तालझारी (साहिबगंज): तालझारी–महाराजपुर मुख्य मार्ग पर कालाझोर के पास शुक्रवार को एक ई-रिक्शा दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में दो लोग घायल हो गए, जिनमें एक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार राजमहल थाना क्षेत्र के मखनी निवासी चंदन उरांव और उसका साथी सनी उरांव ई-रिक्शा से चावल की बोरी लेकर तालझारी होते हुए कल्याणचक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कालाझोर के पास घुमावदार मोड़ पर ई-रिक्शा अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे खेत में पलट गया।
दुर्घटना में चंदन उरांव गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि सनी उरांव को हल्की चोटें आई हैं।
इसी रास्ते से गुजर रहे तालझारी थाना क्षेत्र के बिशनपुर निवासी मसीरूद्दीन अंसारी उर्फ मिट्ठू, जो स्वयं ई-रिक्शा चालक हैं, ने घायलों को देखा और तुरंत मदद के लिए आगे आए। उन्होंने घटना की सूचना रोड सेफ्टी योद्धा प्रजापति प्रकाश बाबा को दी।
सूचना मिलने के बाद बाबा ने तुरंत सलाह देते हुए दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तालझारी पहुंचाने को कहा। साथ ही उन्होंने घटना की जानकारी तालझारी थाना प्रभारी नीतीश पांडे को भी दी।
मिट्ठू ने बताया कि बाबा के निर्देश पर उन्होंने तुरंत दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालझारी पहुंचाया और उनके परिजनों को भी सूचना दी। प्राथमिक उपचार के बाद चंदन उरांव को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया, जबकि सनी उरांव खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
सोनाहातु :- आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को सोनाहातु थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप ने की। इस अवसर पर प्रखंड सह अंचल अधिकारी मनोज महथा, प्रखंड प्रमुख विक्टोरिया देवी, पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग, बुद्धिजीवी तथा ग्रामीण उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत होली पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए की गई। थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप ने कहा कि होली रंगों, आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का त्योहार है। यह पर्व समाज में एकता और सद्भाव का संदेश देता है, इसलिए इसे शांति और अनुशासन के साथ मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि कोई व्यक्ति रंग नहीं खेलना चाहता है तो उसे जबरदस्ती रंग न लगाया जाए। जबरन रंग लगाने या किसी प्रकार की अभद्रता करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि त्योहार के दौरान विशेष रूप से पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर गश्ती बढ़ाई जाएगी तथा असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाएगी। शराब पीकर हुड़दंग मचाने, डीजे पर अश्लील गीत बजाने या कानून-व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे संयम और जिम्मेदारी के साथ पर्व मनाएं।
प्रखंड सह अंचल अधिकारी मनोज महथा ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य लोगों को डराना नहीं, बल्कि सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी समुदायों से आपसी सहयोग और समन्वय बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
प्रखंड प्रमुख विक्टोरिया देवी ने अपने संबोधन में कहा कि होली आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के गले मिलने का पर्व है। समाज के सभी वर्गों को मिल-जुलकर इस त्योहार को मनाना चाहिए ताकि क्षेत्र में शांति और भाईचारे का वातावरण बना रहे। उन्होंने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की भी बात कही।
बैठक के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी अपने सुझाव दिए। कई लोगों ने होलिका दहन के स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन की तैयारी तथा यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन से समुचित प्रबंध करने का आग्रह किया। थाना प्रभारी ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और यह संकल्प लिया कि सोनाहातु क्षेत्र में होली का पर्व पूरी शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
राजमहल । थाना परिसर में होली पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें अधिकारियों ने शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में होली पर्व मनाने की अपील की। थाना प्रभारी हसनैन अंसारी ने कहा कि पर्व-त्यौहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी और गड़बड़ी करने वालों पर पुलिस की नजर बनी रहेगी।
