सोनाहातु (राँची): पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर राँची जिले के पश्चिम बंगाल से सटे सीमावर्ती इलाकों में अवैध शराब के खिलाफ व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया।
गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए इस अभियान के तहत सारेंगडीह, बरुआडीह, बीरदीडीह नदी किनारे समेत कई संवेदनशील स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान अवैध चुलाई शराब बनाने वाली कई भट्टियों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया।
छापेमारी के दौरान प्रशासन ने बड़ी मात्रा में कार्रवाई करते हुए करीब 2850 किलोग्राम फर्मेंटेड जावा महुआ को नष्ट किया, जबकि लगभग 85 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई।
हालांकि, इस अवैध कारोबार से जुड़े भट्ठी संचालक मौके से फरार होने में सफल रहे। प्रशासन द्वारा उनके खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव अवधि के दौरान अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर कड़ी नजर रखी जा रही है और इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।
साहेबगंज। समाहरणालय सभागार में राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद सह जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (DISHA) के अध्यक्ष विजय कुमार हांसदा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना, उनके क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं की पहचान करना तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करना था।
बैठक में जिले के विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर पर राजमहल विधायक मो0 ताजुद्दीन, बोरियो विधायक धनंजय सोरेन, पाकुड़ विधायक निसार आलम, जिला परिषद अध्यक्षा मोनिका किस्कु, जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त हेमंत सती, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग, उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास, अपर समाहर्ता गौतम भगत सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, DISHA समिति के सदस्य एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा क्षेत्रीय समस्याओं को विस्तारपूर्वक रखा गया तथा उनके समाधान हेतु आवश्यक सुझाव दिए गए। राजमहल विधायक द्वारा अनुमंडल अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा के अभाव का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। उन्होंने बताया कि चिकित्सक के अभाव में आमजनों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर माननीय सांसद द्वारा DMFT मद से चिकित्सक की नियुक्ति करने का निर्देश दिया गया।
वहीं बरहेट विधायक प्रतिनिधि द्वारा यह मुद्दा उठाया गया कि जिले में नियुक्त चिकित्सक कुछ ही महीनों में त्यागपत्र देकर चले जाते हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होती हैं। इस पर सुझाव दिया गया कि चिकित्सकों की नियुक्ति में कम से कम दो वर्षों का अनिवार्य सेवा अनुबंध (एग्रीमेंट) लागू किया जाए, ताकि स्थायित्व सुनिश्चित हो सके।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि राजमहल अनुमंडल अस्पताल में आगामी 20 अप्रैल तक अनिवार्य रूप से अल्ट्रासाउंड सेवा एवं बेड साइड ऑक्सीजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पाकुड़ विधायक द्वारा अपने क्षेत्र में अल्ट्रासाउंड एवं महिला चिकित्सकों की अनुपलब्धता का मुद्दा उठाया गया। उन्होंने कहा कि इससे विशेष रूप से महिला मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस पर माननीय सांसद ने राज्य स्वास्थ्य विभाग को पत्राचार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत सोलर पंपों की मरम्मत को लेकर भी चर्चा की गई। माननीय सांसद ने बताया कि पूर्व में दिए गए निर्देश के अनुपालन में जिले में तीन मरम्मती केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने निर्देश दिया कि सभी क्षेत्रों में खराब पड़े चापाकल, बोरिंग एवं जलमीनार का सर्वे कर रिपोर्ट तैयार की जाए, ताकि उनकी शीघ्र मरम्मत कराई जा सके और पेयजल आपूर्ति सुचारू हो सके।
जरेडा (JREDA) द्वारा स्थापित सोलर लाइटों के खराब होने का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। राजमहल विधायक ने जानकारी दी कि जिले में बड़ी संख्या में सोलर लाइट खराब पड़ी हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में अंधेरा छाया रहता है। इस पर संबंधित विभाग को सभी खराब सोलर लाइटों की मरम्मत शीघ्र कराने का निर्देश दिया गया।
पाकुड़ विधायक द्वारा कोटालपोखर क्षेत्र के श्रीकुंड में अतिक्रमण का मुद्दा उठाया गया। इस पर प्रशासन को अतिक्रमण हटाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया, ताकि सार्वजनिक भूमि का उपयोग जनहित में किया जा सके।
वहीं बरहेट विधायक प्रतिनिधि द्वारा शहर में बढ़ती यातायात जाम की समस्या को देखते हुए ग्रीन होटल से बांटा रोड तक स्थित स्ट्रीट वेंडरों को वैकल्पिक स्थान पर स्थानांतरित करने का सुझाव दिया गया। इस पर प्रशासन को समुचित योजना बनाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
बैठक के दौरान सांसद ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा समयबद्ध तरीके से कार्यों को पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही प्रशासन का मुख्य उद्देश्य होना चाहिए।
अंत में सांसद ने सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि जिले के समग्र विकास को गति दी जा सके।
मौके पर सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
साहिबगंज।चर्चित सामाजिक कार्यकर्ता सह पर्यावरण प्रेमी सैयद अरशद नसर ने मंगलवार को झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन,डीजीपी तदाशा मिश्रा,दुमका के आईजी पटेल मयूर कन्हैया लाल,डीआईजी अम्बर लकड़ा व साहिबगंज जिले के डीसी हेमंत सती,एसपी अमित कुमार सिंह,झारखंड के खनन सचिव अराव राजकमल,निदेशक-खान झारखंड राहुल कुमार सिन्हा को स्पीड पोस्ट से पांच पन्ने का आवेदन भेज कर जिरवाबाड़ी थाना कांड संख्या-104/24 तथा 204/24 के पर्यवेक्षण पदाधिकारी सह साहिबगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किशोर तिर्की व कांड के अनुसंधानकर्ता लव कुमार,दीपक क्रिएशन,मो.शाहरुख व जिले के भ्रष्ट व चरित्रहीन खनन पदाधिकारी सह केसकर्ता कृष्ण कुमार किस्कू व अन्य के खिलाफ़ भारतीय न्याय संहिता-2023 की सुसंगत धाराओं के तहत् अविलंब प्राथमिकी दर्ज करते हुए कड़ी से कड़ी कानूनी,विभागीय व विधि सम्मत कार्रवाई करने की मांग की है.कार्रवाई नहीं होने पर अरशद ने न्यायालय व मानवा अधिकार आयोग का दरवाजा खटखटाने का चेतावनी दी है.भेजे गए आवेदन में अरशद ने आरोप लगाया है कि पुर्व का बदला लेने के उद्देश्य से डीएमओ किस्कू ने पत्थर माफियाओं,कारोबारियों,खनन कर्मीयों व भ्रष्ट पुलिस-प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ अनैतिक सांठ गांठ व लेन देन कर मेरे खिलाफ़ पुरी तरह से दो-दो झूठा केस दर्ज करवा दिया.जिसके चलते पुरी तरह से निर्दोष रहते हुए भी मुझे करीब एक साल जेल में रहना पड़ा जो कि मेरे संवैधानिक,मौलिक व मानवाधिकार का खुला हनन व घोर उल्लघंन है.विदित हो कि अरशद अभी हाल ही में जेल से बाहर आएं है.जेल से बाहर आते ही अरशद के द्वारा उठाएं गए इस कदम से भ्रष्ट पुलिस-प्रशासनिक पदाधिकारियों,पत्थर माफियाओं व कारोबारियों में हड़कंप है तो दुसरी ओर सामाजिक कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर देखीं जा रही है.
