साहिबगंज । उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, साहिबगंज के निर्देश पर शुक्रवार को सदर अस्पताल स्थित रक्त अधिकोष में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ लोगों को नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करना था।
शिविर में कुल 12 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया। रक्तदाताओं के इस प्रयास से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, डॉ. मोहन मुर्मू सहित भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, साहिबगंज शाखा के चंदेश्वर प्रसाद सिन्हा उर्फ बोदी सिन्हा, केशव तिवारी, मोहम्मद तूफैन अहमद, सुरेश निर्मल, आर.के. दास, गोपाल चोखानी, अनिल कुमार गुप्ता, विनय झा और हरेंद्र पासवान समेत अन्य सदस्य एवं सहयोगी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सदस्यों ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाकर रक्त की आवश्यकता वाले मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकता है।
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, साहिबगंज ने स्वस्थ एवं पात्र लोगों से आगे आकर स्वैच्छिक रक्तदान करने और “रक्तदान—जीवनदान” के मानवीय अभियान में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।