सोनाहातु । रांची जिले के सोनाहातु थाना क्षेत्र के बारेन्दा पेट्रोल पंप के समक्ष मंगलवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान *बिरदीडीह निवासी राम सिंह मुंडा (उम्र 21 वर्ष)* के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार टाटा की ओर से आ रही कंपनी की एक तेज रफ्तार छोटा हाथी गाड़ी ने राम सिंह मुंडा की मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
हादसे के बाद चालक भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने बहादुरी दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और सोनाहातु थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
*108 एंबुलेंस नहीं पहुंची, निजी वाहन से ले जाना पड़ा अस्पताल*
घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को फोन किया, मगर एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। काफी इंतजार के बाद ग्रामीणों ने निजी वाहन से घायल को सोनाहातु स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रिम्स रेफर कर दिया। लेकिन रिम्स ले जाते समय रास्ते में ही, रिम्स के बाहर उसने दम तोड़ दिया।
मौत की खबर मिलते ही बिरदीडीह गांव में मातम पसर गया।
*ग्रामीणों में भारी नाराजगी*
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
वहीं इस घटना के बाद ग्रामीणों में 108 एंबुलेंस सेवा को लेकर भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि समय पर एंबुलेंस आ जाती तो शायद जान बच जाती।
ग्रामीणों ने प्रशासन से *बारेन्दा पेट्रोल पंप के पास जल्द ब्रेकर लगाने और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने* की मांग की है।