सिल्ली: मेन रोड सिल्ली में पूर्व डिप्टी सीएम सुदेश कुमार महतो एवं रेस्टोरेंट संचालक की माता देवन्ती देवी ने संयुक्त रूप से वैष्णवी रेस्टोरेंट का फीता काट कर उद्घाटन किए।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र का पहला ऐसा रेस्टोरेंट है जो बड़े शहरों की तर्ज पर बनाया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस रेस्टोरेंट की स्वादिष्ट भोजन की गुणवत्ता के लिए शहर में इसकी पहचान बने। रेस्टोरेंट के संचालक विनय व विजय साव ने कहा कि हमारा लक्ष्य स्वादिष्ट भोजन व बेहतर सेवा के माध्यम से लोगों के दिलों में उतरना है।आज का दिन हमारे लिए एक बेहद खास और सपने जैसा दिन है। इस रेस्टोरेंट को शुरू करने के पीछे हमारा सिर्फ एक ही उद्देश्य रहा है—आपको और आपके परिवार को बेहतरीन, स्वादिष्ट और साफ़-सुथरा भोजन एक शानदार माहौल में परोसना।इस नए शाखा में इंडियन, चाइनीज, तंदूरी, कांटिनेंटल आदि भोजन प्रबंध रहेगा। इस मौके पर जयपाल सिंह, मुखिया सीमा गंझू,अजीत साहू, मनोज साव, नेपाल साव, बबलू साव, राजेश साहू,प्रकाश अग्रवाल, नितेश्वर महतो, सुरेन्द्र साव, ज्योति साव, संजय गुप्ता, समेत काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।
नेमरा में शोक संवेदनाओं का तांता, विभिन्न दलों के नेताओं ने मुख्यमंत्री से मिलकर बंधाया ढांढस
नेमरा (रामगढ़) । मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए बुधवार को उनके पैतृक गांव नेमरा में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों का जुटान हुआ। सभी ने दिवंगत रूपी सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। साथ ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिवार से मुलाकात कर इस दुख की घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नेमरा में दिनभर शोक और संवेदना का माहौल रहा। मुख्यमंत्री की माता के निधन पर शोक जताने के लिए कई वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधि गांव पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
विभिन्न दलों के नेता पहुंचे नेमरा
दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने वालों में विधायक प्रदीप यादव, जनार्दन पासवान और मंगल कालिंदी शामिल थे। इनके अलावा पूर्व मंत्री बंधु तिर्की और बन्ना गुप्ता, पूर्व सांसद घूरन राम, शैलेंद्र महतो, भुवनेश्वर प्रसाद मेहता और रविंद्र कुमार पांडेय भी नेमरा पहुंचे।
पूर्व विधायक समरी लाल और अपर्णा सेनगुप्ता समेत अन्य गणमान्य लोगों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
IAS और IPS अधिकारियों ने भी अर्पित किए पुष्प
मुख्यमंत्री की माता को श्रद्धांजलि देने के लिए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंचे। अधिकारियों ने दिवंगत रूपी सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री और परिवार के प्रति जताई संवेदना
रूपी सोरेन के निधन से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनका परिवार शोक में है। इस दुखद अवसर पर राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों ने नेमरा पहुंचकर परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और मुख्यमंत्री को ढांढस बंधाया।
साहिबगंज में एक दिवसीय धरना, कांग्रेस सांसद की सदस्यता रद्द करने की उठी मांग
साहिबगंज। भारतीय जनता पार्टी, साहिबगंज जिला के तत्वावधान में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से जुड़े एक मामले में कांग्रेस सांसद के कथित कृत्य के विरोध में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा की पूर्व जिला उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम प्रभारी ललिता पासवान ने किया। धरना-प्रदर्शन में भाजपा जिला अध्यक्ष गौतम यादव और जिला प्रभारी अमृत पांडेय विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान महिला मोर्चा की नेत्री ललिता पासवान ने विरोध-प्रदर्शन का नेतृत्व किया। मंच का संचालन जिला मंत्री ऊषा भारती ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महिला मोर्चा की बरहरवा नगर अध्यक्ष पूनम भारती ने किया।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष गौतम यादव और जिला प्रभारी अमृत पांडेय ने कांग्रेस सांसद के कथित कृत्य की आलोचना की। उन्होंने सांसद की सदस्यता तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग की। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर इस मामले में चुप्पी साधने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को इस विषय पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि झारखंड में कांग्रेस के कई नेता भी इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने इसे कांग्रेस की राजनीतिक मंशा पर सवाल खड़े करने वाला मामला बताया।