रांची। कांके भिटा बस्ती में दिनांक 10 अप्रैल 2026 को आदिवासी समाज के महतो, रैयत, ग्राम सभा एवं ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता ग्राम सभा की अध्यक्ष वर्षा गाड़ी ने की।
बैठक में पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाजों का पालन करते हुए सर्वसम्मति से पूर्व पाहन सोनू पाहन को उनके पद से हटाकर नए पाहन के रूप में डोमन मुंडा की घोषणा की गई। सरना स्थल पर विधिवत रूप से उन्हें सूप सौंपकर यह प्रक्रिया पूरी की गई।
इसके पश्चात पारंपरिक नाच-गान के साथ नए पाहन को सम्मानपूर्वक उनके घर तक लाया गया। तत्पश्चात महतो, रैयत एवं समस्त ग्रामीणों की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना कर उन्हें आधिकारिक रूप से पदस्थापित किया गया। यह निर्णय ग्राम सभा एवं समाज के सभी सदस्यों की सहमति से लिया गया।
इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही, जिनमें प्रमुख रूप से:
- केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष फूलचंद तिर्की
- केंद्रीय महिला सरना समिति की अध्यक्ष एंजेल लकड़ा
- केंद्रीय पाहन जगलाल पाहन
- बारह पहाड़ महाराजा मंन्द्र मुंडा के महामंत्री सधन उरांव
- टुटलो बेड़ो के पाहन मंगरा उरांव
- पत्र टोली के पाहन बुद्धू मुंडा
सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संगीता गाड़ी, मितीयस उरांव, मंजुला टोप्पो एवं अन्य ग्रामीणों की भी सक्रिय भागीदारी रही।
रांची। कांस्टेबल (जीडी) राकेश कुमार (बल संख्याः 135370141) बाबुडेरा, थाना जरायकेला, जिला पश्चिम सिंहभूम क्षेत्र में संचालित अभियान में तैनात थे। इसी दौरान आकस्मिक रूप से एक पेड़ गिरने की घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार प्रदान कर बेहतर चिकित्सा सुविधा हेतु रांची के राज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
दिवंगत कर्मी का गृह पता ग्राम धमनी, थाना हसपुरा, जिला औरंगाबाद है। उनका जन्म दिनांक 06 अगस्त 1993 था तथा उनकी आयु लगभग 33 वर्ष थी। वे दिनांक 08 मार्च 2013 को केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल में भर्ती हुए थे।
महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखण्ड, केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल के महानिदेशक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है तथा दिवंगत कर्मी के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
वरीय पदाधिकारी/बल के द्वारा दिवंगत कर्मी के पार्थिव शरीर को उनके गृह स्थान औरंगाबाद भेजने की आवश्यक कार्यवाही की जा रही है, जहां शहीद जवान को अंतिम सलामी दी जायेगी।
साहेबगंज (राजमहल): जिले के राजमहल थाना क्षेत्र अंतर्गत खुट हरी पंचायत से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां अबुआ आवास योजना के नाम पर एक 70 वर्षीय बुजुर्ग से ठगी किए जाने का आरोप लगा है।
पीड़ित बुजुर्ग ने पंचायत के एक वार्ड सदस्य पर 5000 रुपये लेने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पैसे लेने के बावजूद न तो उन्हें आवास योजना का लाभ मिला और न ही अब तक उनकी रकम लौटाई गई।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, करीब एक वर्ष पूर्व बुजुर्ग ने वार्ड सदस्य से घर दिलाने की गुहार लगाई थी। इस दौरान कथित रूप से उनसे 5000 रुपये की मांग की गई, यह कहकर कि इससे योजना की स्वीकृति में मदद मिलेगी।
भरोसा कर बुजुर्ग ने अपनी जमा-पूंजी से राशि दे दी, लेकिन समय बीतने के बाद भी उन्हें कोई लाभ नहीं मिला।
लगातार टालमटोल से परेशान
पीड़ित का आरोप है कि:
- कई बार संपर्क करने के बावजूद
- वार्ड सदस्य केवल टालमटोल करते रहे
- न आवास मिला, न पैसे वापस हुए
इससे बुजुर्ग मानसिक और आर्थिक रूप से काफी परेशान हैं।
प्रशासन से लगाई गुहार
बुजुर्ग ने इस मामले की शिकायत जिला उपायुक्त हेमंत सती से की है और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि उनके साथ धोखाधड़ी की गई और उनकी मजबूरी का फायदा उठाया गया।
जांच की संभावना
प्रशासनिक स्तर पर इस मामले की जांच शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि:
- जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी
- दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी
ग्रामीणों में आक्रोश
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही साबित होते हैं, तो यह:
- एक व्यक्ति के साथ अन्याय ही नहीं
- बल्कि सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता पर भी सवाल है
ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।अब सबकी नजर प्रशासनिक जांच पर टिकी है—देखना होगा कि बुजुर्ग को न्याय कब तक मिल पाता है।
रांची। झारखंड राज्य कुश्ती संघ एवं धनबाद जिला कुश्ती संघ के संयुक्त तत्वावधान मे धनबाद के महुदा में 05 से 06 अप्रैल तक संपन्न अंडर 17 राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में खेल विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा चांद भैरव इनडोर स्टेडियम साहेबगंज में संचालित खेलो इंडिया कुश्ती सेंटर के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के दम पर जिले की टीम राज्य स्तरीय अंडर 17 कुश्ती प्रतियोगिता में ओवर आल चैंपियन बना। टीम को धनबाद से साहेबगंज लौटने पर जिला खेल कार्यालय में जिला खेल पदाधिकारी कुमार हर्ष ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया एवं भविष्य में बेहतर प्रदर्शन हेतु शुभकामना दी।
इस अवसर पर खेलो इंडिया कुश्ती सेंटर के कोच प्रकाश सिंह बादल, खेल समन्वयक कौशल किशोर मरांडी, कोच योगेश यादव कार्यालय कर्मी गौरव प्रियदर्शी, सुरेंद्र कुमार, समा प्रवीण समेत अन्य मौजूद थे।
वहीं जिला कुश्ती संघ की सचिव नमिता कुमारी समेत जिले के खेल प्रेमियों ने बधाई दी।
पदक विजेता खिलाड़ी
ग्रीको रोमन कुश्ती
51 कि.ग्रा. - करण कुमार - स्वर्ण पदक
45 कि.ग्रा. - राहुल कुमार गोंड - रजत पदक
60 कि.ग्रा. - राजू यादव - रजत पदक
71 कि.ग्रा. - सत्यम कुमार - रजत पदक
80 कि.ग्रा. - मोनू कुमार चौधरी - रजत पदक
55 कि.ग्रा. - आदित्य कुमार यादव - कांस्य पदक
55 कि.ग्रा. - समीर कुमार यादव - कांस्य पदक
फ्रीस्टाइल कुश्ती
48 कि.ग्रा. - ऋषि कुमार चौधरी - स्वर्ण पदक
51 कि.ग्रा. - अंकुश कुमार यादव - स्वर्ण पदक
60 कि.ग्रा. - बल्लव कुमार चौधरी - रजत पदक
65 कि.ग्रा. - सोनू कुमार - स्वर्ण पदक
महिला कुश्ती
57 कि.ग्रा. - श्रुति कुमारी - स्वर्ण पदक
43 कि.ग्रा. - मुस्कान कुमारी - कांस्य पदक
53 कि.ग्रा. - निशा कुमारी - कांस्य पदक
रांची।।सेंट्रल कोलफील्डस लिमिटेड ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में व्यापक, समावेशी एवं जनोन्मुखी पहल करते हुए कर्मचारियों, उनके आश्रितों तथा आसपास के ग्रामीण एवं शहरी समुदायों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।
कंपनी के केंद्रीय अस्पतालों गांधीनगर, रामगढ़ एवं ढोरी सहित स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए गए प्रयास इस बात को रेखांकित करते हैं कि सीसीएल केवल औद्योगिक उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व के निर्वहन में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। कोयलांचल क्षेत्र में सीसीएल के अस्पताल आज केवल उपचार के केंद्र नहीं रह गए हैं, बल्कि वे आसपास के समुदायों के लिए भरोसे, राहत और आशा के सशक्त प्रतीक बनकर उभरे हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान सीसीएल की स्वास्थ्य सेवाओं ने जिस व्यापकता, संवेदनशीलता और आधुनिकता के साथ कार्य किया है, वह इसे एक जनोन्मुखी स्वास्थ्य मॉडल के रूप में स्थापित करता है।
हर दिन हजारों लोग जब सीसीएल के अस्पतालों की ओर रुख करते हैं, तो उनके साथ केवल बीमारी ही नहीं, बल्कि उम्मीदें भी होती हैं और इन उम्मीदों को संजीवनी देने का कार्य सीसीएल के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और व्यवस्थाएँ निरंतर कर रही हैं।
केंद्रीय अस्पताल, गांधीनगर इस दिशा में एक प्रमुख स्तंभ के रूप में उभरा है, जहां इस अवधि के दौरान 1,01,955 OPD एवं 3,435 IPD मरीजों का उपचार किया गया तथा 1,879 सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न की गईं। PME (5,931/5,960) एवं IME (780 नियमित, 1,724 संविदा कर्मी) के तहत व्यापक स्वास्थ्य जांच की गई। सीएसआर के अंतर्गत 890 शिविरों के माध्यम से 1,50,979 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया तथा 28 रक्तदान शिविरों से 660 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
अस्पताल में BA-21 Semi Auto Analyser, Autoclave, OT Scrub Stations, DG Set 750 KVA, RO Water Plant, Digital Slit Lamp सहित कई आधुनिक उपकरण जोड़े गए हैं। डायलिसिस हेतु RO सिस्टम, योग कक्ष, डिजिटल डिस्प्ले, OPD क्यू सिस्टम जैसी सुविधाएं विकसित की गईं।AB-PMJAY के तहत 177 लाभार्थियों को सेवा दी गई। DNB कोर्स, सुपरस्पेशियलिटी क्लीनिक, डिजिटल पेमेंट, फायर सेफ्टी एवं अन्य व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हैं।
रक्तदान जैसे मानवीय कार्यों में भी सीसीएल की भूमिका प्रेरणादायक रही है। वर्ष भर में विभिन्न शिविरों के माध्यम से सैकड़ों यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जो जरूरतमन्द मरीजों के लिए जीवनदायी साबित हुआ।
ग्रामीण क्षेत्रों, स्कूलों एवं समुदायों में आयोजित स्वास्थ्य एवं एनीमिया जागरूकता कार्यक्रमों ने लोगों को न केवल उपचार, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने का कार्य किया है। सीसीएल की स्वास्थ्य सेवाएँ केवल रोगों के उपचार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि एक स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में समर्पित हैं।
रामगढ़ अस्पताल ने क्षेत्रीय स्तर पर उन्नत चिकित्सा सेवाओं का एक सशक्त केंद्र विकसित किया है। अमृत फार्मेसी का सफल संचालन करते हुए आसपास के छह क्षेत्रों को दवाओं की आपूर्ति की जा रही है तथा 13,000 से अधिक HIMS हेल्थ कार्ड जारी किए गए हैं। अस्पताल में लैप्रोस्कोपी मशीन, कॉटरी मशीन, स्ट्रेचर, व्हीलचेयर, सेंट्रीफ्यूज आदि उपकरण स्थापित किए गए हैं।
यहां लेजर सर्जरी, लैप्रोस्कोपिक सर्जरी, हिप एवं नी रिप्लेसमेंट जैसी जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की गईं। साथ ही अस्पताल परिसर में फेसलिफ्ट, सोलर प्लांट, सड़क निर्माण एवं अन्य बुनियादी सुधार कार्य किए गए। भविष्य में लिफ्ट, STP, CCTV एवं अन्य सुविधाओं के विकास की योजना है।
केंद्रीय अस्पताल, ढोरी (CHD) ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए 64,217 OPD, 5,188 आपातकालीन मामले एवं 4,831 भर्ती उपचार दर्ज किए। 16,367 लाभार्थियों को CSR के तहत लाभ मिला तथा ऑपरेशन ज्योति के अंतर्गत 37 सर्जरी की गईं।
ऑक्यूपेशनल हेल्थ सेंटर के माध्यम से 1,785 PME, 163 IME एवं 307 संविदा जांच तथा 227 आई टेस्ट किए गए। अस्पताल में OT एवं अन्य चिकित्सा उपकरणों की खरीद की गई है तथा परिसर के नवीनीकरण का कार्य प्रगति पर है। हालांकि कुछ उपकरणों की खरीद एवं भवन निर्माण कार्य लंबित हैं।
इसके अतिरिक्त, स्वास्थ्य विभाग द्वारा सक्शन मशीन एवं एक्स-रे इल्यूमिनेटर्स की खरीद की गई है तथा अन्य उपकरणों की खरीद प्रक्रिया जारी है। 100 टीबी मरीजों की स्क्रीनिंग की गई, जिनमें उपचार, रिकवरी एवं अन्य स्थितियों का समुचित प्रबंधन किया गया।
सीएसआर के तहत ग्रामीण, स्कूल एवं एनीमिया जागरूकता शिविरों का आयोजन कर सैकड़ों लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। साथ ही 02 रक्तदान शिविरों के माध्यम से 99 यूनिट रक्त संग्रहित कर गांधीनगर अस्पताल भेजा गया।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में सीसीएल द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए ये प्रयास इस बात का प्रमाण हैं कि कंपनी अपने औद्योगिक दायित्वों के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व को भी उतनी ही गंभीरता से निभा रही है। कोयलांचल के इन अस्पतालों ने सचमुच ‘आशा के केंद्र’ के रूप में अपनी पहचान बनाई है, जहाँ हर मरीज के साथ एक नई उम्मीद जन्म लेती है।सीसीएल का यह निरंतर प्रयास आने वाले समय में भी समुदाय के स्वास्थ्य, सुरक्षा और समग्र कल्याण की दिशा में एक मजबूत आधारशिला सिद्ध होगा।
