नेमरा (रामगढ़)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दिवंगत माताजी रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए शनिवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों ने रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित मुख्यमंत्री के पैतृक आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद, पूर्व मंत्री आलमगीर आलम एवं बादल, बिहार के पूर्णिया सांसद पप्पू यादव, गिरिडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी और खूंटी के सांसद काली चरण मुंडा सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा विधायक अनूप सिंह, विधायक ममता देवी, पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश समेत अन्य सांसदों, विधायकों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की।
सभी ने स्व. रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। साथ ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिजनों से मुलाकात कर इस दुख की घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें ढांढस बंधाया।
इस अवसर पर झारखंड के सूचना आयुक्त शिवपुजन पाठक एवं तनूज खत्री सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनवाड़ी सेविका-सहायिकाएं सम्मानित, युवाओं से किया संवाद
सिल्ली। केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ शनिवार को सिल्ली पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सिल्ली कॉलेज की शासी निकाय की बैठक में भाग लिया। इसके बाद विद्यार्थियों एवं युवाओं के साथ संवाद कर विकसित भारत 2047 के लक्ष्य और देश के विकास में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की। मौके पर भाजपा रांची पूर्वी जिलाध्यक्ष विनय महतो धीरज भी उपस्थित रहे।सेवा संकल्प अभियान के तहत संजय सेठ ने सिल्ली काली मंदिर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में सेविका-सहायिकाओं को अंगवस्त्र और डायरी देकर सम्मानित किया। इसके बाद सिल्ली स्टेडियम में ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों के बीच फुटबॉल और नेट वितरित किए। वहीं, रेहड़ी-पटरी दुकानदारों एवं छोटे व्यवसायियों को छाता देकर प्रोत्साहित किया।संजय सेठ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। खिलाड़ियों को उचित अवसर और संसाधन उपलब्ध कराकर उनकी प्रतिभा को निखारना जरूरी है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को सम्मानित करने और जरूरतमंदों को सहयोग देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं की भागीदारी से विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने की बात कही।कार्यक्रम के दौरान संजय सेठ एवं विनय महतो धीरज पत्रकार अनूप महतो के पिता के श्राद्ध कर्म में भी शामिल हुए। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।कॉलेज की बैठक में रांची विश्वविद्यालय के पूर्व रजिस्ट्रार मुकुंद चंद मेहता, प्राचार्य अनंतराम महतो, सिल्ली मंडल अध्यक्ष अंबुज रजक, राहे मंडल अध्यक्ष मेघनाथ महतो, सोनाहातू मंडल अध्यक्ष खगेश महतो, जोन्हा मंडल अध्यक्ष बसंत सुंडी, रामपुर मंडल अध्यक्ष अमित मांझी, वीणा देवी, दिलेश्वर कोइरी, परीक्षित मंडल, लक्ष्मीकांत महतो, भेंगराज प्रसाद, सृष्टिधर प्रजापति, रविंद्र साहू, राहुल कुमार एवं फणीभूषण महतो सहित पार्टी कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित थे।
रांची। झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में जल जीवन मिशन के तहत कार्यरत आउटसोर्सिंग लैबोरेटरी कर्मियों ने सात माह से वेतन नहीं मिलने के विरोध में मंगलवार को विभागीय कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कर्मियों ने विभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बकाया वेतन का जल्द भुगतान करने की मांग की।