इस धरना-प्रदर्शन में बरहरवा नगर अध्यक्ष अर्पिता दास, पूर्व नगर अध्यक्ष श्यामल दास, जिला उपाध्यक्ष सोनेलाल ठाकुर, बप्पी निर्मल साह, संजीव गुप्ता सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नेमरा (रामगढ़)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दिवंगत माताजी रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए शनिवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों ने रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित मुख्यमंत्री के पैतृक आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद, पूर्व मंत्री आलमगीर आलम एवं बादल, बिहार के पूर्णिया सांसद पप्पू यादव, गिरिडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी और खूंटी के सांसद काली चरण मुंडा सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा विधायक अनूप सिंह, विधायक ममता देवी, पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश समेत अन्य सांसदों, विधायकों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की।
सभी ने स्व. रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। साथ ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिजनों से मुलाकात कर इस दुख की घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें ढांढस बंधाया।
इस अवसर पर झारखंड के सूचना आयुक्त शिवपुजन पाठक एवं तनूज खत्री सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनवाड़ी सेविका-सहायिकाएं सम्मानित, युवाओं से किया संवाद
सिल्ली। केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ शनिवार को सिल्ली पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सिल्ली कॉलेज की शासी निकाय की बैठक में भाग लिया। इसके बाद विद्यार्थियों एवं युवाओं के साथ संवाद कर विकसित भारत 2047 के लक्ष्य और देश के विकास में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की। मौके पर भाजपा रांची पूर्वी जिलाध्यक्ष विनय महतो धीरज भी उपस्थित रहे।सेवा संकल्प अभियान के तहत संजय सेठ ने सिल्ली काली मंदिर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में सेविका-सहायिकाओं को अंगवस्त्र और डायरी देकर सम्मानित किया। इसके बाद सिल्ली स्टेडियम में ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों के बीच फुटबॉल और नेट वितरित किए। वहीं, रेहड़ी-पटरी दुकानदारों एवं छोटे व्यवसायियों को छाता देकर प्रोत्साहित किया।संजय सेठ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। खिलाड़ियों को उचित अवसर और संसाधन उपलब्ध कराकर उनकी प्रतिभा को निखारना जरूरी है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को सम्मानित करने और जरूरतमंदों को सहयोग देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं की भागीदारी से विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने की बात कही।कार्यक्रम के दौरान संजय सेठ एवं विनय महतो धीरज पत्रकार अनूप महतो के पिता के श्राद्ध कर्म में भी शामिल हुए। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।कॉलेज की बैठक में रांची विश्वविद्यालय के पूर्व रजिस्ट्रार मुकुंद चंद मेहता, प्राचार्य अनंतराम महतो, सिल्ली मंडल अध्यक्ष अंबुज रजक, राहे मंडल अध्यक्ष मेघनाथ महतो, सोनाहातू मंडल अध्यक्ष खगेश महतो, जोन्हा मंडल अध्यक्ष बसंत सुंडी, रामपुर मंडल अध्यक्ष अमित मांझी, वीणा देवी, दिलेश्वर कोइरी, परीक्षित मंडल, लक्ष्मीकांत महतो, भेंगराज प्रसाद, सृष्टिधर प्रजापति, रविंद्र साहू, राहुल कुमार एवं फणीभूषण महतो सहित पार्टी कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित थे।
