बुंडू । नगर निकाय चुनाव के मद्देनज़र सहायक आयुक्त उत्पाद, रांची के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर तमाड़ थाना एवं बुंडू नगर पंचायत क्षेत्र में उत्पाद विभाग द्वारा व्यापक छापामारी अभियान चलाया गया।
यह कार्रवाई चिप्पीबांधडीह, बरुहातु, रड़गांव, कुबासल, सालगाडीह, कुम्हारटोली सहित अन्य क्षेत्रों में की गई। छापामारी के दौरान कुल 210 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई, जबकि मौके पर संग्रहित लगभग 3500 किलोग्राम फर्मेंटेड जावा महुआ को विनष्ट किया गया।
अभियान के क्रम में कई अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया गया। फरार संचालकों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। वहीं, दो अभियुक्तों को अवैध शराब के साथ घटनास्थल से गिरफ्तार किया गया है।
इसके अतिरिक्त, तमाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सालगाडीह एनएच किनारे स्थित एक राशन दुकान में छापामारी के दौरान 11.25 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की गई। राशन दुकान संचालक मौके से फरार हो गया, जिसके विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।
उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव अवधि के दौरान अवैध शराब के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।