धरना दे रही कर्मी शिवानी ने बताया कि वे पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के वाटर टेस्टिंग लैबोरेटरी में कार्यरत हैं। पिछले सात माह से वेतन नहीं मिला है। इसके बावजूद कर्मी लगातार अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। त्योहारों के मौसम में भी वेतन नहीं मिलने से कई परिवारों के सामने भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है।
कर्मियों के अनुसार पूरे झारखंड में करीब 200 आउटसोर्सिंग लैबोरेटरी कर्मी कार्यरत हैं। वेतन भुगतान को लेकर कई बार विभाग से गुहार लगाई जा चुकी है। विभाग की ओर से टेंडर होने के बाद वेतन भुगतान किए जाने की बात कही जाती रही है, लेकिन तीन-चार बार टेंडर प्रक्रिया शुरू होने के बाद उसे स्थगित किया जा चुका है।
कर्मियों ने आरोप लगाया कि वेतन भुगतान नहीं होने के बावजूद विभाग की ओर से लगातार काम करने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई तो वे पेन डाउन हड़ताल करने को मजबूर होंगे।
कर्मियों ने सरकार और विभाग से बकाया सात माह के वेतन का तत्काल भुगतान करने के साथ-साथ समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। धरना-प्रदर्शन में विवेक पंडित,संजीव कुमार, तोफन कुमार महतो, सुरभि गोप, उर्मिला, मनीषा, प्रवीण प्रभाकर, रामप्रसाद, सुशीला, गणेश, महेश, नेहा और शिवा कुमारी सहित कई कर्मी मौजूद थे।
चतरा। लोक जन शक्ति पार्टी (रामविलास) युवा प्रकोष्ठ, चतरा के तत्वावधान में राँची रोड स्थित सनाया होटल, किशनपुर में कार्यकर्ता मिलन सह अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के बीच आपसी समन्वय और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने को लेकर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, पार्टी के संस्थापक पद्म भूषण स्वर्गीय रामविलास पासवान एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष सह चतरा विधायक जनार्दन पासवान शामिल हुए । इस अवसर पर प्रदेश प्रधान महासचिव श्री विकास रंजन उर्फ पप्पू सिंह, युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष श्री शैलेंद्र दूर्वेदी, चतरा जिला अध्यक्ष श्री गौरी प्रसाद यादव, युवा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष श्री अनिल पासवान सहित सभी मंडल अध्यक्ष एवं बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक जनार्दन पासवान ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह, समर्पण और सक्रिय भागीदारी ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया गया।
कार्यकर्ता मिलन सह अभिनंदन समारोह ने संगठन के भीतर आपसी संवाद, सम्मान, समर्पण और नई ऊर्जा का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
एनएसयूआई प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन, 24 घंटे में समाधान की मांग
बरहरवा । बीएसके महाविद्यालय, बरहरवा में यूजी सेमेस्टर-7 (सत्र 2022-26) के नामांकन पोर्टल में लगातार आ रही तकनीकी समस्याओं को लेकर शनिवार को एनएसयूआई प्रतिनिधिमंडल और विद्यार्थियों ने कॉलेज अध्यक्ष सोयेब अख्तर के नेतृत्व में प्रभारी प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान कराने के साथ नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की।
महाविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार सेमेस्टर-7 में नामांकन की प्रक्रिया 28 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ऑनलाइन माध्यम से निर्धारित है। विद्यार्थियों का कहना है कि 29 सितंबर से ही पोर्टल पर यूजरनेम और पासवर्ड बनाने तथा पासवर्ड भूलने पर उसे रीसेट करने में परेशानी हो रही है। इसके कारण कई विद्यार्थी नामांकन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे हैं।
