चिरेनजंन (पश्चिम बंगाल) – 77 वे गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर आरपीएफ/सीआईबी/सीएलडब्ल्यू/चित्तरंजन के निरीक्षक-इन-चार्ज नरेंद्र सिंह को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली द्वारा डीजी इंसिग्निया–2024 से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें वित्तीय वर्ष 2023–24 के दौरान किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
आरपीएफ निरीक्षक नरेंद्र सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान रेलवे सुरक्षा और राजस्व संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय योगदान दिया। उन्होंने नीलामी में बिकने वाली सामग्री के निपटान में सक्रिय भूमिका निभाकर रेलवे राजस्व की बचत सुनिश्चित की। इसके अलावा, उन्होंने आरपी (यूपी) अधिनियम के तहत 05 मामलों का खुलासा करते हुए 08 अपराधियों की गिरफ्तारी कराई। अन्य मामलों में भी उन्होंने जांच अधिकारियों को सहयोग देकर चोरी की रेलवे संपत्ति की बरामदगी और अपराधियों की गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाई।
उनके नेतृत्व में सीआईबी/सीएलडब्ल्यू/सीआरजे की टीम ने रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत 107 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई हेतु संबंधित थानों को सौंपा। साथ ही, उन्होंने चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स (सीएलडब्ल्यू) की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया। पूरी सीमा दीवार का भौतिक निरीक्षण कर 82 स्थानों पर क्षतिग्रस्त दीवारों की पहचान की गई, जिससे असामाजिक तत्वों की आवाजाही पर रोक लगाने हेतु प्रशासन को सतर्क किया गया और मरम्मत कार्य शुरू कराया गया।
परिसर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी उन्होंने प्रभावी कदम उठाए और हरित क्षेत्रों में अवैध रूप से पशु चराने वाले 27 लोगों की गिरफ्तारी की गई। इसके अतिरिक्त, रेलवे भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने में भी उनकी टीम ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
उनकी निरंतर निष्ठा और कर्तव्यपरायणता उनके एपीएआरएस एवं सेवा अभिलेख से भी स्पष्ट होती है। इन्हीं उत्कृष्ट सेवाओं के फलस्वरूप उन्हें डीजी इंसिग्निया–2024 से सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह का आयोजन एडब्ल्यू/कॉय/सीएलडब्ल्यू में किया गया, जहां पुरस्कार पीसीएमई/सीएलडब्ल्यू/सीआरजे विनय श्रीवास्तव द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर एएससी/सीएलडब्ल्यू/सीआरजे श्री सोमनाथ चक्रबर्ती सहित आरपीएफ के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।