साहेबगंज। समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला दंडाधिकारी -सह- उपायुक्त दीपक कुमार दुबे की अध्यक्षता में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) से संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने वित्तीय वर्ष 2022-23, 2023-24 एवं 2024-25 के अंतर्गत स्वीकृत पूर्ण एवं अपूर्ण योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में कार्यकारी एजेंसियों द्वारा बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 की अधिकांश योजनाएं प्रगति पर हैं। इस पर उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए तथा कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा के दौरान यह भी पाया गया कि कुछ योजनाओं में प्रगति रिपोर्ट में कार्य पूर्ण दर्शाया गया है, जबकि वास्तविकता में कार्य अधूरा है। इस पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए ऐसे सभी मामलों का अद्यतन प्रतिवेदन तत्काल प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि कार्यों की प्रगति रिपोर्ट पूरी तरह तथ्यात्मक एवं पारदर्शी होनी चाहिए।
वित्तीय वर्ष 2025-26 की योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग फील्ड स्तर पर की जाए, ताकि आम जनता को योजनाओं का लाभ शीघ्र एवं प्रभावी रूप से प्राप्त हो सके।
बैठक में कार्यपालक अभियंता, राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार कार्यक्रम (NREP), ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, भवन प्रमंडल, असैनिक शल्य चिकित्सा विभाग, नगर परिषद एवं समेकित जनजातीय विकास अभिकरण द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में जिन प्रमुख परियोजनाओं पर विशेष चर्चा की गई, उनमें साहिबगंज स्थित शकुंतला घाट पर स्थायी सीढ़ी घाट निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य, सदर अस्पताल जाने वाले मार्ग के चारदीवारी एवं उद्यानिकी (हॉर्टिकल्चर) कार्य, मंडरो प्रखंड के पंचायत सिमङा अंतर्गत वार्ड संख्या-06 में आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण, बरहेट प्रखंड के ग्राम लबरी में पीडी सड़क से विद्यालय तक पीसीसी सड़क निर्माण, मंडरो प्रखंड के एचएससी सिरसा में चारदीवारी एवं अन्य निर्माण कार्य, बरहेट प्रखंड के मध्य विद्यालय बरहेट में अतिरिक्त कक्ष एवं शौचालय निर्माण, पतना प्रखंड के ग्राम तलबङिया में फुटबॉल मैदान की गैलरी निर्माण, सकङोगढ़ स्थित तालाब के किनारे रिटेनिंग वॉल निर्माण, शिवगादी धाम के समीप 20 इकाई शौचालय-सह-स्नानघर निर्माण तथा बड़हरवा प्रखंड के ग्राम प्लासबोना में कब्रिस्तान के समीप सीढ़ी घाट निर्माण शामिल हैं।
बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, अपर समाहर्ता गौतम भगत, सिविल सर्जन डॉ. राम देव पासवान, जिला योजना पदाधिकारी अनुप कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।