विद्यार्थियों ने भुगतान प्रक्रिया में भी तकनीकी गड़बड़ी की शिकायत की। उनका कहना है कि भुगतान की सुविधा शुरू होने से पहले ही पोर्टल पर क्यूआर कोड और भुगतान सफल होने का संदेश प्रदर्शित हो रहा था। बाद में भुगतान की सुविधा शुरू होने के बावजूद कई विद्यार्थियों को शुल्क जमा करने में परेशानी हो रही है और पोर्टल पर “You have already paid admission fee for the selected semester.” का संदेश दिखाई दे रहा है, जबकि संबंधित विद्यार्थियों ने शुल्क जमा नहीं किया है।
कुछ विद्यार्थियों ने यह भी बताया कि शुल्क जमा होने के बाद भी दोबारा भुगतान का विकल्प दिखाई दे रहा है और SabPaisa Receipt उपलब्ध नहीं हो रही है। इससे विद्यार्थियों में नामांकन और भुगतान की स्थिति को लेकर असमंजस बना हुआ है।
एनएसयूआई ने कहा कि तकनीकी समस्याओं के कारण बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं परेशान हैं। संगठन ने मांग की कि समस्याओं का अधिकतम 24 घंटे के भीतर समाधान कराया जाए और विद्यार्थियों को पर्याप्त अवसर देने के लिए नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ाई जाए। साथ ही चेतावनी दी कि तकनीकी खामी के कारण यदि कोई विद्यार्थी नामांकन से वंचित होता है, तो संगठन छात्रहित में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगा।
जल्द समाधान का आश्वासन
प्रभारी प्राचार्य कविता मंडल ने बताया कि महाविद्यालय प्रशासन तकनीकी समस्या को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में तकनीकी टीम से दूरभाष पर बातचीत की गई है और जल्द समस्या का समाधान किए जाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ाने को लेकर भी चर्चा की जा रही है तथा विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए जल्द सकारात्मक पहल की जाएगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कॉलेज सचिव वसीम अकरम, एनएसयूआई सदस्य रमजान शेख, अनिकेत कर्मकार, उज्ज्वल कुमार यादव, महजूरा खातून, रितु कुमारी सहित विद्यार्थी अनिमेष मंडल, आफताब आलम, सिंटू कुमार साह, बुलटी कुमारी, राधा कुमारी समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
मंत्री बोले—पीडीएस डीलर व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी, केंद्र से लंबित राशि के लिए लगातार संपर्क
रांची। राज्य के जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) डीलरों के बकाया कमीशन के भुगतान को लेकर खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सरकार की गंभीरता जताई है। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2024-25 तथा 2025-26 के सात माह के लंबित कमीशन के भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। इस दिशा में विभाग लगातार प्रयास कर रहा है।
मंत्री ने कहा कि राज्य के 25 हजार से अधिक पीडीएस डीलर खाद्य वितरण व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इनके माध्यम से लाखों गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचता है। ऐसे में डीलरों के कमीशन का समय पर भुगतान सार्वजनिक वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जरूरी है।
डॉ. अंसारी ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से डीलर कमीशन के रूप में एक वर्ष की राशि राज्य को उपलब्ध कराई गई है और उपलब्ध राशि के आधार पर भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। शेष बकाया राशि के लिए राज्य सरकार केंद्र के लगातार संपर्क में है। इस संबंध में केंद्र को पत्र भी भेजा गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी केंद्र से लंबित राशि शीघ्र उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
मंत्री ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में 14 जिलों में डीलरों का पूरा भुगतान हो चुका है, जबकि शेष जिलों का भुगतान भी जल्द होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि कुछ भुगतान ट्रेजरी स्तर पर लंबित हैं, जिनके शीघ्र निस्तारण का प्रयास किया जा रहा है।
‘नेतागिरी नहीं, संवाद से निकलेगा समाधान’
डीलर एसोसिएशन की ओर से सामने आए कुछ बयानों पर मंत्री ने कहा कि डीलरों की समस्याओं के समाधान के लिए विभाग का दरवाजा हमेशा खुला है। उन्होंने संगठन के प्रतिनिधियों से आंदोलन या बयानबाजी के बजाय सीधे विभाग के साथ संवाद करने की अपील की।
उन्होंने कहा, “डीलर एसोसिएशन से कहना चाहता हूं कि आप लोग नेतागिरी न करें। जो भी समस्या है, सीधे मुझसे आकर कहें। विभाग का मंत्री मैं हूं और आपकी समस्या का समाधान निकालने की जिम्मेदारी भी मेरी है। हम बैठकर बातचीत के जरिए रास्ता निकालेंगे।”
मंत्री ने बताया कि 6 अक्टूबर को विभागीय स्तर पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें डीलरों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होगी। उन्होंने संगठन के प्रतिनिधियों से अपनी समस्याएं और सुझाव तथ्यों के साथ बैठक में रखने की अपील की, ताकि समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।
डॉ. अंसारी ने कहा कि सरकार पीडीएस डीलरों को केवल खाद्यान्न वितरण व्यवस्था का हिस्सा नहीं मानती, बल्कि उन्हें सरकार की खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने वाली महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में देखती है। उन्होंने कहा कि डीलरों के हितों और समस्याओं की अनदेखी नहीं की जाएगी।
मंत्री ने डीलरों से धैर्य बनाए रखने और विभाग के साथ समन्वय कर काम करने की अपील करते हुए कहा कि बकाया कमीशन के भुगतान के लिए राज्य सरकार की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
रांची। लहू बोलेगा रक्तदान संगठन रांची के नेतृत्व में झारखंड थैलेसीमिया-सिकल सेल एनीमिया- हीमोफीलिया-अप्लाटिक एनीमिया पीड़ित एसोसिएशन,झारखंड राज्य स्वैच्छिक रक्तदान संगठन कॉर्डिनेशन कमेटी का आज संयुक्त 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष श्री केशव कमलेश महतो जी से 09 सूत्री मांगों भरे स्मार-पत्र देकर झारखंड कांग्रेस कार्यालय,मेन रोड़,रांची में मिला।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेशाध्यक्ष श्री केशव कमलेश महतो जी को 09 सूत्री स्मार-पत्र एवं दो विशेष मुद्दों पर प्रतिवेदन देकर अवगत किया।
झारखंड कांग्रेस के कोटे से बनें माननीय स्वास्थ्य मंत्री को हमलोगों के द्वारा कई बार प्रतिनिधिमंडल द्वारा स्मार-पत्र देकर अवगत किया गया मगर नतीज़ा उपयुक्त नही,आज तक रक्त विकार रोगियों-परिजनों-रक्तदान आयोजकों संग बैठकर पीड़ा-समाधान पर हल नही करने सहित रक्त विकार रोग के पीड़ितों की नीति- व्यवहारिक-तार्किक क्रियान्वयन उपयुक्त नही होने की वजह से सौकड़ों पीड़ितों का देहांत हो रहा है, थैलेसीमिया-सिकल सेल-हीमोफीलिया- अप्लाटिक एनीमिया एवं रक्तदान के बहुआयामी मुद्दें पर झारखंड कांग्रेस के विधायक दल नेता श्री प्रदीप यादव जी द्वारा 09 दिसंबर 2025 के विधानसभा में उठाएं मुद्दें पर एक महीनें में लागू करने की घोषणा को लागू किया जाए,
इसीपर दो झारखंड कांग्रेस के विधायक दल नेता एवं स्वास्थ्य मंत्री की बीच काफ़ी गहमागहमी होकर अनुशासन हीनता में माना गया पर जिसपर मुद्दें पर अनुशासन हीनता माना गया वह मुद्दा ही आज तक सवाल बना हुआ है,इसको निष्पादित किया जाए।
झारखंड सरकारी ब्लड बैंक व्यवस्था-संचालन- जांच एवं अन्य पर निजी कंपनी संग हुए एमओयू को रद्द कर सरकारी ब्लड बैंक एवं जैसेक्स को मजबूत किया जाए एवं पूर्व के कई आदेश समेत विशेष प्रतिवेदन सहित अन्य ज्वलंत मुद्दें पर अवगत किया गया।
विशेष प्रतिवेदन में रक्त विकार रोग से स्वर्गवास हो चुके झारखंड भर के बच्चों की सूची एवं निजी कंपनी एम.ए. साइंस कंपनी पर विशेष प्रतिवेदन भी दिया गया।
प्रदेशाध्यक्ष ने सभी मुद्दों को गंभीरतापूर्वक सुना-समझा उसके बाद माननीय स्वास्थ्य मंत्री से फोन से बातचीत की एवं कहा झारखंड थैलेसीमिया-सिकल सेल समेत रक्तदान के नीतिगत मुद्दें जनहित में सर्वप्रथम है जिसपर अवश्य जनहित में कार्रवाई होगी।
झारखंड कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के नेतृत्व में माननीय स्वास्थ्य मंत्री से आपके प्रतिनिधिमंडल संग चर्चा को निष्पादित किया जाएगा।
प्रदेशाध्यक्ष जी को पीड़ितों के परिजनों द्वारा पुष्पगुच्छ देकर झारखंडी अंगवस्त्र पहनाया गया।
झारखंड कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष श्री केशव कमलेश महतो संग प्रदेश प्रवक्ता डॉ राजेश गुप्ता,प्रदेश प्रवक्ता सतीश कुमार,वरिष्ठ कांग्रेस नेता/राजनैतिक सलाहकार शुक्ला जी उपस्थित थे।
प्रतिनिधिमंडल में रक्तवीर नदीम खान,पीड़ित परिजन संजय टोप्पो,संजय महतो,सीमा देवी,फ़रिहाया बिलकिस,नीलू,टोप्पो,मो तौहिद, पीड़ित सोनम कुमारी,रक्तवीर इंजीनियर शाहनवाज, साज़िद उमर,मो बब्बर,अकरम राशिद,मोजाहिद, मो जावेद एवं अन्य शामिल थे।
रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड मुख्यालय स्थित गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर प्रांगण में आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजूरा एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) श्री पंकज कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में सीसीएल मुख्यालय के महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्षगण, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उपस्थित निदेशकगण, सीवीओ एवं अधिकारियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और मानवता के प्रति समर्पण का संदेश देता है। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री का सादगीपूर्ण जीवन और राष्ट्र के प्रति उनकी निष्ठा हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि इन महान विभूतियों के आदर्शों को अपने कार्य एवं व्यवहार में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजूरा ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री ने राष्ट्र निर्माण में अनुशासन, ईमानदारी, आत्मनिर्भरता और जनसेवा के महत्व को स्थापित किया। उनके विचार आज भी देश के विकास की दिशा में हमारा मार्गदर्शन करते हैं। उन्होंने सभी से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
सीवीओ पंकज कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य एवं नैतिकता का मार्ग और लाल बहादुर शास्त्री की ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा हम सभी के लिए आदर्श है। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर पारदर्शिता, सत्यनिष्ठा एवं नैतिक मूल्यों को अपनाकर ही एक सुदृढ़ और जिम्मेदार संगठन का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने जीवन एवं कार्यशैली में अपनाने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
श्रद्धेय अशोक सिंहल जी की जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद द्वारा वर्षभर विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक एवं सेवा-आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
रांची। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पूर्व अध्यक्ष एवं आजीवन संरक्षक, राष्ट्र एवं हिंदू समाज के लिए समर्पित कार्यकर्ता तथा श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण आंदोलन से जुड़े प्रमुख व्यक्तित्व श्रद्धेय अशोक सिंहल जी का यह जन्म शताब्दी वर्ष है। 27 सितंबर 1926 को आगरा के एक प्रतिष्ठित परिवार में जन्मे श्रद्धेय सिंहल जी ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र एवं धर्म की सेवा में समर्पित कर दिया।
वर्ष 1950 में काशी हिंदू विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग की शिक्षा पूर्ण करने के पश्चात वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रचारक बने। वर्ष 1982 में उन्होंने विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त महामंत्री का दायित्व संभाला। इसके पश्चात महामंत्री, अध्यक्ष तथा जीवनपर्यंत संरक्षक के रूप में उन्होंने संगठन को दिशा दी।
