साहेबगंज। मिचाचौकी क्षेत्र में बढ़ते नालों के कारण उत्पन्न जल निकासी एवं जल जमाव की गंभीर समस्या को लेकर आज जिला दंडाधिकारी–सह–उपायुक्त हेमंत सती द्वारा स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त महोदय ने विशेष रूप से रेलवे स्टेशन परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में हो रहे जल जमाव की स्थिति का जायजा लिया।
स्थल निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के मौसम में नालों की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण आवागमन बाधित होता है तथा आम जनजीवन प्रभावित होता है। इस पर उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि जल निकासी की स्थायी एवं प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
उपायुक्त हेमंत सती ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि मिचाचौकी क्षेत्र में नाले एवं सड़क निर्माण से संबंधित एक समग्र एवं तकनीकी डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करें, ताकि समस्या का दीर्घकालिक समाधान किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीपीआर में जल निकासी की दिशा, नालों की चौड़ाई, गहराई तथा सड़क संरचना का समुचित आकलन किया जाए।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बरसात से पूर्व आवश्यक अस्थायी उपाय भी सुनिश्चित किए जाएँ, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिला प्रशासन जनसमस्याओं के समाधान के प्रति प्रतिबद्ध है एवं विकास कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
स्थल निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।