हाथी के हमले में वृद्ध की मौत, गांव में दहशत
सोनाहातू: थाना क्षेत्र के जिंतू पंचायत अंतर्गत महकमशिला गांव में रविवार शाम करीब 6 बजे हाथी के हमले में 67 वर्षीय सूर्यनाथ महतो की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
परिजनों के अनुसार सूर्यनाथ महतो शाम के समय गांव के तालाब के पास शौच के लिए गए थे। लौटने के दौरान अचानक उनका सामना हाथी से हो गया। इसी दौरान हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने वन विभाग से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने के साथ-साथ हाथियों के झुंड को गांव से दूर भगाने की मांग की है। वहीं, वृद्ध की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हाथियों की आवाजाही से जान-माल का खतरा बना हुआ है, लेकिन अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है।