रांची: मारवाड़ी युवा मंच रांची समर्पण शाखा द्वारा महातुलादान महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 19 अप्रैल (रविवार) अक्षय तृतीया के अवसर पर रांची हरमू गौशाला में आयोजित होगा।
शाखा अध्यक्ष शुभम अग्रवाल के नेतृत्व में सत्र 2026-27 के लिए नई कमिटी का गठन किया गया है, जिसके तहत इस भव्य कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार, इस महोत्सव में 11 जोड़े अपने-अपने वजन के अनुसार तौलकर अनाज, घी, गुड़ सहित अन्य सामग्री का दान करेंगे।
शाखा सचिव रेखा राजगढ़िया ने बताया कि हिंदू धर्म, विशेषकर मारवाड़ी समाज में तुलादान का विशेष महत्व है। यह परंपरा न केवल धार्मिक आस्था से जुड़ी है, बल्कि इसे शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति, पापों से मुक्ति और आध्यात्मिक उन्नति के लिए भी महत्वपूर्ण माना जाता है।
कार्यक्रम सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा, जिसमें पूजा-अर्चना, गौ माता की सेवा और दान-पुण्य के विविध आयोजन होंगे। इस दौरान भाग लेने वाले 11 जोड़े धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लेकर अपने वजन के अनुसार दान कर पुण्य अर्जित करेंगे।
यह एक दिवसीय कार्यक्रम शाखा की संयोजिका निकिता जालान, गौ सेवा प्रभारी सौम्या सामोटा और गौ सेवा संयोजिका कविता सोमानी के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने में गौशाला समिति, समाज के सदस्य, प्रेस मीडिया और शाखा के सदस्यों का सहयोग मिल रहा है।
शाखा मीडिया प्रभारी वेदिका सिंधानिया ने विश्वास जताया है कि यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न होगा।
रांची : स्थानीय होटल में सीड के द्वारा सोमवार को एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया । कार्यक्रम की जानकारी देते हुए आयोजक ने बताया कि , पूर्वी और मध्य भारत के क्षेत्रीय विकास को गति देने के उद्देश्य से सेंटर फॉर एनवायरनमेंट एंड एनर्जी डेवलपमेंट (सीड) द्वारा ‘एकम डायलॉग्स – संवाद से निर्माण’ पहल की शुरुआत की जा रही है। यह कार्यक्रम 8 और 9 अप्रैल को रांची में आयोजित होगा।
यह पहल झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ और ओडिशा जैसे राज्यों के सामाजिक-आर्थिक विकास को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है। इसका उद्देश्य स्थानीय समुदायों, नीति-निर्माताओं, उद्योग प्रतिनिधियों, शोधकर्ताओं, महिलाओं और युवाओं को एक साझा मंच पर लाकर संवाद और सह-निर्माण को बढ़ावा देना है।
सीड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रमापति कुमार ने बताया कि यह क्षेत्र प्राकृतिक संसाधनों, सांस्कृतिक विरासत और सामुदायिक ज्ञान से समृद्ध है, जो देश के औद्योगिक विकास और ऊर्जा सुरक्षा में अहम भूमिका निभाता रहा है। अब जरूरत है कि इस क्षेत्र को सतत विकास और जलवायु अनुकूलन के साथ आगे बढ़ाया जाए, ताकि ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य को साकार किया जा सके।
‘एकम डायलॉग्स’ का फोकस संवाद और निर्माण—इन दो प्रमुख स्तंभों पर आधारित है। संवाद के जरिए साझा दृष्टिकोण तैयार किया जाएगा, वहीं निर्माण के माध्यम से स्थानीय जरूरतों के अनुरूप समाधान विकसित किए जाएंगे। इस पहल के तहत कला, शिल्प, जमीनी समाधान और इनोवेशन को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
कार्यक्रम में देशभर से 70 से अधिक विशेषज्ञ और वक्ता शामिल होंगे, जो 11 सत्रों में अपने विचार साझा करेंगे। साथ ही, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 पद्मश्री सम्मानित व्यक्तियों की उपस्थिति भी कार्यक्रम की खासियत होगी।
इस दौरान 27 ‘चेंजमेकर’ को ‘एकम सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का उदाहरण पेश किया है।
‘एकम डायलॉग्स’ का उद्देश्य लोक-केंद्रित जलवायु अनुकूलन, आजीविका सुदृढ़ीकरण, पारंपरिक ज्ञान का संरक्षण और तकनीकी नवाचार के माध्यम से एक समावेशी और सतत भविष्य का निर्माण करना है।
इस अवसर पर अरविंद कुमार ठाकुर, लक्ष्मी पूर्ति सहित अन्य उपस्थित थे।