साहेबगंज। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत जिले में सिख से सुरक्षा, तकनीक से परिवर्तन” थीम के साथ 20वें दिन साइकिल चालकों के बीच विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम साहिबगंज जिले के प्रमुख स्थलों—रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड—पर आयोजित हुआ।कार्यक्रम के दौरान साइकिल चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई तथा सुरक्षित रूप से सड़क पर चलने के लिए प्रेरित किया गया। रात्रि अंधेरे एवं कोहरे में दुर्घटनाओं से बचाव हेतु साइकिल के आगे-पीछे रिफ्लेक्टिव टेप (परावर्तक पट्टी) लगाने की अनिवार्यता पर विशेष जोर दिया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता करने वाले नेक नागरिकों को गुड सेमेरिटन पॉलिसी के अंतर्गत सरकार द्वारा ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है, इसलिए बिना किसी भय के मानवता का परिचय देते हुए सहायता करनी चाहिए।
इस अवसर पर सड़क सुरक्षा से संबंधित पंपलेट एवं बुकलेट का वितरण कर आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा माह केवल दुर्घटना के आंकड़े कम करने का प्रयास नहीं, बल्कि जीवन के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने का संदेश है।
कार्यक्रम में एम.भी.आई. कुमार उत्कर्ष, अभिषेक मुंडा, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक नीरज कुमार साह, रोड इंजीनियर एनालिस्ट अनुज पराशर, आईटी सहायक राजहंस, अभिषेक वत्स, कार्तिक कुमार सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।