रांची | झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने बुधवार को रांची स्थित अपने आवासीय कार्यालय में PASWA (Public Schools and Children Welfare Association) के "One Student One Tree" अभियान के तहत पौधारोपण कर देशभर में 50 लाख वृक्षारोपण के महाअभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने ड्रग्स विरोधी जन-जागरूकता अभियान के पोस्टर का भी लोकार्पण किया।
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि कोरोना महामारी ने पर्यावरण के महत्व को सभी के सामने स्पष्ट कर दिया। उन्होंने बताया कि महागामा विधानसभा क्षेत्र में अब तक डेढ़ लाख से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, जबकि झारखंड की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने 2 करोड़ 75 लाख से अधिक पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि "पेड़ को बढ़ते हुए देखना अपने बच्चों को बढ़ते हुए देखने जैसा सुखद अनुभव है। आने वाली पीढ़ियों को हरा-भरा झारखंड देना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।"
मंत्री ने पासवा के "One Student One Tree" अभियान की सराहना करते हुए प्रत्येक छात्र से एक पौधा लगाने और प्रत्येक परिवार से उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में डीएवी नंदराज के प्राचार्य आर.पी. तिवारी, डीएवी बरियातू के प्राचार्य एस.के. मिश्रा, गुरुनानक पब्लिक स्कूल की प्राचार्या गुरमीत कौर, PASWA के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ सहदेव, शांतनु मिश्रा सहित संस्था के पदाधिकारी, स्वयंसेवक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रांची: रांची पुलिस ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया संस्थानों से अपील की है कि वे किसी भी आपराधिक मामले की जांच पूरी होने तक ऐसी संवेदनशील या अप्रमाणित जानकारी का प्रसारण या प्रकाशन न करें, जिससे पुलिस की कार्रवाई प्रभावित हो सकती है। पुलिस ने कहा कि समाज को जागरूक करने और सच्चाई सामने लाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मीडिया हमेशा से पुलिस का महत्वपूर्ण सहयोगी रहा है।
रांची पुलिस द्वारा जारी अपील में कहा गया है कि हाल के कुछ मामलों में यह संज्ञान में आया है कि कुछ मीडिया चैनलों और समाचार पत्रों द्वारा चल रही पुलिस जांच (Ongoing Investigation) से जुड़ी बारीक और संवेदनशील जानकारियां प्रसारित की जा रही हैं। इनमें पुलिस की आगामी कार्रवाई, संदिग्धों के नाम, छापेमारी के संभावित स्थान तथा जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों जैसी जानकारियां शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, इस प्रकार की सूचनाओं के सार्वजनिक होने से जांच की दिशा और गुणवत्ता गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती है। साथ ही अपराधियों और आरोपियों को सतर्क होने का अवसर मिल जाता है, जिससे वे फरार होने, साक्ष्य नष्ट करने या पुलिस कार्रवाई से बचने का प्रयास कर सकते हैं। इसके अलावा ऐसे मामलों में गवाहों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।
रांची पुलिस ने सभी मीडिया संस्थानों से आग्रह किया है कि किसी भी आपराधिक मामले की जांच पूरी होने तक ऐसी संवेदनशील जानकारियां साझा करने से बचें, जो पुलिस की कार्रवाई में बाधा उत्पन्न कर सकती हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि समय-समय पर आधिकारिक माध्यमों से प्रमाणित और तथ्यात्मक जानकारी मीडिया को उपलब्ध कराई जाती रहेगी।
रांची पुलिस ने अपने प्रेस रिलीज में कहा कि न्याय सुनिश्चित करने और अपराधियों को कानून के दायरे में लाने के इस साझा प्रयास में मीडिया का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। पुलिस ने उम्मीद जताई कि सभी मीडिया संस्थान जिम्मेदार पत्रकारिता का परिचय देते हुए जांच की गोपनीयता बनाए रखने में सहयोग करेंगे।
