रांची । बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों को राहत देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार के निर्देश पर रांची जिले के सभी स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है।
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त ने आदेश जारी करते हुए बताया कि अब सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त, गैर सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) एवं निजी विद्यालयों में नई समय सारणी लागू होगी।
नई समय सारणी इस प्रकार होगी:
- ???? KG से कक्षा 8 तक: सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक
- ???? कक्षा 9 से 12 तक: सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक
यह आदेश 21 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा।
शिक्षकों के लिए भी निर्देश
सभी सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों को सुबह 7:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा।
गर्मी से राहत के लिए कदम
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार द्वारा यह निर्णय बढ़ती गर्मी और बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि छात्रों को तेज धूप और लू से बचाया जा सके।
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ सोमवार को दीनदयाल नगर, बूटी रोड स्थित आईएएस क्लब पहुंचे।
यहां मुख्यमंत्री ने पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के उपायुक्त राजीव रंजन की सुपुत्री ऋचा के वैवाहिक समारोह में शिरकत की।
नवदंपति को दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दाम्पत्य जीवन की कामना की। साथ ही उन्होंने उपायुक्त राजीव रंजन एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें इस शुभ अवसर पर हार्दिक बधाई दी और अपनी खुशी जाहिर की।
आत्मीय माहौल में हुई मुलाकात
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री और विधायक कल्पना सोरेन ने परिवारजनों एवं अन्य उपस्थित लोगों से आत्मीयता के साथ बातचीत की और खुशी के इस अवसर को साझा किया।
चाईबासा: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से स्वास्थ्य विभाग की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। सदर अस्पताल में थैलेसीमिया से पीड़ित पांच बच्चों को एचआईवी संक्रमित रक्त चढ़ाने के मामले में पुलिस ने आरोपी लैब टेक्नीशियन मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई झारखंड हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी और निर्देश के बाद की गई।
बताया जाता है कि 17 अक्टूबर 2025 को सदर अस्पताल में भर्ती पांच बच्चों को रक्त चढ़ाया गया था। बाद में जांच में खुलासा हुआ कि यह रक्त एचआईवी संक्रमित था। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे राज्य में हड़कंप मच गया और स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद सदर थाना में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। लंबे समय तक फरार रहने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रक्त जांच और स्क्रीनिंग की अनिवार्य प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण यह गंभीर चूक हुई। इस घटना को लेकर स्वास्थ्य विभाग पर दबाव बढ़ गया है, वहीं राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रांची। नवाचार और उद्यमिता की दिशा में JSLPS ने महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है । अब उद्यमिता के क्षेत्र में सफलता की बारीकियों को झारखंड सखी मंडल से जुड़ी महिलाएं IIMCIP कोलकाता की मदद से समझेंगी . झारखंड के ग्रामीण अर्थ व्यवस्था में महिला उद्यमियों को दक्षता प्रदान करने के उद्देश्य से JSLPS ने IIMCIP कोलकाता के साथ MOU किया है । ये एक त्रिवर्षीय योजना के तहत काम करेगा । इस MOU के माध्यम से IIMCIP कोलकाता के द्वारा इनक्यूबेटर की भूमिका निभाते हुए राज्य के सभी 24 जिलों के 264 प्रखण्डों में सखी मंडल से जुड़ी उद्यमी महिलाएं प्रतिस्पर्धा के इस दौर में अपने उद्यम को बाजार की मांग के अनुरूप तैयार करने की जानकारी हासिल करेंगी । योजना के पहले चरण में लगभग 50 हजार ग्रामीण महिला उद्यमियों का आंकड़ा तैयार किया जाएगा । इनमे से सर्वश्रेष्ठ 500 महिला उद्यमियों का चयन कर समग्र उद्यम एवं व्यापार प्रबन्धन के गुर सिखाए जायेंगे । इसके साथ ही महिला उद्यमियों का सालाना टर्न ओवर कैसे करोड़ रुपए का हो , इसके लिए उच्च स्तरीय तकनीकी प्रबन्धन विधा से प्रशिक्षित किया जायेगा । योजना के अंतर्गत सुयोग्य 150 ग्रामीण महिला उद्यमियों को इनक्यूबेशन तकनीक के द्वारा एक करोड़ वार्षिक टर्न ओवर वाले उद्यम बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है । इसके लिए JSLPS के पदाधिकारियों तथा नॉन फार्म के सामुदायिक कैडर CRP-EP को इनक्यूबेटर स्किल में दक्ष किया जायेगा । योजना अवधि पूर्ण होने के बाद भी राज्य की ग्रामीण महिला उद्यमियों को इनक्यूबेशन इकोसिस्टम की सेवा मिलती रहे, इसके लिए IIMCIP के द्वारा राज्य के प्रत्येक प्रमंडलों में एक स्थानीय इनक्यूबेटर को विकसित किया जायेगा । ये सेवा महिलाओं को बिल्कुल निः शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी । योजना के अंतर्गत उद्यमी दिदियों के लिए इक्विटी फंड, चैलेंज फंड, सॉफ्ट लोन के मद में 5 करोड़ की राशि का प्रावधान किया गया है। ये MOU JSLPS के सी ओ ओ विष्णु परिदा और IIMCIP कोलकाता के CEO डा. विवेक कुमार रॉय के बीच हस्ताक्षर से पूर्ण हुआ । मौके पर डॉ गौरव कपूर , नितिश कुमार सिन्हा, तुमुल् तरण, धीरज पांडेय एवं निशांत देव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे ।
तीनपहाड़ (राजमहल, साहिबगंज): साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी में बीती देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में दर्जनों दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस अग्निकांड में दुकानदारों को लाखों रुपये की क्षति हुई है।
रात 3 बजे भड़की आग, मच गया हड़कंप
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना रात करीब 3 बजे की है। जब पूरा इलाका गहरी नींद में था, तभी अचानक मंडी की एक दुकान से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में पूरा बाजार धू-धू कर जलने लगा।
दमकल पहुंची, लेकिन तब तक हो चुका था भारी नुकसान
घटना की सूचना मिलते ही तीनपहाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल की गाड़ियाँ मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटीं, लेकिन तब तक अधिकांश दुकानें और उनमें रखा सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुका था।
दुकानदारों पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे ने कई छोटे और गरीब दुकानदारों को बर्बाद कर दिया है। अपनी जीवन भर की पूंजी को राख होते देख दुकानदारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एक पीड़ित दुकानदार ने कहा, "हमारी सारी कमाई इन दुकानों में लगी थी। अब परिवार चलाने का कोई साधन नहीं बचा है। सरकार से मुआवजे की मांग करते हैं।"
प्रशासन से मुआवजे की मांग
प्रभावित दुकानदारों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द आर्थिक सहायता और पुनर्वास की मांग की है, ताकि वे दोबारा अपना व्यवसाय शुरू कर सकें।
जांच में जुटी पुलिस, कारण अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या किसी चिंगारी की जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा।
साहेबगंज । झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर आज समाहरणालय सभागार, में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दीपक कुमार दुबे की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक की गई।
बैठक के दौरान परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। झारखंड लोक सेवा आयोग, रांची के निर्देशानुसार यह परीक्षा दिनांक 19 अप्रैल, 2026 (रविवार) को जिले के कुल 13 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उपायुक्त श्री दुबे ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक निर्धारित है। दोनों ही पालियों में वस्तुनिष्ठ (ऑब्जेक्टिव) प्रश्न पत्र होंगे, जिनकी अवधि 2-2 घंटे की होगी।
बैठक में उपायुक्त ने सभी प्रतिनियुक्ति दंडाधिकारी को निर्देश दिया कि वे परीक्षा से पूर्व सभी व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन एवं पूर्वाभ्यास सुनिश्चित करें। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैठने की उचित व्यवस्था तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अतिरिक्त प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 144 का सख्ती से अनुपालन किया जाए तथा अनावश्यक भीड़-भाड़ पर पूर्ण नियंत्रण रखा जाए। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या कदाचार की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिला प्रशासन द्वारा सभी अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम एक घंटे पूर्व पहुंचें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके। सभी अभ्यर्थियों को अपने साथ प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) एवं एक वैध फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। बिना प्रवेश पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक संजय कुमार दास, अपर समाहर्त्ता गौतम कुमार भगत, जिला स्तरीय सभी पदाधिकारी एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी उपस्थित थे।
