हजारीबाग। रामनवमी पर्व के दौरान हुई पथराव की घटना में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना 24 मार्च 2026 को बरकट्ठा/गोरहर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तुईयो में रामनवमी मंगला जुलूस के दौरान हुई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिना लाइसेंस एक जुलूस निकाला गया था, जो निर्धारित मार्ग से हटकर ग्राम लेवड़ा जमुआ की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहा था। मौके पर मौजूद दण्डाधिकारी, अंचलाधिकारी बरकट्ठा एवं थाना प्रभारी द्वारा जुलूस को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों ने प्रशासन एवं पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भीड़ को नियंत्रित कर तितर-बितर किया और संभावित बड़ी घटना को टाल दिया। घटना के वीडियो एवं फोटो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान करते हुए 41 नामजद एवं 240 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध गोरहर थाना कांड संख्या-12/26 (दिनांक 25.03.2026) दर्ज किया गया है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बरही के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी दल ने कार्रवाई करते हुए घटना के मुख्य साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्त
- उतीम महतो, पिता – कन्हाई महतो, ग्राम – तुईयो, थाना – बरकट्ठा, जिला – हजारीबाग
- राजेश कुमार, पिता – केदार महतो, ग्राम – तुईयो, थाना – बरकट्ठा, जिला – हजारीबाग
पुलिस की अपील
ने आम नागरिकों से अपील की है कि रामनवमी जैसे पवित्र पर्व को आपसी भाईचारा, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी भड़काऊ गतिविधि से दूर रहें।
साइबर थाना द्वारा व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम सहित सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। भड़काऊ या भ्रामक पोस्ट करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
किसी भी प्रकार की अफवाह या आपत्तिजनक संदेश मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना देने का अनुरोध किया गया है। साथ ही नागरिकों से शांति समिति के निर्णयों का पालन करने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।