मालदा। देशभर में आधुनिक, सुगम एवं यात्री-केंद्रित रेलवे स्टेशनों के विकास के प्रति भारतीय रेल की प्रतिबद्धता को साकार करते हुए, पूर्व रेलवे के मालदा मंडल के अंतर्गत स्थित शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना (ABSS) के तहत व्यापक पुनर्विकास किया गया है। पुनर्विकसित स्टेशन आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ-साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को भी समाहित करता है तथा सुरक्षित, सुविधाजनक एवं आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मालदा मंडल के साहिबगंज–भागलपुर रेलखंड पर स्थित एनएसजी-5 श्रेणी का शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन, बिहार के भागलपुर जिले के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण रेल संपर्क केंद्र है। राष्ट्रीय राजमार्ग-80 के निकट स्थित यह स्टेशन प्रतिदिन हजारों यात्रियों, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों एवं व्यवसायियों को महत्वपूर्ण रेल संपर्क उपलब्ध कराता है। यह क्षेत्र अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत तथा "भारत की सिल्क सिटी" के नाम से प्रसिद्ध भागलपुर की निकटता के लिए जाना जाता है, जो अपनी सदियों पुरानी रेशम बुनाई की परंपरा के लिए विश्वविख्यात है। पुनर्विकसित स्टेशन से यात्रियों की सुविधाओं में वृद्धि होगी, क्षेत्रीय आवागमन को गति मिलेगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार एवं रोजगार तक लोगों की पहुँच और अधिक सुगम होगी।
विकसित भारत के भारतीय रेल के दृष्टिकोण के अनुरूप, *शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के प्रथम चरण के अंतर्गत ₹17.94 करोड़ की स्वीकृत लागत से पुनर्विकसित किया गया है।* इस परियोजना का उद्देश्य यात्री सुविधाओं का विस्तार, सुगम पहुँच सुनिश्चित करना, सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करना तथा स्टेशन परिसर को आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करना है, साथ ही क्षेत्र की स्थानीय पहचान एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है। स्टेशन की वास्तुकला को भागलपुर क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के अनुरूप विकसित किया गया है, जिससे यह आधुनिक यात्री सुविधाओं और स्थानीय परंपरा का उत्कृष्ट संगम प्रस्तुत करता है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन पर किए गए प्रमुख विकास कार्य:
• स्टेशन भवन का आधुनिक अग्रभाग (फसाड), कॉन्कोर्स एवं बुकिंग काउंटरों का उन्नयन।
• प्रतीक्षालय, रिजर्व लाउंज एवं शौचालयों का आधुनिकीकरण।
• नए सर्कुलेटिंग एरिया एवं पार्किंग क्षेत्र का विकास।
• यात्रियों के सहज मार्गदर्शन हेतु आधुनिक एवं उन्नत संकेतक (साइनेज) की व्यवस्था।
• स्टेशन भवन एवं सर्कुलेटिंग क्षेत्र में बेहतर प्रकाश व्यवस्था।
• यात्रियों की सुविधा हेतु 02 यात्री लिफ्टों की व्यवस्था।
• दिव्यांगजनों के लिए बाधारहित (Barrier-Free) सुविधाओं का विकास।
• स्थानीय संस्कृति एवं क्षेत्रीय पहचान को प्रतिबिंबित करने वाले वास्तुशिल्पीय सुधार।
शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन अब आधुनिक अवसंरचना एवं उन्नत सुविधाओं के साथ यात्रियों को अधिक सुरक्षित, आरामदायक एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए पूरी तरह तैयार है। इन सुविधाओं से यात्रियों को बेहतर आराम, सहज आवागमन तथा उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएँ उपलब्ध होंगी, जिससे क्षेत्र की बढ़ती परिवहन आवश्यकताओं की प्रभावी पूर्ति हो सकेगी।
यात्री सुविधाओं के अतिरिक्त, इस पुनर्विकास से क्षेत्र की सामाजिक एवं आर्थिक प्रगति को भी नई गति मिलने की अपेक्षा है। बेहतर रेल संपर्क के माध्यम से स्थानीय व्यापार, कृषि गतिविधियों तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच और अधिक सुदृढ़ होगी। साथ ही यह आधुनिक स्टेशन क्षेत्र के निवासियों एवं आगंतुकों के लिए एक आकर्षक एवं स्वागतयोग्य प्रवेश द्वार के रूप में सतत क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा देगा।
रेल विभाग के मालदा रेल मंडल ने बताया, अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेल की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को आधुनिक यात्री सुविधाओं से युक्त, टिकाऊ, भविष्य उन्मुख एवं जीवंत परिवहन केंद्रों के रूप में विकसित करना है, साथ ही उनकी स्थानीय विरासत एवं वास्तुशिल्पीय पहचान को भी संरक्षित रखना है। शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास यात्रियों को विश्वस्तरीय रेल अवसंरचना, सुरक्षित, स्मार्ट एवं आरामदायक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में पूर्व रेलवे की निरंतर प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
