रांची। वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन द्वारा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं पुलिस उपाधीक्षक, बेड़ो की उपस्थिति में इटकी, बेड़ो, नरकोपी एवं लापुंग थाना का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना सिरिस्ता में संधारित पंजी, कार्यालयीन कार्यों की अद्यतन स्थिति, साफ-सफाई, मालखाना के रख-रखाव तथा लंबित कांडों की विस्तृत समीक्षा की गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा थानों की कार्यप्रणाली का गहन अवलोकन करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, अभिलेखों के संधारण में पारदर्शिता एवं अनुशासन बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही, थानों में उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग एवं बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में सभी थाना प्रभारी एवं थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी/कर्मियों को निम्नलिखित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए—
1. अपराध नियंत्रण
क्षेत्र में अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। असामाजिक तत्वों एवं अपराधियों के विरुद्ध सख्त एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने, नियमित गश्ती बढ़ाने तथा अपराध की रोकथाम हेतु प्रभावी रणनीति अपनाने का निर्देश दिया गया।
2. सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ीकरण
थानों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए। सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच, उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित करने तथा अन्य सुरक्षा उपकरणों के उचित रख-रखाव पर विशेष जोर दिया गया।
3. जनता के साथ बेहतर समन्वय
जनता के साथ पुलिस के संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने पर बल दिया गया। आम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने, त्वरित एवं निष्पक्ष निवारण करने तथा जन-सहयोग से पुलिसिंग को बढ़ावा देने का निर्देश दिया गया।
4. मालखाना की जांच
मालखाना का नियमित निरीक्षण करने, उसमें रखे गए सामानों की संख्या, गुणवत्ता एवं अभिलेखों का मिलान सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।
5. थाना परिसर का रख-रखाव एवं स्वच्छता
थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालयीन कक्षों एवं अभिलेखागार के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया, जिससे आमजन को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
6. अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा
पुलिस कर्मियों में अनुशासन, समयबद्धता एवं कर्तव्यनिष्ठा बनाए रखने, वर्दी एवं आचरण में शालीनता रखने तथा विभागीय नियमों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण के अंत में स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना, जनता का विश्वास अर्जित करना तथा अपराध-मुक्त समाज की दिशा में प्रभावी कार्य करना है। सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे दिए गए दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें।