रांची : स्थानीय होटल में सीड के द्वारा सोमवार को एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया । कार्यक्रम की जानकारी देते हुए आयोजक ने बताया कि , पूर्वी और मध्य भारत के क्षेत्रीय विकास को गति देने के उद्देश्य से सेंटर फॉर एनवायरनमेंट एंड एनर्जी डेवलपमेंट (सीड) द्वारा ‘एकम डायलॉग्स – संवाद से निर्माण’ पहल की शुरुआत की जा रही है। यह कार्यक्रम 8 और 9 अप्रैल को रांची में आयोजित होगा।
यह पहल झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ और ओडिशा जैसे राज्यों के सामाजिक-आर्थिक विकास को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है। इसका उद्देश्य स्थानीय समुदायों, नीति-निर्माताओं, उद्योग प्रतिनिधियों, शोधकर्ताओं, महिलाओं और युवाओं को एक साझा मंच पर लाकर संवाद और सह-निर्माण को बढ़ावा देना है।
सीड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रमापति कुमार ने बताया कि यह क्षेत्र प्राकृतिक संसाधनों, सांस्कृतिक विरासत और सामुदायिक ज्ञान से समृद्ध है, जो देश के औद्योगिक विकास और ऊर्जा सुरक्षा में अहम भूमिका निभाता रहा है। अब जरूरत है कि इस क्षेत्र को सतत विकास और जलवायु अनुकूलन के साथ आगे बढ़ाया जाए, ताकि ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य को साकार किया जा सके।
‘एकम डायलॉग्स’ का फोकस संवाद और निर्माण—इन दो प्रमुख स्तंभों पर आधारित है। संवाद के जरिए साझा दृष्टिकोण तैयार किया जाएगा, वहीं निर्माण के माध्यम से स्थानीय जरूरतों के अनुरूप समाधान विकसित किए जाएंगे। इस पहल के तहत कला, शिल्प, जमीनी समाधान और इनोवेशन को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
कार्यक्रम में देशभर से 70 से अधिक विशेषज्ञ और वक्ता शामिल होंगे, जो 11 सत्रों में अपने विचार साझा करेंगे। साथ ही, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 पद्मश्री सम्मानित व्यक्तियों की उपस्थिति भी कार्यक्रम की खासियत होगी।
इस दौरान 27 ‘चेंजमेकर’ को ‘एकम सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का उदाहरण पेश किया है।
‘एकम डायलॉग्स’ का उद्देश्य लोक-केंद्रित जलवायु अनुकूलन, आजीविका सुदृढ़ीकरण, पारंपरिक ज्ञान का संरक्षण और तकनीकी नवाचार के माध्यम से एक समावेशी और सतत भविष्य का निर्माण करना है।
इस अवसर पर अरविंद कुमार ठाकुर, लक्ष्मी पूर्ति सहित अन्य उपस्थित थे।