रांची। झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में जल जीवन मिशन के तहत कार्यरत आउटसोर्सिंग लैबोरेटरी कर्मियों ने सात माह से वेतन नहीं मिलने के विरोध में मंगलवार को विभागीय कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कर्मियों ने विभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बकाया वेतन का जल्द भुगतान करने की मांग की।
धरना दे रही कर्मी शिवानी ने बताया कि वे पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के वाटर टेस्टिंग लैबोरेटरी में कार्यरत हैं। पिछले सात माह से वेतन नहीं मिला है। इसके बावजूद कर्मी लगातार अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। त्योहारों के मौसम में भी वेतन नहीं मिलने से कई परिवारों के सामने भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है।
कर्मियों के अनुसार पूरे झारखंड में करीब 200 आउटसोर्सिंग लैबोरेटरी कर्मी कार्यरत हैं। वेतन भुगतान को लेकर कई बार विभाग से गुहार लगाई जा चुकी है। विभाग की ओर से टेंडर होने के बाद वेतन भुगतान किए जाने की बात कही जाती रही है, लेकिन तीन-चार बार टेंडर प्रक्रिया शुरू होने के बाद उसे स्थगित किया जा चुका है।
कर्मियों ने आरोप लगाया कि वेतन भुगतान नहीं होने के बावजूद विभाग की ओर से लगातार काम करने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई तो वे पेन डाउन हड़ताल करने को मजबूर होंगे।
कर्मियों ने सरकार और विभाग से बकाया सात माह के वेतन का तत्काल भुगतान करने के साथ-साथ समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। धरना-प्रदर्शन में विवेक पंडित,संजीव कुमार, तोफन कुमार महतो, सुरभि गोप, उर्मिला, मनीषा, प्रवीण प्रभाकर, रामप्रसाद, सुशीला, गणेश, महेश, नेहा और शिवा कुमारी सहित कई कर्मी मौजूद थे।
चतरा। लोक जन शक्ति पार्टी (रामविलास) युवा प्रकोष्ठ, चतरा के तत्वावधान में राँची रोड स्थित सनाया होटल, किशनपुर में कार्यकर्ता मिलन सह अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के बीच आपसी समन्वय और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने को लेकर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, पार्टी के संस्थापक पद्म भूषण स्वर्गीय रामविलास पासवान एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष सह चतरा विधायक जनार्दन पासवान शामिल हुए । इस अवसर पर प्रदेश प्रधान महासचिव श्री विकास रंजन उर्फ पप्पू सिंह, युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष श्री शैलेंद्र दूर्वेदी, चतरा जिला अध्यक्ष श्री गौरी प्रसाद यादव, युवा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष श्री अनिल पासवान सहित सभी मंडल अध्यक्ष एवं बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक जनार्दन पासवान ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह, समर्पण और सक्रिय भागीदारी ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया गया।
कार्यकर्ता मिलन सह अभिनंदन समारोह ने संगठन के भीतर आपसी संवाद, सम्मान, समर्पण और नई ऊर्जा का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
एनएसयूआई प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन, 24 घंटे में समाधान की मांग
बरहरवा । बीएसके महाविद्यालय, बरहरवा में यूजी सेमेस्टर-7 (सत्र 2022-26) के नामांकन पोर्टल में लगातार आ रही तकनीकी समस्याओं को लेकर शनिवार को एनएसयूआई प्रतिनिधिमंडल और विद्यार्थियों ने कॉलेज अध्यक्ष सोयेब अख्तर के नेतृत्व में प्रभारी प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान कराने के साथ नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की।
महाविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार सेमेस्टर-7 में नामांकन की प्रक्रिया 28 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ऑनलाइन माध्यम से निर्धारित है। विद्यार्थियों का कहना है कि 29 सितंबर से ही पोर्टल पर यूजरनेम और पासवर्ड बनाने तथा पासवर्ड भूलने पर उसे रीसेट करने में परेशानी हो रही है। इसके कारण कई विद्यार्थी नामांकन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे हैं।