सोनाहातु (राँची): पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर राँची जिले के पश्चिम बंगाल से सटे सीमावर्ती इलाकों में अवैध शराब के खिलाफ व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया।
गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए इस अभियान के तहत सारेंगडीह, बरुआडीह, बीरदीडीह नदी किनारे समेत कई संवेदनशील स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान अवैध चुलाई शराब बनाने वाली कई भट्टियों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया।
छापेमारी के दौरान प्रशासन ने बड़ी मात्रा में कार्रवाई करते हुए करीब 2850 किलोग्राम फर्मेंटेड जावा महुआ को नष्ट किया, जबकि लगभग 85 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई।
हालांकि, इस अवैध कारोबार से जुड़े भट्ठी संचालक मौके से फरार होने में सफल रहे। प्रशासन द्वारा उनके खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव अवधि के दौरान अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर कड़ी नजर रखी जा रही है और इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।
साहेबगंज। समाहरणालय सभागार में राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद सह जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (DISHA) के अध्यक्ष विजय कुमार हांसदा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना, उनके क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं की पहचान करना तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करना था।
बैठक में जिले के विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर पर राजमहल विधायक मो0 ताजुद्दीन, बोरियो विधायक धनंजय सोरेन, पाकुड़ विधायक निसार आलम, जिला परिषद अध्यक्षा मोनिका किस्कु, जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त हेमंत सती, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग, उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास, अपर समाहर्ता गौतम भगत सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, DISHA समिति के सदस्य एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा क्षेत्रीय समस्याओं को विस्तारपूर्वक रखा गया तथा उनके समाधान हेतु आवश्यक सुझाव दिए गए। राजमहल विधायक द्वारा अनुमंडल अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा के अभाव का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। उन्होंने बताया कि चिकित्सक के अभाव में आमजनों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर माननीय सांसद द्वारा DMFT मद से चिकित्सक की नियुक्ति करने का निर्देश दिया गया।
वहीं बरहेट विधायक प्रतिनिधि द्वारा यह मुद्दा उठाया गया कि जिले में नियुक्त चिकित्सक कुछ ही महीनों में त्यागपत्र देकर चले जाते हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होती हैं। इस पर सुझाव दिया गया कि चिकित्सकों की नियुक्ति में कम से कम दो वर्षों का अनिवार्य सेवा अनुबंध (एग्रीमेंट) लागू किया जाए, ताकि स्थायित्व सुनिश्चित हो सके।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि राजमहल अनुमंडल अस्पताल में आगामी 20 अप्रैल तक अनिवार्य रूप से अल्ट्रासाउंड सेवा एवं बेड साइड ऑक्सीजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पाकुड़ विधायक द्वारा अपने क्षेत्र में अल्ट्रासाउंड एवं महिला चिकित्सकों की अनुपलब्धता का मुद्दा उठाया गया। उन्होंने कहा कि इससे विशेष रूप से महिला मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस पर माननीय सांसद ने राज्य स्वास्थ्य विभाग को पत्राचार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत सोलर पंपों की मरम्मत को लेकर भी चर्चा की गई। माननीय सांसद ने बताया कि पूर्व में दिए गए निर्देश के अनुपालन में जिले में तीन मरम्मती केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने निर्देश दिया कि सभी क्षेत्रों में खराब पड़े चापाकल, बोरिंग एवं जलमीनार का सर्वे कर रिपोर्ट तैयार की जाए, ताकि उनकी शीघ्र मरम्मत कराई जा सके और पेयजल आपूर्ति सुचारू हो सके।