इस बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो ने कहा कि पूजा समितियों को विसर्जन जुलूस तय रूट के अनुसार ही निकालना होगा और सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट न करने की अपील की गई।राजमहल थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जहां होलिका दहन का पर्व मानाया जाता है वैसे जगहों में प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था किये जाने की निर्देश दिया गया है होली शान्ति समिति की बैठक में प्रखंड के हरेक पंचायत के गणमान्य व्यक्तियों को बुलाया गया था। बैठक में उपस्थित अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी, राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी ओर राजेश मंडल,
दुर्गा मण्डल, बिंदेश्वरी यादव, बरकत , कार्तिक साहा,आनंदी मंडल, मनोज साहा और सभी पंचायत के गणमान्य लोग उपस्थित हुए।
रांची। 68वाँ वार्षिक खान सुरक्षा सप्ताह – 2025 का पुरस्कार वितरण सह समापन समारोह बरका-सयाल क्षेत्र, सीसीएल में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस प्रेरणादायी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खान सुरक्षा महानिदेशक श्री उज्ज्वल ता, निदेशक, Directorate General of Mines Safety (DGMS) की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह में सभाध्यक्ष के रूप में सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री निलेंदु कुमार सिंह सहित निदेशकगण, खान सुरक्षा महानिदेशालय के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि, श्रमिक संगठनों के सदस्य, मीडिया प्रतिनिधि एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
यह वार्षिक खान सुरक्षा सप्ताह दिसंबर माह में “सुरक्षा से उन्नति” थीम पर मनाया गया, जो खदान कर्मियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को पुनः पुष्ट करता है। इस अवसर पर NTPC Limited, Tata Steel Limited तथा Fair Carbon सहित अन्य प्रतिष्ठित संगठनों की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य खनन क्षेत्र में सुरक्षा संस्कृति को सुदृढ़ करना, सुरक्षित कार्य व्यवहार को प्रोत्साहित करना, ‘ज़ीरो एक्सीडेंट’ के लक्ष्य को प्राप्त करना तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली इकाइयों एवं कर्मियों को सम्मानित एवं प्रोत्साहित करना था। समारोह के दौरान सुरक्षा मानकों के अनुपालन, नवाचार, अनुशासन एवं उत्तरदायी कार्यसंस्कृति पर विशेष बल दिया गया।
विशेष आकर्षण के रूप में बरका सयाल क्षेत्र द्वारा प्रस्तुत सुरक्षा मॉडल- जो हाल के वर्षों में किए गए सतत (Sustainable) प्रयासों, पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक तकनीकों के उपयोग एवं सुरक्षित उत्पादन पद्धतियों पर आधारित था, को सर्वश्रेष्ठ घोषित करते हुए प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। इस उपलब्धि ने क्षेत्र की सुरक्षा एवं सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया।
यह आयोजन केवल पुरस्कार वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि खनन उद्योग में “सुरक्षा सर्वोपरि” के संकल्प को पुनः सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण मंच सिद्ध हुआ।
सीसीएल अपने कार्यक्षेत्र में प्रत्येक श्रमिक एवं हितधारक की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु उच्चतम सुरक्षा मानकों को लागू करने के लिए कृतसंकल्पित है।
रांची। कोल इंडिया लिमिटेड के अंतर कंपनी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का आज भव्य समापन हुआ। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड द्वारा आयोजित यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता MECON स्टेडियम में खेली जा रही थी। फाइनल मुकाबला सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड और नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के बीच खेला गया, जिसने दर्शकों को रोमांच से भर दिया।
टॉस जीतकर सीसीएल ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। एनसीएल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट पर 125 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए सीसीएल की टीम ने रोमांचक मुकाबले में आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर जीत दर्ज की और खिताब अपने नाम किया।
गरिमामय उपस्थिति
फाइनल मुकाबले के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार उपस्थित रहे। इसके साथ ही सीआईएल एवं सीसीएल वेलफेयर बोर्ड के सदस्य तथा महाप्रबंधकगण भी समारोह में मौजूद रहे। सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में सीएमडी, सीसीएल निलेंदु कुमार सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि, “मैं स्वयं एक खिलाड़ी रहा हूं, इसलिए खेल भावना को भली-भांति समझता हूं और उसे सलाम करता हूं। दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी 10 टीमें मेरी हैं, चाहे कोई जीते या हारे, सभी विजेता हैं।”
पुरस्कार वितरण समारोह
फाइनल मुकाबले में सीसीएल के धनंजय सेदरिया को “मैन ऑफ द मैच” का पुरस्कार प्रदान किया गया। उन्होंने मात्र 9 गेंदों में नाबाद 21 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
वहीं, सीसीएल के हिमांशु धूमाश को पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए “प्लेयर ऑफ द सीरीज” का पुरस्कार दिया गया।
एनसीएल के राहुल को “बेस्ट बैट्समैन” तथा सीसीएल के जिशान नवाज खान को “बेस्ट बॉलर” का अवॉर्ड प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है कि यह टूर्नामेंट 20 फरवरी, 2026 को भव्य उद्घाटन के साथ प्रारंभ हुआ था और 28 फरवरी, 2026 को फाइनल मुकाबले के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। 20 से 28 फरवरी तक आयोजित इस प्रतियोगिता में 10 टीमों ने भाग लिया। यह आयोजन कोल इंडिया परिवार में टीम भावना, कर्मचारी सहभागिता और सकारात्मक कार्य संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।
सीसीएल सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह के नेतृत्व में कोयला खनन के साथ-साथ सीएसआर, कल्याण, खेल एवं अन्य सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से कर्मचारियों, श्रमिकों, ग्रामीणों एवं हितधारकों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय, राँची में आज एक भव्य एवं गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर फरवरी, 2026 में मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले 3 कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इसके साथ ही, सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सेवानिवृत्त कर्मियों को भी उनके-अपने क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से ससम्मान विदा किया गया। इस प्रकार, आज सीसीएल मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों से कुल 123 कर्मियों को गरिमापूर्ण विदाई दी गई। ज्ञात हो कि सीसीएल मुख्यालय के अलावा बरका-सयाल क्षेत्र से 16, पिपरवार क्षेत्र से 10, अरगड़ा क्षेत्र से 7, एनके क्षेत्र से 9, राजहरा क्षेत्र से 1, सीडब्लूएस से 3, कुजू से 4, हजारीबाग क्षेत्र से 6, बी एंड के क्षेत्र से 10, कथारा क्षेत्र से 22, ढोरी क्षेत्र से 20, रजरप्पा क्षेत्र से 10, गिरिडीह क्षेत्र से 1 तथा केंद्रीय अस्पताल, रामगढ़ से 1 कर्मी आज सेवा निवृत्त हुए।
समारोह के दौरान सीसीएल मुख्यालय में एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव, भावनाएँ एवं स्मृतियाँ साझा कीं।
मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों के नाम इस प्रकार हैं- श्री बृज मोहन रजक, लेखपाल ए-1, एम एंड एस विभाग; श्रीमती गीता सिंह, लिपिक ग्रेड-1, मानव संसाधन विभाग एवं श्री बंधन ऊरावं, हेड सिक्योरिटी गार्ड, सिक्योरिटी विभाग।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीसीएल के महाप्रबंधक (अधिकारी स्थापना/कल्याण) श्री संजय ठाकुर उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री संजय ठाकुर ने सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों को उनके जीवन की अगली पारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि यह सीसीएल परिवार के लिए अत्यंत गर्व और संतोष का विषय है कि आप सभी ने पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ अपने सेवाकाल को सफलतापूर्वक संपन्न किया है। संगठन के प्रति आपकी प्रतिबद्धता और योगदान हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।उन्होंने यह भी कहा कि सेवानिवृत्ति के उपरांत भी आप अपने बहुमूल्य अनुभव और ज्ञान का उपयोग समाज के उत्थान एवं जनकल्याण के कार्यों में करें तथा जीवन के आगामी चरण में धन एवं संसाधनों का विवेकपूर्ण और जिम्मेदार प्रबंधन करते हुए एक सकारात्मक एवं संतुलित जीवन व्यतीत करें।
समारोह में विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, अधिकारीगण, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
रांची। भारतीय लोक कला की समृद्ध परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने वाली प्रख्यात मधुबनी कलाकार श्रीमती इंदु मिश्रा को मधुबनी पेंटिंग श्रेणी में ‘आर्टिस्ट ऑफ द ईयर’ सम्मान से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान Adreneur Consultancy Services द्वारा प्रदान किया गया। यह उपलब्धि उनके समर्पण, साधना और भारतीय लोक कला के प्रति अटूट निष्ठा का प्रतीक है।
इस अवसर पर इंदु मिश्रा ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए विनम्रता और गर्व का क्षण है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, बच्चों, मित्रों एवं शुभचिंतकों के निरंतर सहयोग एवं प्रोत्साहन को दिया। उन्होंने कहा, “कला भले ही एक एकाकी यात्रा प्रतीत होती हो, पर मैंने यह सफर कभी अकेले तय नहीं किया। मेरी हर कूची की रेखा के पीछे मेरे अपनों का प्रेम और विश्वास है।”
