साहिबगंज। जिले में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। साहिबगंज जिले में एनडीआरएफ की नई टीम (आपदा मित्र) का गठन किया जाएगा, जबकि पुरानी टीम को आवश्यक जानकारी और दिशा-निर्देश देकर और अधिक दक्ष बनाया जाएगा।
इस संबंध में जिला के अपर समाहर्ता गौतम भगत ने एनडीआरएफ की टीम, जिसे आपदा मित्र कहा जाता है, सदस्यों के साथ बैठक कर उन्हें आपदा के समय कार्य करने के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 26 जनवरी को दिन के ढाई बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिल्ली से सीधा संवाद कराया जाएगा, जिसमें टीम के सदस्यों को सुझाव दिए जाएंगे और उनसे प्रस्ताव भी लिए जाएंगे।
इस दौरान संवाददाता से बातचीत में AC गौतम भगत ने बताया कि जिले में एक नई एनडीआरएफ टीम का गठन किया जा रहा है, जिसमें विशेष रूप से एनसीसी में भाग लेने वाले कैडेट्स को आमंत्रित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को सेवा का अवसर मिलेगा और जिले की आपदा प्रबंधन क्षमता भी मजबूत होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि साहिबगंज जैसे भौगोलिक रूप से संवेदनशील जिले के लिए यह पहल बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि बाढ़, आगजनी, दुर्घटना जैसी आपदाओं के समय प्रशिक्षित टीम की भूमिका निर्णायक होती है।
जिले के लिए मील का पत्थर साबित होगी पहल
नई टीम के गठन से न केवल आपात स्थितियों में त्वरित राहत कार्य संभव होगा, बल्कि युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होगी। प्रशासन की इस पहल को जिले के लिए एक महत्वपूर्ण और दूरगामी कदम माना जा रहा है।