रांची। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने आज दिनांक- 21 जनवरी 2026 को बेड़ो एवं खलारी प्रखंडों के स्वास्थ्य केंद्रों (हेल्थ सेंटर) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डीएमएफटी (DMFT) से निर्मित स्वास्थ्य केंद्रों तथा पुस्तकालयों की गुणवत्ता, सुविधाओं एवं रखरखाव की विस्तृत जांच की।
इस दौरान उप विकास आयुक्त राँची सौरभ भुवनिया, जिला जन संपर्क पदाधिकारी राँची, उर्वशी पांडेय, जिला योजना पदाधिकारी राँची, संजीव कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक राँची, बादल राज, अंचल अधिकारी बेड़ो, लापुंग, ओरमांझी एवं खलारी एवं सम्बंधित पदाधिकारी उपस्थित रहें।
ग्रामीणों से सीधी बातचीत, स्वास्थ्य केंद्रों का अधिक उपयोग करने की अपील
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ग्रामीणों से खुली बातचीत की। उन्होंने ग्रामीणों से अनुरोध किया कि वे स्वास्थ्य केंद्रों तथा पुस्तकालयों का अधिक से अधिक उपयोग करें। ये सुविधाएं विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए उपलब्ध कराई गई हैं। उपायुक्त ने कहा, "इन केंद्रों का लाभ उठाकर आप अपनी स्वास्थ्य एवं शिक्षा संबंधी आवश्यकताओं को पूरा कर सकते हैं। अधिक से अधिक लोग इनका उपयोग करें, ताकि इनकी उपयोगिता सिद्ध हो।"
अबुआ साथी व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से शिकायतों का त्वरित समाधान
उपायुक्त ने ग्रामीणों को बताया कि जिला प्रशासन द्वारा "अबुआ साथी" व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। यदि किसी आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र या सरकारी कार्यालय में अनियमितता हो या वे बंद रहते हों, तो तुरंत इस ग्रुप पर सूचना दें। हर प्रखंड में अलग-अलग अबुआ साथी ग्रुप सक्रिय हैं, जहां सूचनाओं का तेजी से आदान-प्रदान होता है। उन्होंने अपील की कि अधिक से अधिक लोग इस ग्रुप से जुड़ें और अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें।
हर मंगलवार जनता दरबार में समस्याओं का समाधान
उपायुक्त ने जानकारी दी कि जिला एवं प्रखंड स्तर पर हर मंगलवार जनता दरबार आयोजित किया जाता है। इस दौरान पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहते हैं, ताकि लोग अपनी समस्याएं सीधे रख सकें। उन्होंने कहा कि जनता दरबार अत्यंत सफल रहा है और कई सक्सेस स्टोरी सामने आई हैं।
ओझा-गुनी और क्वाक से दूर रहें, आधुनिक दवाइयों पर भरोसा करें
उपायुक्त ने ग्रामीणों से विशेष अनुरोध किया कि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या के लिए स्वास्थ्य केंद्र ही आएं। ओझा-गुनी, क्वाक या जड़ी-बूटियों के चक्कर में न पड़ें। स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयां उपलब्ध हैं, तथा बच्चों को आयरन टैबलेट्स एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी दवाइयां सीएचओ (Community Health Officer) एवं एएनएम (ANM) द्वारा प्रदान की जा रही हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि अनजाने में ओझा-गुनी या क्वाक से जड़ी-बूटियां/केमिकल लेने से स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ता है। लोगों को आधुनिक चिकित्सा (मॉडर्न मेडिसिन) पर भरोसा करने की सलाह दी। जिला प्रशासन द्वारा मनकी मुंडा, ग्राम प्रधान, मुखिया एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं की मदद से ग्रामीणों को जागरूक करने का अभियान चलाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से लाभान्वित महिलाओं ने जताया आभार
उपायुक्त ने ग्रामीण महिलाओं से भी बातचीत की। महिलाओं ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की राशि का उपयोग शिक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यों में करने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि इस योजना से उन्हें काफी मदद मिल रही है और वे बहुत खुश हैं।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जिला प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं और प्रशासन के साथ सक्रिय रूप से जुड़े रहें।