विशेष रूप से उन्होंने यह सम्मान पूर्व क्रिकेट दिग्गज Chetan Sharma के हाथों प्राप्त करने को गौरवपूर्ण क्षण बताया, जिन्होंने विश्व कप में भारत की पहली हैट्रिक लेकर इतिहास रचा था।
*2013 से प्रारंभ हुई प्रेरक कलायात्रा*
इंदु मिश्रा की कला यात्रा वर्ष 2013 में एक स्वाभाविक रुचि के साथ शुरू हुई। स्वशिक्षित कलाकार के रूप में उन्होंने मधुबनी की पारंपरिक शैली को आत्मसात करते हुए उसे आधुनिक संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया। मिथिला की सांस्कृतिक विरासत से प्रेरित उनकी कलाकृतियाँ सूक्ष्म रेखांकन, लयात्मक संरचना, प्रतीकात्मक कथात्मकता और जीवंत रंगों के लिए जानी जाती हैं।
*राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर सशक्त उपस्थिति*
इंदु मिश्रा देश-विदेश में 40 से अधिक एकल एवं समूह प्रदर्शनियों में भाग ले चुकी हैं। उनकी एकल प्रदर्शनियाँ Lalit Kala Akademi (नई दिल्ली), Indira Gandhi National Centre for the Arts तथा India Habitat Centre जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में आयोजित हो चुकी हैं।
इसके अतिरिक्त उनकी कलाकृतियाँ National Crafts Museum & Hastkala Academy, Nehru Centre तथा जयपुर में आयोजित राष्ट्रीय कला मेलों सहित अनेक प्रमुख मंचों पर प्रदर्शित हो चुकी हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने दक्षिण कोरिया के सियोल में आयोजित इंडिया आर्ट फेस्टिवल में भारतीय लोक कला का प्रतिनिधित्व कर मधुबनी की वैश्विक पहचान को सशक्त किया।
सम्मान और उपलब्धियाँ
वर्ष 2019 में उन्हें मधुबनी कला के प्रचार-प्रसार के लिए ‘अग्निपथ कला रत्न सम्मान’ से नवाजा गया। वर्ष 2023 में Prabhat Khabar द्वारा ‘अपराजिता कला सम्मान’ प्रदान किया गया। उनकी उपलब्धियों को ‘इन्फ्लुएंशियल इंडियंस’ कॉफी टेबल बुक 2023 में भी स्थान मिला है।
उनकी कलाकृतियाँ प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक Prakash Jha तथा Prakash Pai सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों के निजी संग्रह में शामिल हैं। साथ ही Bank of India, Jharkhand High Court, Hindustan Petroleum Corporation Limited, Central Reserve Police Force तथा Dedicated Freight Corridor Corporation of India Limited जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में भी उनकी कृतियाँ सुशोभित हैं।
*परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का संकल्प*
श्रीमती इंदु मिश्रा की कला केवल चित्र नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की जीवंत अभिव्यक्ति है। ‘आर्टिस्ट ऑफ द ईयर’ सम्मान उनकी वर्षों की तपस्या, संघर्ष और रचनात्मक साधना का प्रमाण है।
अपने समर्पण और सृजनात्मक ऊर्जा के साथ इंदु मिश्रा मधुबनी कला की इस अमूल्य विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
रांची: समाजसेवा और मानवता के प्रति समर्पण की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश करते हुए इंटरनेशनल ह्यूमन राइट एवं अराउंड केयर फाउंडेशन की संयुक्त पहल पर रांची के बिरसा मुंडा जेल पार्क स्थित में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए दर्जनों युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य रक्त की कमी से जूझ रहे जरूरतमंद मरीजों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना था। शिविर के दौरान उपस्थित चिकित्सकीय टीम द्वारा रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया। पूरे आयोजन में अनुशासन, पारदर्शिता और सेवा भावना का विशेष ध्यान रखा गया।
इस अवसर पर इंटरनेशनल हमंस राइट संगठन के स्टेट जनरल सेक्रेटरी मुकेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि रक्तदान महादान है और यह किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने बताया कि संस्था का प्रयास है कि झारखंड के हर जिले में नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि आपात स्थिति में किसी भी मरीज को रक्त के अभाव का सामना न करना पड़े।
उन्होंने आगे कहा कि समाज के सहयोग और युवाओं की भागीदारी से ही ऐसे मानवीय कार्य सफल होते हैं। संस्था का लक्ष्य केवल रक्तदान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों तक सहायता पहुंचाना भी है।
फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि संगठन झारखंड के विभिन्न जिलों में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। विशेष रूप से में बिरहोर समुदाय के उत्थान के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बिरहोर समुदाय उन आदिम जनजातीय समूहों में शामिल है जो विलुप्ति के कगार पर हैं। संस्था द्वारा वहां शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं और मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में युवा वर्ग की भागीदारी उल्लेखनीय रही। इसके साथ ही कई जाने-माने सामाजिक हस्तियां एवं सेवानिवृत्त आर्मी कर्मी भी शिविर में उपस्थित रहे और उन्होंने रक्तदान कर अन्य लोगों को भी प्रेरित किया।
शिविर के समापन अवसर पर रक्तदान करने वाले सभी दाताओं को फाउंडेशन की ओर से प्रशस्ति-पत्र (सर्टिफिकेट) एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त कर रक्तदाताओं ने कहा कि उन्हें इस मानवीय कार्य का हिस्सा बनकर गर्व महसूस हो रहा है और भविष्य में भी वे ऐसे अभियानों से जुड़ते रहेंगे।
यह रक्तदान शिविर न केवल जरूरतमंद मरीजों के लिए सहारा बना, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवता का मजबूत संदेश भी छोड़ गया। आयोजकों ने भविष्य में और भी बड़े स्तर पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस नेक पहल से जुड़ सकें।इस अवसर पर कई कार्यकता मौजूद थे।
साहिबगंज। होली और रमजान के पावन में शांति, सौहार्द और सुरक्षा के साथ संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक , वरीय पदाधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
संवेदनशील क्षेत्रों पर रहेगी ‘तीसरी आंख’ की नजर
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। सभी बीडीओ, सीओ और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। संवेदनशील इलाकों में विशेष चौकसी बरती जाएगी।
दंडाधिकारियों की तैनाती और फ्लैग मार्च
जिले के प्रमुख एवं संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों और पुलिस बल की पर्याप्त प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में फ्लैग मार्च करने तथा स्थानीय शांति समितियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने का निर्देश दिया।
अश्लील गाने और डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध
होली के दौरान डीजे बजाने तथा अश्लील व भड़काऊ गीतों पर पूरी तरह रोक रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए उपकरण जब्त किए जाएंगे।
अवैध शराब पर सख्ती
उपायुक्त ने उत्पाद विभाग और पुलिस को अवैध शराब के अड्डों पर सघन छापेमारी के निर्देश दिए हैं। त्योहारों के दौरान अवैध बिक्री एवं भंडारण पर ‘शून्य सहिष्णुता’ नीति लागू रहेगी।
सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी
साइबर सेल को सक्रिय कर दिया गया है। फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर भड़काऊ पोस्ट, अफवाह या विद्वेष फैलाने वाली सामग्री डालने वालों को चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दोषियों को संबंधित धाराओं के तहत जेल भेजा जाएगा।
सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील
उपायुक्त ने कहा कि साहिबगंज की पहचान गंगा-जमुनी तहजीब से रही है। होली और रमजान का संयोग आपसी भाईचारे और प्रेम का प्रतीक है। प्रशासन द्वारा बिजली, पानी और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में उपस्थित प्रमुख अधिकारी
बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास, अपर समाहर्ता गौतम भगत, अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द (साहिबगंज), अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो (राजमहल), वन प्रमंडल पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
पलामू। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), प्रमंडलीय कार्यालय पलामू की टीम ने 20 फरवरी 2026 को बड़ी कार्रवाई करते हुए सिलदागा पंचायत के रोजगार सेवक सुनील कुमार को 6 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक आवेदक ने एसीबी को लिखित शिकायत दी थी कि उसकी पत्नी एवं भाभी के नाम से विशेष ग्राम सभा में दीदी बाड़ी योजना स्वीकृत कराने के एवज में रोजगार सेवक सुनील कुमार द्वारा 6,000 रुपये की मांग की जा रही है। आवेदक ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, पलामू से की।
शिकायत का सत्यापन कराने पर आरोप सही पाया गया। इसके बाद एसीबी थाना कांड संख्या-04/2026 दिनांक 18.02.2026, धारा 7(a) पी.सी. (संशोधन) अधिनियम 2018 के तहत मामला दर्ज किया गया।
20 फरवरी 2026 को दंडाधिकारी एवं दो स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी रोजगार सेवक को आवेदक से 6,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधीक्षक, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, पलामू ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और आम जनता से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की रिश्वत मांगने की सूचना तुरंत एसीबी को दें।