुरी ओपी प्रभारी विकास कुमार पासवान ने बताया कि छात्र द्वारा आत्महत्या का मामला अत्यंत संवेदनशील है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में मानसिक तनाव, पारिवारिक परिस्थितियां, पढ़ाई का दबाव, ऑनलाइन गतिविधियां , विद्यालय अथवा अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। छात्र मूल रूप से सिल्ली का निवासी था। उसकी असामयिक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे सिल्ली क्षेत्र में शोक का माहौल है।
रांची। नशीले मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रातू थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप के साथ तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 100 एमएल की 570 बोतल WINGS ONEREX CODINE COUGH SYRUP और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को गुप्त सूचना मिली थी कि रातू थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित हाजी चौक के आसपास कुछ लोगों द्वारा प्रतिबंधित कफ सिरप की ऊंचे दामों पर अवैध खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय)-II अजय आर्यन के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
सुनसान जगह पर चल रही थी डिलीवरी की तैयारी
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रातू थाना क्षेत्र के फुटकल टोली, बोस नगर स्थित केयरिंग हैंड्स हॉस्पिटल के पास एक सुनसान जगह पर छापेमारी की। पुलिस के मुताबिक, मौके पर तीन संदिग्ध व्यक्ति पांच कार्टून में रखे 100 एमएल के कुल 570 कफ सिरप की बोतलों के साथ डिलीवरी के लिए रुके हुए थे।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने रांची के अलग-अलग इलाकों में प्रतिबंधित कफ सिरप को ऊंचे दामों पर बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने बरामद कफ सिरप को विधिवत जब्त कर लिया है और आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वहाजुल अंसारी (32), पिता निजाम मियां, निवासी जिपुवा मुरपा, थाना बालूमाथ, जिला लातेहार; शहनवाज अंसारी (29), पिता सफीक अंसारी, निवासी हाजी चौक सिमलिया, थाना रातू, रांची; तथा नईम अंसारी (29), पिता स्वर्गीय फिरोज अंसारी, निवासी फुटकल टोली, सिमलिया, थाना रातू, रांची, स्थायी पता मेलाटांड़, थाना एवं जिला खूंटी के रूप में हुई है।
570 बोतल कफ सिरप और तीन मोबाइल जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने WINGS ONEREX CODINE COUGH SYRUP की 100 एमएल की 570 बोतलें तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में रातू थाना कांड संख्या 279/26, दिनांक 20 अगस्त 2026, धारा 317(5) बीएनएस एवं 21(C) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के कारण विशेष रूप से युवाओं पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव को देखते हुए ऐसे कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
कई पुलिस पदाधिकारी रहे छापेमारी टीम में शामिल
कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक अजय आर्यन के अलावा दलादली ओपी प्रभारी सत्य प्रकाश उपाध्याय, ठाकुर गांव थाना प्रभारी शुभम कुमार, पुंदाग टीओपी प्रभारी संजीव कुमार, संदीप राज, छोटु कुमार, विनित कुमार और महेश प्रसाद कुशवाहा सहित रातू थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
रांची। चुटिया थाना पुलिस ने प्रेस वार्ता कर जानकारी देते हुए बताया कि चुटिया थाना क्षेत्र के अमरावती कॉलोनी में मई 2026 में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए मुख्य आरोपी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर करीब 23 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, एक एक्सटेंशन लाइट तथा घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, अमरावती कॉलोनी निवासी प्रदीप कुमार के बंद मकान को 8-9 मई 2026 की रात अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया था। चोर दरवाजा एवं ताला तोड़कर घर में प्रवेश किए और सोना-चांदी के जेवरात, नकदी एवं अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। मामले में प्रदीप कुमार के लिखित आवेदन पर चुटिया थाना कांड संख्या 57/26, दिनांक 11 मई 2026, धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने एआई तकनीक की मदद से संदिग्धों की तस्वीर तैयार कर विभिन्न स्थानों पर उनकी पहचान एवं पूछताछ की। इसके बाद पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए निखिल नायक (करीब 20 वर्ष), पिता छोटू नायक, निवासी काइंडीगाड़ा पिस्का मोड़, मधुकम थाना सुखदेवनगर, रांची तथा सुशांत लोहरा (करीब 19 वर्ष), पिता श्रवण लोहरा, निवासी मुंडाटोली हेसल बस्ती, गोंदलपोखर थाना अनगड़ा, रांची को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर छापेमारी कर चोरी के सामान बरामद किए।
करीब 23 लाख के जेवरात बरामद
पुलिस के अनुसार, निखिल नायक के घर से करीब 142.210 ग्राम सोने के जेवरात, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये, तथा 493.300 ग्राम चांदी के जेवरात, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये है, बरामद किए गए। इसके अलावा एक सफेद रंग का एक्सटेंशन लाइट (टॉर्च) भी बरामद हुई है।
घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए लाल रंग का टी-शर्ट, काला रंग का टी-शर्ट एवं भूरे रंग का चेकदार शर्ट भी पुलिस ने बरामद किया है। इन कपड़ों का मिलान सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्धों के कपड़ों से किया गया।
निखिल नायक का लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपी निखिल नायक का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार उसके विरुद्ध अलग-अलग थानों में चोरी एवं अन्य आपराधिक धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं।
उसके खिलाफ दर्ज मामलों में—
- चुटिया थाना कांड संख्या 122/23, दिनांक 26.06.2023, धारा 341/323/325/34 भादवि।
- चुटिया थाना कांड संख्या 166/23, दिनांक 15.08.2023, धारा 394 भादवि।
- चुटिया थाना कांड संख्या 275/25, दिनांक 28.12.2025, धारा 303(2) बीएनएस।
- सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 191/23, धारा 380/411/457 भादवि।
- रातू थाना कांड संख्या 236/25, दिनांक 26.06.2025, धारा 303(2)/317(5)/3(5) बीएनएस।
- नगरी थाना (दलादली टीओपी) कांड संख्या 01/26, दिनांक 01.01.2026, धारा 317(5)/3(5) बीएनएस शामिल हैं।
छापामारी दल में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
पूरे मामले के उद्भेदन एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित छापामारी दल में चुटिया थाना प्रभारी पुनम कुजूर, पुलिस अवर निरीक्षक जितेन्द्र मिश्रा, भवेश कुमार, नीरज कुमार महतो एवं मुकेश कुमार कुशवाहा, सहायक अवर निरीक्षक ब्रजेश कुमार तिवारी तथा चुटिया थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
साहिबगंज । पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 8 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ ब्राउन शुगर (स्मैक) के साथ एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक बुलेट हंटर मोटरसाइकिल और वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, 16 अगस्त 2026 की शाम करीब 7:30 बजे नगर थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बुलेट हंटर मोटरसाइकिल नंबर JH18Q 4217 से राजमहल की ओर से अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर लेकर आ रहा है और जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के स्टेडियम की ओर जाने वाला है।
सूचना के आधार पर अंचलाधिकारी साहिबगंज, नगर थाना प्रभारी, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी तथा पुलिस पदाधिकारियों और सशस्त्र बल की टीम ने आजाद नगर पुलिस लाइन रोड स्थित विवाह भवन के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया।
इसी दौरान करीब 8:30 बजे एक बुलेट हंटर बाइक सवार व्यक्ति जिरवाबाड़ी से आजाद नगर की ओर तेजी से जाता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने भागने का प्रयास किया। छापेमारी दल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद खैनी के डिब्बे में छोटे-छोटे तीन एल्युमिनियम फॉयल में करीब 8 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ की विधिवत जब्ती सूची तैयार कर उसे जब्त कर लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान राजकुमार हरि (20 वर्ष), पिता कमल हरि, निवासी झरना कॉलोनी, संध्या कॉलेज के पास, थाना जिरवाबाड़ी, जिला साहिबगंज के रूप में हुई है।
इस मामले में जिरवाबाड़ी थाना कांड संख्या 157/26, दिनांक 16 अगस्त 2026 के तहत धारा 21(बी)/29 एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बरामद सामान
- करीब 8 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक)
- एक बुलेट हंटर मोटरसाइकिल
- वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन
छापेमारी दल
कार्रवाई का नेतृत्व अमित गुप्ता, थाना प्रभारी नगर थाना, साहिबगंज ने किया। टीम में शशि सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक सह थाना प्रभारी जिरवाबाड़ी थाना, पुलिस अवर निरीक्षक अजीत लाकड़ा, पुलिस अवर निरीक्षक आफताब अंसारी, पुलिस अवर निरीक्षक टिफिन रविदास, पुलिस अवर निरीक्षक उमर महाद, आरक्षी मंटू कुमार यादव, विनोद कुमार, कलीराम यादव और मुकेश झा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
रांची। पिठोरिया थाना क्षेत्र के कुरकुरिया इलाके में विद्युत तार चोरी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के चार बंडल विद्युत तार बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त टेंपो को भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पिठोरिया थाना कांड संख्या 84/26, दिनांक 16 अगस्त 2026, धारा 305(e) BNS के तहत मामले की जानकारी मिलने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी सतीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कुरकुरिया क्षेत्र में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान प्राथमिकी अभियुक्त कौसर अंसारी (32 वर्ष), पिता रियाजुद्दीन अंसारी, निवासी साहेर बस्ती, पत्ता नगड़ी, थाना नगड़ी, जिला रांची को चार बंडल विद्युत तार के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने मामले में प्रयुक्त टेंपो JH01CE4668 को भी विधिवत जब्त कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है तथा मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस ने बताया कि कौसर अंसारी के विरुद्ध पूर्व में भी मामले दर्ज हैं। इनमें नगड़ी थाना कांड संख्या 153/15 दिनांक 31 दिसंबर 2015, धारा 341/323/324/379/34 भादवि; नगड़ी थाना कांड संख्या 191/24 दिनांक 3 अक्टूबर 2024, धारा 109/115(2)/126(2)/351(2)/352 BNS तथा नगड़ी थाना कांड संख्या 184/25 दिनांक 18 नवंबर 2025, धारा 317(5)/3(5) BNS शामिल हैं।
जब्त सामान
- चार बंडल विद्युत तार
- घटना में प्रयुक्त टेंपो संख्या JH01CE4668
छापेमारी टीम
कार्रवाई में पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार, पु०अ०नि० सुनील कुमार दास, स०अ०नि० रमेश कुमार तथा पिठोरिया थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।
मुरी। सिल्ली-मुरी ऑन द स्पॉट 24 के संवाददाता देव सोनी उर्फ देबू पर मंगलवार को मुरी बस स्टैंड स्थित उनकी दवा दुकान में कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, राहुल देव बर्मन और उनकी पत्नी स्वीटी बर्मन पर आरोप है कि वे दवा दुकान में पहुंचे और धारदार हथियार से देव सोनी पर हमला किया। आरोप है कि हमलावरों ने उनके सिर को निशाना बनाकर वार किया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी और कट गया।
घटना के बाद मौके पर पहुंची स्थानीय प्रशासन की टीम ने घायल देव सोनी को उपचार के लिए सिंगपुर नर्सिंग होम पहुंचाया, जहां उनका इलाज कराया गया।
घटना के संबंध में मुरी ओपी में प्रारंभिक आवेदन दिया गया है। आवेदन के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस घटना के कारणों, हमले में शामिल लोगों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।