रांची । राजधानी रांची में कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) ने मंगलवार देर रात शहर के विभिन्न थानों, रात्रि गश्ती दलों, पीसीआर वैन और महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ एसपी सिटी भी मौजूद रहे। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस की आपातकालीन तैयारियों, अनुशासन, सतर्कता और आम जनता के प्रति पुलिस की उपलब्धता का आकलन करना था।
रात्रि भ्रमण के दौरान एसएसपी ने कई थानों का निरीक्षण किया और वहां ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं जवानों की कार्यशैली का जायजा लिया। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि रात के समय पुलिस बल पूरी तरह सक्रिय रहे और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हो।
महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रतिष्ठानों की भी हुई जांच
निरीक्षण के दौरान शहर के संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर तैनात सुरक्षा गार्डों की भी गहन जांच की गई। एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था, ड्यूटी पर मौजूद जवानों की सतर्कता तथा सुरक्षा मानकों का निरीक्षण करते हुए स्पष्ट किया कि शहर की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हिंदपीढ़ी थाना में मिली बड़ी लापरवाही
निरीक्षण के दौरान हिंदपीढ़ी थाना में अनुशासनहीनता सामने आई। ओडी (ऑफिसर ऑन ड्यूटी) पर तैनात अधिकारी वर्दी में मौजूद नहीं थे। इतना ही नहीं, थाना प्रभारी अपने ही ओडी अधिकारी का नाम तक नहीं बता सके। इस गंभीर लापरवाही को एसएसपी ने बेहद गंभीरता से लेते हुए हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस (Show Cause Notice) जारी करने का निर्देश दिया।
PCR वैन की सक्रियता भी परखी गई
एसएसपी ने शहर के विभिन्न इलाकों में तैनात पीसीआर वैन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जवानों की उपस्थिति, वाहन की स्थिति, वायरलेस संचार व्यवस्था और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता की जांच की। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी सूचना पर बिना विलंब कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुस्तैद पुलिसकर्मियों की हुई सराहना
जहां एक ओर लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की गई, वहीं दूसरी ओर पूरी ईमानदारी, अनुशासन और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाने वाले पुलिसकर्मियों की एसएसपी ने खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मी पूरे पुलिस विभाग के लिए प्रेरणा हैं।
एसएसपी का सख्त संदेश
निरीक्षण के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों, पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे हर समय पूरी तरह अलर्ट रहें। आम नागरिकों की हरसंभव सहायता करें और रात के समय कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, हुड़दंग करने या असामाजिक गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई करें।
उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी जनता की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखना है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी अधिकारियों एवं कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रांची । झारखंड के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ नेता मन्नान मल्लिक के निधन पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं उनकी धर्मपत्नी विधायक कल्पना सोरेन मंगलवार को झारखंड विधानसभा पहुंचे और दिवंगत मन्नान मल्लिक के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की कामना की।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि मन्नान मल्लिक लंबे समय तक जनसेवा और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे। उन्होंने झारखंड खासकर धनबाद की जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य किया। उनके निधन से राज्य ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि और सामाजिक सरोकारों से जुड़े नेता को खो दिया है।
उन्होंने कहा कि मन्नान मल्लिक का निधन अपूरणीय क्षति है और उनकी कमी हमेशा महसूस होगी।
परिजनों से मुलाकात कर जताई संवेदना
श्रद्धांजलि देने के बाद मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने दिवंगत नेता के शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।
गौरतलब है कि पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। मंगलवार सुबह रांची के एक निजी अस्पताल में उनका निधन हो गया।
मालदा। आगामी श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। पूर्व रेलवे के मालदा मंडल की ओर से दानापुर और साहिबगंज के बीच श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जाएगा।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 03236/03235 दानापुर–साहिबगंज–दानापुर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन प्रत्येक रविवार को चलेगी। यह स्पेशल ट्रेन 02 अगस्त 2026 से 30 अगस्त 2026 तक कुल 5 फेरे लगाएगी।
यह ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग, समय और ठहराव के अनुसार चलेगी। इसका परिचालन 13236/13235 दानापुर–साहिबगंज–दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के समय और मार्ग के आधार पर किया जाएगा।
मालदा मंडल क्षेत्र में यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी। इनमें मिर्जा चौकी, शिवनारायणपुर, पीरपैंती, कहलगांव, एकचारी, घोघा, भागलपुर, अकबरनगर, सुल्तानगंज, बरियारपुर, जमालपुर, धरहरा, अभयपुर और कजरा स्टेशन शामिल हैं।
रेलवे विभाग के अनुसार श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा धाम एवं अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा करते हैं। यात्रियों की सुविधा, सुगम आवागमन और अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से यह विशेष ट्रेन सेवा शुरू की जा रही है।
रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड मुख्यालय में दिनांक 13 जुलाई, 2026 को द्वि-दिवसीय अंतर-विभागीय शतरंज एवं कैरम प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ मुख्य अतिथि संजय कुमार सिंह, मुख्य प्रबंधक (वित्त) द्वारा किया गया। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने आदिल हुसैन, प्रबंधक (खेल) के साथ शतरंज की पहली चाल चलकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में संजय कुमार सिंह ने कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का माध्यम ही नहीं हैं, बल्कि टीम भावना, अनुशासन, एकाग्रता तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने कहा कि कार्य की व्यस्तता के बीच इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं कर्मचारियों में मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा तथा कार्यक्षमता का संचार करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता के प्रथम दिन शतरंज प्रतियोगिता का संचालन श्री आर.आर. सिंह के नेतृत्व में तथा कैरम प्रतियोगिता का संचालन शशि भूषण मंडल के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में शतरंज के 33 एवं कैरम के 69 प्रतिभागियों सहित कुल 102 कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता के दौरान दोनों खेलों में प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट कौशल और खेल भावना का परिचय दिया। कैरम एकल मुकाबलों में अमित जुनैद अख्तर, शशि भूषण मंडल, मनोहर कर्माली, संदीप कुमार एवं प्रभात दयाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबले जीते। वहीं, शतरंज प्रतियोगिता में राजकुमार सिंह, दीपक श्रीवास्तव, रोहित, रामजी उरांव तथा श्री आर.आर. सिंह ने अपनी रणनीतिक सोच और बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए अगले दौर में स्थान बनाया।
इस द्वि-दिवसीय अंतर-विभागीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी 'सीसीएल अंतर-क्षेत्रीय शतरंज एवं कैरम प्रतियोगिता 2026-27' में सीसीएल मुख्यालय टीम का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया जाएगा। प्रतियोगिता का समापन एवं फाइनल मुकाबले 14 जुलाई, 2026 को आयोजित किए जाएंगे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सीसीएल कल्याण विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
