महाप्रबंधक गीतिका पांडेय ने की समीक्षा बैठक, कर्मचारी कल्याण और सकारात्मक कार्य-संस्कृति पर हुई चर्चा
कोलकाता। पूर्व रेलवे में कर्मचारियों के कल्याण और स्वस्थ कार्य-संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महाप्रबंधक सुश्री गीतिका पांडेय ने पूर्व रेलवे मुख्यालय में समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यालय एवं सभी मंडलों के अधिकारियों के साथ कार्यस्थल पर तनाव कम करने, सकारात्मक संवाद और बेहतर पारस्परिक संबंधों को विकसित करने के उपायों पर चर्चा की गई।
बैठक में व्यवहारगत परिवर्तन, प्रभावी संचार कौशल और सहयोगपूर्ण कार्य परिवेश के माध्यम से कर्मचारी संबंधों को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने तनावमुक्त व्यावसायिक वातावरण के निर्माण में आपसी समझ, सम्मान और सकारात्मक संवाद की भूमिका पर विचार साझा किए।
बैठक को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक सुश्री गीतिका पांडेय ने वरिष्ठ अधिकारियों से सौहार्दपूर्ण एवं सामंजस्यपूर्ण कार्य परिवेश को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय पहल करने का आह्वान किया। उन्होंने व्यावसायिक तनाव को कम करने तथा कर्मचारियों की समग्र भलाई और कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए अनुकूल कार्यस्थल व्यवस्था और एर्गोनोमिक सुविधाओं के महत्व को भी रेखांकित किया।
पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक श्री शैलेंद्र प्रताप सिंह सहित सभी प्रधान विभागाध्यक्षों एवं प्रमुख अधिकारियों ने बैठक में भाग लिया और तनाव प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे। विभिन्न मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), शाखा अधिकारी तथा कारखानों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
पूर्व रेलवे की यह पहल सकारात्मक संगठनात्मक संस्कृति को बढ़ावा देने, व्यावसायिक संबंधों को सुदृढ़ करने तथा कर्मचारियों के लिए स्वस्थ, सामंजस्यपूर्ण और उत्पादक कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शिवराम मांझी ने कहा कि पूर्व रेलवे प्रभावी संचार, परस्पर सम्मान और सकारात्मक संबंधों के माध्यम से तनावमुक्त कार्य वातावरण को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इससे कर्मचारियों के कल्याण और संगठनात्मक दक्षता में निरंतर वृद्धि होगी।