रांची। राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ छेड़खानी और अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर लालपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
रांची पुलिस द्वारा प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दिनांक 22 मई 2026 को करीब शाम 4 बजे करम टोली निवासी 23 वर्षीय युवती ने लालपुर थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया कि एक युवक ने उसके साथ छेड़खानी करते हुए अश्लील हरकत की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया तथा संबंधित वीडियो को जब्त कर लिया।
इस मामले में लालपुर थाना में कांड संख्या 101/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 74, 75, 76, 78, 137(2) एवं 61 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
जांच के दौरान आरोपी की पहचान विनय, पिता जयप्रकाश, मूल निवासी तेलंगा थाना खड़क, जिला भिवानी (हरियाणा) के रूप में हुई। आरोपी वर्तमान में सेना यूनिट-1 बटालियन राजपुताना राइफल्स, नामकुम रांची में तैनात बताया गया है।
लालपुर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया और 22 मई 2026 को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। इसके साथ ही पुलिस ने घटना की जानकारी यूनिट-1 बटालियन राजपुताना राइफल्स, नामकुम के कमांडिंग ऑफिसर को भी दे दी है।