रामगढ़ के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में आयोजित समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री, 111 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन
रामगढ़, 27 नवंबर। मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में आयोजित शहीद सोबरन सोरेन (सोबरन मांझी) के 69वें शहादत दिवस समारोह-सह-पारितोषिक वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शहीद सोबरन सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने रामगढ़ जिले में लगभग 111 करोड़ रुपये की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। साथ ही लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद सोबरन सोरेन की शहादत ने झारखंड के आदिवासी-मूलवासी समाज को संघर्ष और स्वाभिमान की प्रेरणा दी है। इस शहादत दिवस को ऐतिहासिक पहचान दिलाने और जन-जन तक पहुंचाने का श्रेय दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन को जाता है। उन्होंने सामंती सोच और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष की आवाज को फिर से बुलंद किया।
शहादत की चिंगारी से मिली अलग झारखंड की प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव जैसे महानायकों की तरह सोबरन मांझी ने भी अपनी कर्मठता और निडरता से अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई। गिरिडीह, टुंडी, धनबाद, छोटानागपुर और संथाल परगना सहित विभिन्न क्षेत्रों में अत्याचार के विरुद्ध उठी छोटी-छोटी चिंगारियां आगे चलकर अलग झारखंड राज्य आंदोलन का आधार बनीं।
उन्होंने कहा कि एक समय लोग यह कहकर मजाक उड़ाते थे कि कम पढ़े-लिखे आदिवासी-मूलवासी अलग राज्य कैसे चला पाएंगे, लेकिन आज उन्हीं शहीद परिवारों के बीच से निकला एक नौजवान राज्य को संवारने का काम कर रहा है।
आदिवासी-मूलवासी समाज के स्वाभिमान की लड़ाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब आदिवासी और मूलवासी समाज के लोग सामंती सोच रखने वालों के सामने अपनी बात रखने का साहस नहीं कर पाते थे। आज परिस्थितियां बदली हैं। राज्य का गरीब, आदिवासी और मूलवासी समाज निडर होकर अपनी बात रखता है तथा स्वाभिमान के साथ जीवन जी रहा है। इसके पीछे शहीद सोबरन मांझी जैसे महान लोगों का संघर्ष और बलिदान है।
50 लाख महिलाओं को हर महीने मिल रही 2500 रुपये की सम्मान राशि
महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। पहले चरण में राज्य की लगभग 50 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये की सम्मान राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि माताएं-बहनें आर्थिक रूप से मजबूत बनें और स्वयं अपने माथे से गरीबी की लकीर मिटाने में सक्षम हों।
लड़कर अलग राज्य लिया, लड़कर अपना अधिकार भी लेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए संसाधन जुटाने में कई तरह की बाधाओं और भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है। राज्य के राजस्व स्रोतों को बाधित करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन सरकार इससे पीछे हटने वाली नहीं है।
उन्होंने स्पष्ट कहा, "जिस तरह हमने लड़कर अलग झारखंड राज्य लिया है, उसी तरह लड़कर अपना अधिकार भी लेंगे।" मुख्यमंत्री ने कहा कि अब यह वह झारखंड नहीं है, जहां बाहर से आकर कोई यहां के लोगों का शोषण कर सके। सरकार की प्राथमिकता राज्य के लोगों को उनका पूरा अधिकार दिलाना है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस बार शहादत दिवस समारोह सादगी के साथ आयोजित किया गया है, लेकिन आने वाले समय में इसे और अधिक भव्य एवं उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा।
कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन, विधायक श्रीमती ममता देवी, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त श्री विजय कुमार गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक श्री शैलेंद्र सिन्हा, पुलिस उप महानिरीक्षक श्री अंजनी कुमार झा, रामगढ़ उपायुक्त श्री ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश लुनायत सहित जिले के अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, प्रबुद्ध नागरिक एवं बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित रहे।
शहीद सोबरन सोरेन का 69वां शहादत दिवस समारोह उनके संघर्ष, बलिदान और झारखंड राज्य आंदोलन में उनके योगदान को याद करने के साथ आदिवासी-मूलवासी समाज के स्वाभिमान एवं अधिकारों के प्रति संकल्प दोहराने का अवसर बना।