टीवीएस डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, बुकरू का अवलोकन
उपायुक्त ने ASTVS टीवीएस डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि स्कूल परिसर के आसपास किसी भी प्रकार का अतिक्रमण, अड्डाबाजी एवं नशाबाजी न हो। इसके लिए अनुमंडल पदाधिकारी सदर राँची, श्री रजत कुमार को निर्देशित किया कि अंधेरा होने के बाद विशेष निगरानी रखी जाए एवं गश्ती दल को सक्रिय किया जाए। विद्यालय के सुंदरीकरण, सीपेज एवं जल जमाव की समस्या के समाधान हेतु भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर, बुकरू, कांके निरीक्षण
उपायुक्त ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, बुकरू (कांके) का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों से योजना के लाभ, मातृ-शिशु सुरक्षा, टीकाकरण एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उपायुक्त ने कहा कि एएनएम एवं आंगनबाड़ी सेविकाएं ग्रामीणों को जागरूक करें कि वे ओझा-गुनी के चक्कर में न पड़ें तथा आधुनिक वैज्ञानिक चिकित्सा का ही लाभ लें। ज्ञात हो कि यह केंद्र एनक्यूएएस प्रमाण पत्र प्राप्त कर चुका है।
राजकीय कृत मध्य विद्यालय, मक्का बुढ़मू का औचक निरीक्षण
उपायुक्त ने राजकीय कृत मध्य विद्यालय, मक्का बुढ़मू का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रधानाध्यापक को सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा बच्चों में साफ-सफाई के संस्कार विकसित करने का निर्देश दिया। प्रोटीन युक्त आहार, अंडा एवं सोयाबीन नियमित रूप से प्रदान करने के निर्देश दिए गए। विद्यालय के बेहतर रखरखाव एवं रिपेयर कार्यों के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर, मक्का बुढ़मू
इस केंद्र के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने परिसर में रैंप लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने योग्य लाभुकों के बीच कंबल वितरण किया तथा चिन्हित लाभुकों को शीघ्र ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, जोराकाथ, खलारी का निरीक्षण
उपायुक्त ने उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, जोराकाथ (खलारी) का भ्रमण किया तथा बच्चों से बातचीत की। प्रधानाचार्य को सहायक आचार्य की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया।
झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से लाभान्वित जेएसएलपीएस दीदियों से संवाद
खलारी में जेएसएलपीएस की दीदियों ने अपनी सफलता की यात्रा साझा की। उपायुक्त ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, फूलो झानो आशीर्वाद योजना आदि से लाभान्वित होने वाली दीदियों से बातचीत की। दीदी किरण मिंज ने केज कलर के माध्यम से मछली पालन, रूसिया गुड़िया ने बकरी पालन तथा शोषण देवी ने सुकर एवं बत्तख पालन से आर्थिक मजबूती हासिल करने की बात कही। उपायुक्त ने उनकी समस्याएं सुनीं तथा शराब भट्टी की सूचना अबुआ साथी नंबर पर देने तथा घरों में शौचालय उपयोग करने का निर्देश दिया।
पब्लिक लाइब्रेरी, बेड़ो का निरीक्षण
उपायुक्त ने डीएमएफटी फंड से निर्मित पब्लिक लाइब्रेरी, बेड़ो का निरीक्षण किया, जिसे जेसोवा JIASOWA (Jharkhand IAS Officers Wives Association) द्वारा संचालित किया जा रहा है। उन्होंने लाइब्रेरी की प्रशंसा की तथा जिले में अन्य स्थानों पर ऐसी लाइब्रेरी खोलने की पहल करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने सभी निरीक्षणों के दौरान संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए तथा विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया।