रांची/साहेबगंज । भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री बजरंगी प्रसाद यादव ने कांग्रेस पार्टी द्वारा लगातार EVM पर सवाल उठाने और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधा है। उन्होंने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से सवाल करते हुए कहा कि जब बैलेट पेपर से हुए चुनाव में भी कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ता है, तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है?
श्री यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार चुनाव प्रक्रिया और EVM की विश्वसनीयता पर सवाल उठाती रही है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस द्वारा 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली आयोजित की जा रही है। लेकिन कांग्रेस को पहले अपने चुनावी प्रदर्शन का आत्ममंथन करना चाहिए।
उन्होंने विधान परिषद की 28 सीटों पर हुए चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक में बैलेट पेपर से चुनाव हुए। इन चुनावों में कांग्रेस ने 12 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे, लेकिन उसे केवल महाराष्ट्र में एक सीट पर जीत मिली। वहीं, कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद पार्टी चारों सीटों पर जीत हासिल नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि कर्नाटक से आने वाले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के गृह राज्य में भाजपा-जेडीएस गठबंधन की जीत कांग्रेस के लिए आत्ममंथन का विषय है।
बजरंजी प्रसाद यादव ने राहुल गांधी से सवाल किया कि जब चुनाव बैलेट पेपर से हुआ, तब कांग्रेस की हार की जिम्मेदारी किसकी है? उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव जीतने के लिए जनता और मतदाताओं का विश्वास जीतना जरूरी है। जनता के सुख-दुख में भागीदारी निभानी पड़ती है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए जमीन पर काम करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि केवल EVM और चुनाव प्रणाली पर सवाल उठाने से राजनीतिक सफलता नहीं मिल सकती। कांग्रेस पार्टी को चुनाव प्रणाली पर आरोप लगाने के बजाय अपने चुनावी प्रदर्शन, राजनीतिक रणनीति और परिवारवाद जैसे मुद्दों पर गंभीरता से आत्ममंथन करना चाहिए।
अंत में श्री यादव ने कहा कि चुनाव EVM से हो या बैलेट पेपर से, लोकतंत्र में जनता का निर्णय ही सर्वोपरि होता है। राजनीतिक दलों को जनता के जनादेश का सम्मान करना चाहिए।