बोरियो। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बोरियो प्रखंड स्थित प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय में बालिकाओं के पोषण, स्वास्थ्य, सुरक्षा, शिक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार दास के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के संबंध में जानकारी दी गई।
जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी पूनम कुमारी ने छात्राओं को गुड टच-बैड टच, बाल विवाह, बाल श्रम, यौन शोषण से बचाव, पोक्सो अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम सहित विभिन्न विषयों की जानकारी दी। उन्होंने यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, सुरक्षित वातावरण, शिक्षा और आत्मरक्षा के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, स्पॉन्सरशिप, फोस्टर केयर, आफ्टर केयर, दत्तक ग्रहण, सखी वन स्टॉप सेंटर तथा आपातकालीन हेल्पलाइन के संबंध में भी छात्राओं को जानकारी दी गई। माहवारी स्वच्छता प्रबंधन के प्रति जागरूक करते हुए छात्राओं के बीच सेनेटरी पैड का वितरण किया गया। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशामुक्ति का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर ‘एक पौधा बेटी के नाम’ पहल के तहत पौधारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (C3) मो. खालिद, संरक्षण पदाधिकारी गैर-संस्थागत देखरेख चंदा कुमारी, अमित कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं।