रांची: झारखंड की राजधानी रांची के बुंडू अनुमंडल अस्पताल में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अस्पताल के महिला शौचालय के कमोड में एक नवजात शिशु का शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने बुंडू थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला कर्मचारी ने सबसे पहले देखा शव
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को अस्पताल की एक महिला कर्मचारी महिला शौचालय गई थी। इसी दौरान उसकी नजर कमोड में पड़े नवजात के शव पर पड़ी। उसने तुरंत इसकी जानकारी अस्पताल के अन्य कर्मचारियों को दी। इसके बाद अस्पताल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर अस्पताल प्रबंधन को घटना से अवगत कराया। बताया जा रहा है कि शौचालय से दुर्गंध भी आ रही थी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद बुंडू थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कमोड से नवजात का शव निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नवजात को महिला शौचालय में कौन लेकर आया था और किन परिस्थितियों में वहां छोड़ा गया।
पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया शव
पुलिस ने नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही नवजात की मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।