रांची : राजधानी रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले की जांच अब तेज हो गई है। घटना के बाद स्थानीय पुलिस, खुफिया एजेंसियों और केंद्रीय एजेंसियों की गतिविधियां बढ़ गई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के अधिकारियों ने भी घटनास्थल का दौरा कर प्रारंभिक जानकारी जुटाई है। हालांकि मामले को NIA द्वारा आधिकारिक रूप से अपने हाथ में लिए जाने की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मालूम को की बुधवार देर रात करीब 12:38 बजे दो अज्ञात युवक RSS कार्यालय के पास पहुंचे और पेट्रोल बम फेंककर फरार हो गए। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में एक युवक बोतल में आग लगाता दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरा घटना की रिकॉर्डिंग करता नजर आ रहा है।
हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन इस घटना ने राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद भाजपा और RSS से जुड़े कई वरिष्ठ नेता मौके पर पहुंचे और इसे गंभीर सुरक्षा चूक बताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
पुलिस ने आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि हमला किसी बड़ी साजिश का हिस्सा तो नहीं था।