जरेडा (JREDA) द्वारा स्थापित सोलर लाइटों के खराब होने का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। राजमहल विधायक ने जानकारी दी कि जिले में बड़ी संख्या में सोलर लाइट खराब पड़ी हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में अंधेरा छाया रहता है। इस पर संबंधित विभाग को सभी खराब सोलर लाइटों की मरम्मत शीघ्र कराने का निर्देश दिया गया।
पाकुड़ विधायक द्वारा कोटालपोखर क्षेत्र के श्रीकुंड में अतिक्रमण का मुद्दा उठाया गया। इस पर प्रशासन को अतिक्रमण हटाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया, ताकि सार्वजनिक भूमि का उपयोग जनहित में किया जा सके।
वहीं बरहेट विधायक प्रतिनिधि द्वारा शहर में बढ़ती यातायात जाम की समस्या को देखते हुए ग्रीन होटल से बांटा रोड तक स्थित स्ट्रीट वेंडरों को वैकल्पिक स्थान पर स्थानांतरित करने का सुझाव दिया गया। इस पर प्रशासन को समुचित योजना बनाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
बैठक के दौरान सांसद ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा समयबद्ध तरीके से कार्यों को पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही प्रशासन का मुख्य उद्देश्य होना चाहिए।
अंत में सांसद ने सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि जिले के समग्र विकास को गति दी जा सके।
मौके पर सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
साहिबगंज।चर्चित सामाजिक कार्यकर्ता सह पर्यावरण प्रेमी सैयद अरशद नसर ने मंगलवार को झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन,डीजीपी तदाशा मिश्रा,दुमका के आईजी पटेल मयूर कन्हैया लाल,डीआईजी अम्बर लकड़ा व साहिबगंज जिले के डीसी हेमंत सती,एसपी अमित कुमार सिंह,झारखंड के खनन सचिव अराव राजकमल,निदेशक-खान झारखंड राहुल कुमार सिन्हा को स्पीड पोस्ट से पांच पन्ने का आवेदन भेज कर जिरवाबाड़ी थाना कांड संख्या-104/24 तथा 204/24 के पर्यवेक्षण पदाधिकारी सह साहिबगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किशोर तिर्की व कांड के अनुसंधानकर्ता लव कुमार,दीपक क्रिएशन,मो.शाहरुख व जिले के भ्रष्ट व चरित्रहीन खनन पदाधिकारी सह केसकर्ता कृष्ण कुमार किस्कू व अन्य के खिलाफ़ भारतीय न्याय संहिता-2023 की सुसंगत धाराओं के तहत् अविलंब प्राथमिकी दर्ज करते हुए कड़ी से कड़ी कानूनी,विभागीय व विधि सम्मत कार्रवाई करने की मांग की है.कार्रवाई नहीं होने पर अरशद ने न्यायालय व मानवा अधिकार आयोग का दरवाजा खटखटाने का चेतावनी दी है.भेजे गए आवेदन में अरशद ने आरोप लगाया है कि पुर्व का बदला लेने के उद्देश्य से डीएमओ किस्कू ने पत्थर माफियाओं,कारोबारियों,खनन कर्मीयों व भ्रष्ट पुलिस-प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ अनैतिक सांठ गांठ व लेन देन कर मेरे खिलाफ़ पुरी तरह से दो-दो झूठा केस दर्ज करवा दिया.जिसके चलते पुरी तरह से निर्दोष रहते हुए भी मुझे करीब एक साल जेल में रहना पड़ा जो कि मेरे संवैधानिक,मौलिक व मानवाधिकार का खुला हनन व घोर उल्लघंन है.विदित हो कि अरशद अभी हाल ही में जेल से बाहर आएं है.जेल से बाहर आते ही अरशद के द्वारा उठाएं गए इस कदम से भ्रष्ट पुलिस-प्रशासनिक पदाधिकारियों,पत्थर माफियाओं व कारोबारियों में हड़कंप है तो दुसरी ओर सामाजिक कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर देखीं जा रही है.
रांची। कांके भिटा बस्ती में दिनांक 10 अप्रैल 2026 को आदिवासी समाज के महतो, रैयत, ग्राम सभा एवं ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता ग्राम सभा की अध्यक्ष वर्षा गाड़ी ने की।
बैठक में पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाजों का पालन करते हुए सर्वसम्मति से पूर्व पाहन सोनू पाहन को उनके पद से हटाकर नए पाहन के रूप में डोमन मुंडा की घोषणा की गई। सरना स्थल पर विधिवत रूप से उन्हें सूप सौंपकर यह प्रक्रिया पूरी की गई।
इसके पश्चात पारंपरिक नाच-गान के साथ नए पाहन को सम्मानपूर्वक उनके घर तक लाया गया। तत्पश्चात महतो, रैयत एवं समस्त ग्रामीणों की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना कर उन्हें आधिकारिक रूप से पदस्थापित किया गया। यह निर्णय ग्राम सभा एवं समाज के सभी सदस्यों की सहमति से लिया गया।
इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही, जिनमें प्रमुख रूप से:
- केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष फूलचंद तिर्की
- केंद्रीय महिला सरना समिति की अध्यक्ष एंजेल लकड़ा
- केंद्रीय पाहन जगलाल पाहन
- बारह पहाड़ महाराजा मंन्द्र मुंडा के महामंत्री सधन उरांव
- टुटलो बेड़ो के पाहन मंगरा उरांव
- पत्र टोली के पाहन बुद्धू मुंडा
सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संगीता गाड़ी, मितीयस उरांव, मंजुला टोप्पो एवं अन्य ग्रामीणों की भी सक्रिय भागीदारी रही।