उन्होंने सामाजिक समरसता, गोरक्षा, धर्मांतरण रोकने तथा वैदिक शिक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए वेद विद्यालयों की स्थापना सहित विभिन्न कार्यों में योगदान दिया। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को राष्ट्रव्यापी स्वरूप देने तथा समाज के विभिन्न वर्गों को इससे जोड़ने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
उनका दृढ़ विश्वास था कि “श्रीराम मंदिर बनेगा तो देश का मस्तक ऊंचा होगा।”
झारखंड में शताब्दी समारोह एवं प्रांतीय कार्यक्रम
श्रद्धेय अशोक सिंहल जी के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद द्वारा पूरे देश में एक वर्ष तक विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत सेवा कार्यों के विस्तार, वैदिक शिक्षा, गोरक्षा, धर्मांतरण पर रोक तथा मंदिर मुक्ति जैसे विषयों से जुड़े कार्यों को विशेष गति देने की बात कही गई है।
उद्घाटन समारोह
झारखंड में इस शताब्दी समारोह का उद्घाटन धुर्वा स्थित सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में होगा।
मुख्य अतिथि: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक श्री सच्चिदानंद अग्रवाल जी।
मुख्य वक्ता: विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री एवं केंद्रीय विशेष संपर्क प्रमुख तथा पटना क्षेत्र के पालक अधिकारी माननीय अम्बरीष जी।
विशेष अतिथि: प्रसिद्ध लोक कवि एवं गायक पद्मश्री महावीर नायक जी।
समारोह में पूरे प्रांत से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समाज के प्रबुद्धजन एकत्र होकर श्रद्धेय अशोक सिंहल जी का स्मरण करेंगे तथा उनके द्वारा प्रारंभ किए गए कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेंगे।
प्रेस वार्ता में मुख्य वक्ता के रूप में विश्व हिंदू परिषद, झारखंड प्रांत के अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत उपस्थित रहे। उनके साथ झारखंड प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र, बजरंग दल प्रांत संयोजक रंगनाथ महतो, महानगर अध्यक्ष कैलाश केशरी, प्रांत प्रचार प्रमुख प्रकाश रंजन, अमरनाथ ठाकुर एवं अनिल तिवारी की उपस्थिति रही।
रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड, मुख्यालय स्थित गंगोत्री कंवेन्शन सेंटर के प्रांगण में आज दिनांक 01 अक्टूबर, 2026 को सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के तहत विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का विधिवत उद्घाटन सीसीएल, सीएमडी श्री निलेंदु कुमार सिंह ने निदेशक (वित्त) श्री पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) श्री अनुप हंजुरा एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री पंकज कुमार की उपस्थिति में किया। इस अवसर पर मुख्यालय के महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्षगण, ट्रेड यूनियन के सम्मानित सदस्यगण, अधिकारीगण, कर्मचारीगण, हितधारक एवं बड़ी संख्या में सत्यनिष्ठ रक्तवीरों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर सीसीएल के सीएमडी श्री निलेंदु कुमार सिंह ने सभी कर्मियों को स्वैच्छिक रक्तदान की शपथ दिलाई। उन्होंने कर्मियों को सक्रिय रूप से रक्तदान के लिए आगे आकर ऐसे पुनीत एवं मानवीय कार्य में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को इस नेक कार्य के लिए आगे आना चाहिए।
सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस रक्तदान शिविर में निदेशक (वित्त) श्री पवन कुमार मिश्रा समेत कुल 191 सत्यनिष्ठ रक्तवीरों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। आयोजित इस विशेष रक्तदान शिविर में आईआईसीएम के अधिकारियों एवं जेएसएसपीएस के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य सत्यनिष्ठा, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना रहा। इस वर्ष के अभियान की थीम “Let Integrity Flow, Let Life Grow, Let Prosperity Follow” रही, जो सत्यनिष्ठा के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक जिम्मेदारी को भी रेखांकित करती है।