रांची/पिठोरिया। रांची जिले के पिठोरिया थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। चर्चित आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, निशा भगत ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले वह फेसबुक लाइव पर आकर अपना दर्द बयां कर रही थीं।
जहां फेसबुक लाइव के दौरान निशा भगत ने आरोप लगाया कि कुछ जमीन दलाल उन्हें लगातार बदनाम और परेशान कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हेमंत सरकार और प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। लाइव के दौरान उन्होंने अपनी पीड़ा और परेशानी को सार्वजनिक रूप से व्यक्त किया।
जानकारी के मुताबिक, फेसबुक लाइव के दौरान ही उन्होंने पिठोरिया थाना प्रभारी को फोन कर अपनी जान देने की बात बताई थी। इसके कुछ देर बाद उनके द्वारा फांसी लगाए जाने की खबर सामने आई। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। फिलहाल घटना के वास्तविक कारणों और इससे जुड़े तमाम पहलुओं की जांच पुलिस द्वारा की जानी है।
प्रशासनिक उदासीनता के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग
इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फेसबुक लाइव में निशा भगत द्वारा लगाए गए जमीन दलालों से प्रताड़ित किए जाने और प्रशासनिक स्तर पर सुनवाई नहीं होने के आरोपों की निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है। यह भी जांच का विषय है कि उन्होंने थाना प्रभारी को फोन कर अपनी जान देने की बात बताई थी तो उस समय क्या कार्रवाई की गई थी।
एक आदिवासी नेत्री की इस तरह हुई मौत ने क्षेत्र में सनसनी का माहौल पैदा कर दिया है। अब लोगों की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं। घटना के पीछे की सच्चाई सामने लाने और फेसबुक लाइव में लगाए गए आरोपों की गहराई से जांच पुलिस के द्वारा की जाएगी तब सच सामने आएगा।