सोनाहातू (रांची): सोनाहातू बाजार टांड़ में प्रशासन की नाक के नीचे गरीब छोटे-मोटे दुकानदारों से अवैध वसूली किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्व खुद को जमीन का मालिक बताकर उनसे जबरन जमीन का भाड़ा वसूल रहे हैं।
दुकानदारों के अनुसार, बाजार टांड़ में वर्षों से वे छोटे-मोटे ठेले और दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। लेकिन कुछ लोग वहां पहुंचकर धमकी दे रहे हैं कि जिस जमीन पर दुकानें लगाई जाती हैं वह उनकी है और वहां दुकान लगाने के लिए पैसा देना होगा। विरोध करने पर दुकानदारों को डराया-धमकाया भी जा रहा है।
गरीब दुकानदारों का कहना है कि वे पहले से ही महंगाई और कम आमदनी से परेशान हैं, ऊपर से इस तरह की अवैध वसूली ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। कई दुकानदार डर के कारण खुलकर सामने आने से भी बच रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने इस पूरे मामले में प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि बाजार जैसे सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की अवैध गतिविधियां प्रशासन की जानकारी के बिना नहीं हो सकतीं। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।