सुदेश महतो बोले— झारखंड की जल, जंगल और जमीन पर जनता का अधिकार
गुमला । झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा कि राज्य की जल, जंगल और जमीन पर यहां की जनता का अधिकार है। झारखंड की खनिज संपदा का उपयोग राज्य के विकास और आम लोगों की समृद्धि के लिए होना चाहिए। इसके लिए जनता को एकजुट होकर संघर्ष करने की जरूरत है। वे सोमवार को गुमला नगर भवन में आयोजित आजसू पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन सह मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, युवाओं, महिलाओं और समाजसेवियों समेत सैकड़ों लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
सुदेश महतो के गुमला पहुंचने पर भरनो में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान 100 से अधिक बाइकों के साथ जुलूस निकाला गया। इसके बाद उन्होंने स्थानीय नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ पदयात्रा की। नगर भवन पहुंचने पर पारंपरिक तरीके से उनका अभिनंदन किया गया। सम्मेलन में जिले के सभी 12 प्रखंडों और 159 पंचायतों से कार्यकर्ता शामिल हुए।
सरकार की नीतियों पर साधा निशाना
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने राज्य सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा राज्य के विकास, गरीबी दूर करने और लोगों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने का आधार बननी चाहिए थी, लेकिन सरकार की नीतियों ने राज्य के भविष्य को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का लाभ आम जनता तक पहुंचना चाहिए और विकास की योजनाओं में स्थानीय लोगों के हितों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता अपने प्रतिनिधियों को नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपती है, न कि किसी परिवार को राजसत्ता सौंपने के लिए जनादेश देती है। झारखंड आंदोलन में दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसी राजनीतिक परिवार से जुड़े होने मात्र से अगली पीढ़ी में समान नेतृत्व क्षमता होने की गारंटी नहीं दी जा सकती।
सुदेश महतो ने राज्य सरकार पर जवाबदेही और स्पष्ट विकास रोडमैप के अभाव का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए और विकास कार्यों की स्पष्ट दिशा बतानी चाहिए। उनके अनुसार, जनता को जनादेश का वास्तविक लाभ मिलना जरूरी है।
अंतिम व्यक्ति तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना लक्ष्य
आजसू अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी जनता की समस्याओं के समाधान और राज्य के अंतिम व्यक्ति तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं समझने, उनके समाधान के लिए प्रयास करने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकास की मुख्यधारा से वंचित लोगों को जोड़ना पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है।
सैकड़ों नए सदस्य पार्टी में शामिल
सम्मेलन के दौरान युवराज राम मनोहर नाथ शाहदेव और गोवर्धन सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं, महिलाओं एवं समाजसेवियों ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने नए सदस्यों को माला पहनाकर और पार्टी का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। उन्होंने सभी से पार्टी की विचारधारा के अनुरूप जनता के बीच सक्रिय रहकर काम करने की अपील की।
कार्यक्रम में आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव अंजू देवी एवं उमेश सिंह भोगता, केंद्रीय सचिव गोपीनाथ सिंह एवं मोहसिन खान, गुमला जिला अध्यक्ष दिलीप नाथ साहू, आजसू छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा और युवा आजसू प्रभारी प्रताप सिंह समेत कई केंद्रीय एवं जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे।
आजसू पार्टी ने झारखंड के अधिकार, स्वाभिमान, पहचान और विकास की लड़ाई को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा जनभागीदारी के माध्यम से संगठन को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।