साहिबगंज। जिले में नागरिकों की सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से 15 जुलाई 2026 (बुधवार) को सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। यह अभ्यास भारत सरकार के गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत किया जा रहा है।
जिला प्रशासन के अनुसार, यह मॉक ड्रिल शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक आयोजित होगी। इसका मुख्य उद्देश्य हवाई हमले अथवा किसी बड़ी आपदा की स्थिति में नागरिकों की तत्परता, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक प्रतिक्रिया की क्षमता को परखना है।
मॉक ड्रिल के दौरान कई महत्वपूर्ण गतिविधियों का अभ्यास किया जाएगा। इसमें आपातकालीन चेतावनी के लिए सायरन बजाना, ब्लैकआउट अभ्यास, नागरिकों की सुरक्षित निकासी प्रक्रिया, आपदा बचाव कार्यों का डेमो प्रदर्शन और राहत-बचाव व्यवस्था का परीक्षण शामिल है।
इस अभ्यास में जिला पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस एवं स्वयंसेवी संगठन सक्रिय रूप से भाग लेंगे। इसके अलावा पूरे अभ्यास की निगरानी के लिए शैडो कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जहां से रियल टाइम मॉनिटरिंग और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
प्रशासन ने बताया कि ब्लैकआउट अभ्यास के दौरान ड्रोन से निगरानी भी की जाएगी। पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कर उसका विश्लेषण किया जाएगा, ताकि भविष्य के लिए जिले की सिविल डिफेंस योजना को और बेहतर बनाया जा सके।
इन स्थानों पर होगा मॉक ड्रिल
- प्रखंड कार्यालय – शाम 4:00 बजे
- संध्या कॉलेज – शाम 4:00 बजे
- साहिबगंज रेलवे स्टेशन – रात 8:00 बजे
प्रशासन की नागरिकों से अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सायरन की आवाज सुनकर घबराएं नहीं, क्योंकि यह केवल एक अभ्यास होगा। नागरिक अपने घरों की बिजली बंद रखें, कृत्रिम प्रकाश का उपयोग न करें और सुरक्षित स्थानों की जानकारी पहले से रखें।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और केवल सरकारी माध्यमों से जारी सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि जनभागीदारी से ही यह मॉक ड्रिल सफल हो सकेगा।
जिला प्रशासन, साहिबगंज ने कहा है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह के अभ्यास से आपदा के समय बेहतर तैयारी सुनिश्चित की जा सकेगी।
साहेबगंज। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विद्यार्थी सप्ताह का रविवार को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, साहिबगंज में भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। सप्ताहभर नगर के विभिन्न विद्यालयों में भाषण, चित्रकला, वाद-विवाद, संगीत तथा कला एवं शिल्प (आर्ट्स एंड क्राफ्ट) प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन समारोह में प्रतिभागियों को सम्मानित करने के साथ-साथ प्रतिभा सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें 150 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, साहिबगंज विभाग के विभाग प्रचारक श्री अजय जी एवं अभाविप के पूर्व राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य व राजमहल विधानसभा क्षेत्र के निवर्तमान विधायक श्री अनंत कुमार ओझा जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं अभाविप के प्रदेश छात्रा सह प्रमुख सुश्री निधि सिंह,विभाग संयोजक श्री संजय दत्ता एवं जिला प्रमुख प्रो. चंद्रशेखर परमानिक की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर मंत्री श्री चंदन कुमार गुप्ता ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं परिषद गीत के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया गया।
मुख्य अतिथि श्री अजय जी ने अपने संबोधन में कहा कि “विद्यार्थी जीवन केवल परीक्षा में सफलता प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह चरित्र निर्माण, अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभाव विकसित करने का सबसे महत्वपूर्ण समय है। आज भारत को ऐसे युवाओं की आवश्यकता है जो ज्ञान के साथ संस्कार, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व का भी परिचय दें। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद वर्षों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। विद्यार्थी सप्ताह जैसे आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करते हैं। हमें ऐसे युवाओं का निर्माण करना है जो अपने व्यक्तिगत विकास के साथ समाज और राष्ट्र के विकास में भी सक्रिय भूमिका निभाएँ।”