विद्यार्थियों ने भुगतान प्रक्रिया में भी तकनीकी गड़बड़ी की शिकायत की। उनका कहना है कि भुगतान की सुविधा शुरू होने से पहले ही पोर्टल पर क्यूआर कोड और भुगतान सफल होने का संदेश प्रदर्शित हो रहा था। बाद में भुगतान की सुविधा शुरू होने के बावजूद कई विद्यार्थियों को शुल्क जमा करने में परेशानी हो रही है और पोर्टल पर “You have already paid admission fee for the selected semester.” का संदेश दिखाई दे रहा है, जबकि संबंधित विद्यार्थियों ने शुल्क जमा नहीं किया है।
कुछ विद्यार्थियों ने यह भी बताया कि शुल्क जमा होने के बाद भी दोबारा भुगतान का विकल्प दिखाई दे रहा है और SabPaisa Receipt उपलब्ध नहीं हो रही है। इससे विद्यार्थियों में नामांकन और भुगतान की स्थिति को लेकर असमंजस बना हुआ है।
एनएसयूआई ने कहा कि तकनीकी समस्याओं के कारण बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं परेशान हैं। संगठन ने मांग की कि समस्याओं का अधिकतम 24 घंटे के भीतर समाधान कराया जाए और विद्यार्थियों को पर्याप्त अवसर देने के लिए नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ाई जाए। साथ ही चेतावनी दी कि तकनीकी खामी के कारण यदि कोई विद्यार्थी नामांकन से वंचित होता है, तो संगठन छात्रहित में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगा।
जल्द समाधान का आश्वासन
प्रभारी प्राचार्य कविता मंडल ने बताया कि महाविद्यालय प्रशासन तकनीकी समस्या को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में तकनीकी टीम से दूरभाष पर बातचीत की गई है और जल्द समस्या का समाधान किए जाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ाने को लेकर भी चर्चा की जा रही है तथा विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए जल्द सकारात्मक पहल की जाएगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कॉलेज सचिव वसीम अकरम, एनएसयूआई सदस्य रमजान शेख, अनिकेत कर्मकार, उज्ज्वल कुमार यादव, महजूरा खातून, रितु कुमारी सहित विद्यार्थी अनिमेष मंडल, आफताब आलम, सिंटू कुमार साह, बुलटी कुमारी, राधा कुमारी समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
मंत्री बोले—पीडीएस डीलर व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी, केंद्र से लंबित राशि के लिए लगातार संपर्क
रांची। राज्य के जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) डीलरों के बकाया कमीशन के भुगतान को लेकर खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सरकार की गंभीरता जताई है। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2024-25 तथा 2025-26 के सात माह के लंबित कमीशन के भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। इस दिशा में विभाग लगातार प्रयास कर रहा है।
मंत्री ने कहा कि राज्य के 25 हजार से अधिक पीडीएस डीलर खाद्य वितरण व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इनके माध्यम से लाखों गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचता है। ऐसे में डीलरों के कमीशन का समय पर भुगतान सार्वजनिक वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जरूरी है।
डॉ. अंसारी ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से डीलर कमीशन के रूप में एक वर्ष की राशि राज्य को उपलब्ध कराई गई है और उपलब्ध राशि के आधार पर भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। शेष बकाया राशि के लिए राज्य सरकार केंद्र के लगातार संपर्क में है। इस संबंध में केंद्र को पत्र भी भेजा गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी केंद्र से लंबित राशि शीघ्र उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
मंत्री ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में 14 जिलों में डीलरों का पूरा भुगतान हो चुका है, जबकि शेष जिलों का भुगतान भी जल्द होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि कुछ भुगतान ट्रेजरी स्तर पर लंबित हैं, जिनके शीघ्र निस्तारण का प्रयास किया जा रहा है।
‘नेतागिरी नहीं, संवाद से निकलेगा समाधान’
डीलर एसोसिएशन की ओर से सामने आए कुछ बयानों पर मंत्री ने कहा कि डीलरों की समस्याओं के समाधान के लिए विभाग का दरवाजा हमेशा खुला है। उन्होंने संगठन के प्रतिनिधियों से आंदोलन या बयानबाजी के बजाय सीधे विभाग के साथ संवाद करने की अपील की।
उन्होंने कहा, “डीलर एसोसिएशन से कहना चाहता हूं कि आप लोग नेतागिरी न करें। जो भी समस्या है, सीधे मुझसे आकर कहें। विभाग का मंत्री मैं हूं और आपकी समस्या का समाधान निकालने की जिम्मेदारी भी मेरी है। हम बैठकर बातचीत के जरिए रास्ता निकालेंगे।”