मुख्य अतिथि श्री अनंत कुमार ओझा ने कहा कि “अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जिसने अपने 78 वर्षों के गौरवशाली इतिहास में छात्रहित, शिक्षा सुधार, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। परिषद केवल छात्र समस्याओं के समाधान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व निर्माण और राष्ट्र के प्रति दायित्वबोध विकसित करने का कार्य भी करती है। विद्यार्थी सप्ताह जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें उचित मंच प्रदान करने का सशक्त माध्यम हैं। आज सम्मानित हो रहे विद्यार्थी आने वाले समय में समाज और राष्ट्र का नेतृत्व करेंगे।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नगर मंत्री श्री चंदन कुमार गुप्ता ने कहा कि “विद्यार्थी सप्ताह के अंतर्गत नगर के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं को विद्यार्थियों का अभूतपूर्व सहयोग और उत्साह प्राप्त हुआ। परिषद का उद्देश्य विद्यार्थियों में ‘ज्ञान, शील और एकता’ के आदर्शों को विकसित करते हुए उनकी छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। भविष्य में भी परिषद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम निरंतर आयोजित करती रहेगी।”
समारोह के दौरान प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रतिभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले 150 से अधिक छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक श्री इंद्रोजीत साह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अविनाश साह, विभाग छात्रा प्रमुख लक्ष्मी कुमारी, जिला कार्यालय मंत्री अंकुश कुमार, नगर उपाध्यक्ष विवेक कुमार, पूर्णब कुमार, अनमोल कुमार, निखिल राज, बादल कुमार,पीयूष कुमार, सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक, विद्यार्थी एवं परिषद के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
समारोह का समापन वंदे मातरम्, भारत माता की जय एवं परिषद के उद्घोष के साथ हुआ।
शेखपुरा।भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बार फिर शेखपुरा में बिगुल बज गया है.चर्चित सामाजिक कार्यकर्ता सह आरटीआई एक्टिविस्ट सैयद अरशद नसर ने शेखपुरा अंचल अधिकारी शंभू कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया है.आरोप है कि सीओ ने भू-माफियाओं से "मोटी रकम" लेकर एक खारिज होने वाले म्यूटेशन केस को असंवैधानिक तरीके से पास कर दिया.रविवार को बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश और जमुई सांसद अरुण भारती के शेखपुरा आगमन पर अरशद नसर ने उन्हें लिखित ज्ञापन सौंप कर सीओ शंभू कुमार के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की साथ ही अरशद ने स्थानीय जद यू विधायक रणधीर कुमार सोनी को भी आवेदन दिया.इससे पहले शनिवार को जिला पदाधिकारी शेखर आनंद और सिविल एसडीओ प्रियंका कुमारी को भी ज्ञापन देकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की जा चुकी है.ज्ञापन में अरशद ने सीधे आरोप लगाया कि सीओ शंभू कुमार ने भू-माफिया मुकुल महतो और सुबोध महतो से मोटी रकम लेकर म्यूटेशन वाद संख्या-926/2026-2027 को खारिज करने के बजाय नियम-कानून को ताक पर रखकर अवैध स्वीकृति दे दी.अरशद ने कहा यह सिर्फ एक फाइल का मामला नहीं है.यह आम जनता की जमीन, कानून का मजाक और प्रशासनिक तंत्र में बैठे भ्रष्टाचारियों की नग्न तस्वीर है.अरशद ने ऐलान किया कि जब तक सीओ शंभू कुमार के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होती,उनका अभियान रुकेगा नहीं.उन्होंने कहा कि अब वो पटना जाकर मुख्यमंत्री, विभागीय मंत्री,विभागीय सचिव सहित सभी बड़े अधिकारियों को आवेदन देकर शंभू कुमार को सरकारी सेवा से बर्खास्त करने की मांग करेंगे.अरशद की इस बेबाक पहल के बाद जिले में हड़कंप मच गया है.एक तरफ भ्रष्ट पुलिस-प्रशासनिक पदाधिकारियों और भू-माफियाओं में खलबली है, तो दूसरी तरफ आम जनता और सामाजिक कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है.लोगों का कहना है कि आखिर किसी ने तो भ्रष्ट तंत्र के खिलाफ आवाज उठाई.फिलहाल जिला प्रशासन की तरफ से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.