मंत्री ने बताया कि 6 अक्टूबर को विभागीय स्तर पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें डीलरों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होगी। उन्होंने संगठन के प्रतिनिधियों से अपनी समस्याएं और सुझाव तथ्यों के साथ बैठक में रखने की अपील की, ताकि समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।
डॉ. अंसारी ने कहा कि सरकार पीडीएस डीलरों को केवल खाद्यान्न वितरण व्यवस्था का हिस्सा नहीं मानती, बल्कि उन्हें सरकार की खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने वाली महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में देखती है। उन्होंने कहा कि डीलरों के हितों और समस्याओं की अनदेखी नहीं की जाएगी।
मंत्री ने डीलरों से धैर्य बनाए रखने और विभाग के साथ समन्वय कर काम करने की अपील करते हुए कहा कि बकाया कमीशन के भुगतान के लिए राज्य सरकार की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
रांची। लहू बोलेगा रक्तदान संगठन रांची के नेतृत्व में झारखंड थैलेसीमिया-सिकल सेल एनीमिया- हीमोफीलिया-अप्लाटिक एनीमिया पीड़ित एसोसिएशन,झारखंड राज्य स्वैच्छिक रक्तदान संगठन कॉर्डिनेशन कमेटी का आज संयुक्त 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष श्री केशव कमलेश महतो जी से 09 सूत्री मांगों भरे स्मार-पत्र देकर झारखंड कांग्रेस कार्यालय,मेन रोड़,रांची में मिला।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेशाध्यक्ष श्री केशव कमलेश महतो जी को 09 सूत्री स्मार-पत्र एवं दो विशेष मुद्दों पर प्रतिवेदन देकर अवगत किया।
झारखंड कांग्रेस के कोटे से बनें माननीय स्वास्थ्य मंत्री को हमलोगों के द्वारा कई बार प्रतिनिधिमंडल द्वारा स्मार-पत्र देकर अवगत किया गया मगर नतीज़ा उपयुक्त नही,आज तक रक्त विकार रोगियों-परिजनों-रक्तदान आयोजकों संग बैठकर पीड़ा-समाधान पर हल नही करने सहित रक्त विकार रोग के पीड़ितों की नीति- व्यवहारिक-तार्किक क्रियान्वयन उपयुक्त नही होने की वजह से सौकड़ों पीड़ितों का देहांत हो रहा है, थैलेसीमिया-सिकल सेल-हीमोफीलिया- अप्लाटिक एनीमिया एवं रक्तदान के बहुआयामी मुद्दें पर झारखंड कांग्रेस के विधायक दल नेता श्री प्रदीप यादव जी द्वारा 09 दिसंबर 2025 के विधानसभा में उठाएं मुद्दें पर एक महीनें में लागू करने की घोषणा को लागू किया जाए,
इसीपर दो झारखंड कांग्रेस के विधायक दल नेता एवं स्वास्थ्य मंत्री की बीच काफ़ी गहमागहमी होकर अनुशासन हीनता में माना गया पर जिसपर मुद्दें पर अनुशासन हीनता माना गया वह मुद्दा ही आज तक सवाल बना हुआ है,इसको निष्पादित किया जाए।
झारखंड सरकारी ब्लड बैंक व्यवस्था-संचालन- जांच एवं अन्य पर निजी कंपनी संग हुए एमओयू को रद्द कर सरकारी ब्लड बैंक एवं जैसेक्स को मजबूत किया जाए एवं पूर्व के कई आदेश समेत विशेष प्रतिवेदन सहित अन्य ज्वलंत मुद्दें पर अवगत किया गया।
विशेष प्रतिवेदन में रक्त विकार रोग से स्वर्गवास हो चुके झारखंड भर के बच्चों की सूची एवं निजी कंपनी एम.ए. साइंस कंपनी पर विशेष प्रतिवेदन भी दिया गया।
प्रदेशाध्यक्ष ने सभी मुद्दों को गंभीरतापूर्वक सुना-समझा उसके बाद माननीय स्वास्थ्य मंत्री से फोन से बातचीत की एवं कहा झारखंड थैलेसीमिया-सिकल सेल समेत रक्तदान के नीतिगत मुद्दें जनहित में सर्वप्रथम है जिसपर अवश्य जनहित में कार्रवाई होगी।
झारखंड कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के नेतृत्व में माननीय स्वास्थ्य मंत्री से आपके प्रतिनिधिमंडल संग चर्चा को निष्पादित किया जाएगा।
प्रदेशाध्यक्ष जी को पीड़ितों के परिजनों द्वारा पुष्पगुच्छ देकर झारखंडी अंगवस्त्र पहनाया गया।
झारखंड कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष श्री केशव कमलेश महतो संग प्रदेश प्रवक्ता डॉ राजेश गुप्ता,प्रदेश प्रवक्ता सतीश कुमार,वरिष्ठ कांग्रेस नेता/राजनैतिक सलाहकार शुक्ला जी उपस्थित थे।
प्रतिनिधिमंडल में रक्तवीर नदीम खान,पीड़ित परिजन संजय टोप्पो,संजय महतो,सीमा देवी,फ़रिहाया बिलकिस,नीलू,टोप्पो,मो तौहिद, पीड़ित सोनम कुमारी,रक्तवीर इंजीनियर शाहनवाज, साज़िद उमर,मो बब्बर,अकरम राशिद,मोजाहिद, मो जावेद एवं अन्य शामिल थे।