साहेबगंज। प्रमंडल स्तरीय 64 वीं सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता खेलने के लिए जिला साहिबगंज की टीम को जिला शिक्षा अधीक्षक- सह- अपर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कुमार हर्ष ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ज्ञात हो कि कल से संथाल परगना प्रमंडल स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता अंडर 17 बालक वर्ग का आयोजन दुमका दुधानी मैदान में किया जा रहा है, जिसमें भाग लेने के लिए आज साहिबगंज की अंडर 17 बालक वर्ग की टीम को पूरे दम खम के साथ जिला शिक्षा अधीक्षक- सह -अपर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कुमार हर्ष ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। टीम मैनेजर के रूप में दीपक कुमार सिंह और कमल नयन के नेतृत्व में टीम रवाना हुई,पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए मौके पर एपीओ शबनम तबस्सुम, शारीरिक शिक्षक वीरेंद्र कुमार, सुनील कुमार आदित्य कुमार आदि मौजूद थे।
चेन्नई में 23 से 27 अक्टूबर तक होगी प्रतियोगिता, परमा ने स्वर्ण तो एमानुएल ने जीता था रजत पदक
साहिबगंज, 12 अक्टूबर। साहिबगंज जिले के दो उभरते एथलीट परमा हांसदा और एमानुएल किस्कू ने अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। दोनों खिलाड़ियों का चयन 41वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए झारखंड टीम में किया गया है। प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 27 अक्टूबर तक तमिलनाडु के चेन्नई स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होगा।
जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, खेल विभाग द्वारा साहिबगंज के सिदो-कान्हू स्टेडियम में संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षु परमा हांसदा का चयन पेंटाथलन स्पर्धा के लिए किया गया है। वहीं, एमानुएल किस्कू 80 मीटर हर्डल्स स्पर्धा में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। दोनों खिलाड़ी अंडर-16 बालक वर्ग में हिस्सा लेंगे और राजस्थान इंटर विद्यालय के छात्र हैं।
पूर्वी क्षेत्र प्रतियोगिता में किया शानदार प्रदर्शन
दोनों खिलाड़ियों का चयन पटना में 22 से 24 सितंबर तक आयोजित 37वीं पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता और धनबाद में आयोजित तीसरी झारखंड राज्य स्तरीय सब-जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उनके बेहतर प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।
परमा हांसदा ने पटना में आयोजित पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। वहीं, एमानुएल किस्कू ने रजत पदक हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया था।
दोनों खिलाड़ियों को आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षक योगेश यादव के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण मिला है। उनके राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने से जिले के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है।
अधिकारियों ने दी बधाई
दोनों एथलीटों की इस उपलब्धि पर उपायुक्त दीपक कुमार दूबे, उपविकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक संजय कुमार दास और जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार सहित जिले के लोगों ने बधाई दी है। सभी ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने और जिले एवं झारखंड का नाम रोशन करने के लिए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं अब चेन्नई में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
साहेबगंज। झारखंड शिक्षा परियोजना,परिषद, रांची द्वारा 03-04 अक्टूबर को बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम, होटवार, रांची में झारखंड राज्य स्तरीय खेलो झारखंड बालक एवं बालिका अंडर 17 वर्ष प्रतियोगिता में बालक अंडर 17 वर्ष जिला टीम बनी उपविजेता। वही जिले को कुल 32 अंक मिले।ज्ञातव्य हो जिले की टीम लगातार दूसरे खेलो झारखंड राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उपविजेता रही।
*04 अक्टूबर, 2026 के परिणाम*
=================
*बालक अंडर 17 वर्ष*
*स्वर्ण पदक*
4x400 मी. रिले
अश्विन नागद्वार,सक्षम कुमार ,अमित कुमार, सामू मरांडी
जमशेद अंसारी -5000 मीटर पैदल चाल
पृथ्वी राज मंडल -जेवलिन थ्रो
*रजत पदक*
4x100 मीटर रिले
परमा हांसदा, संतोष मुर्मू, अश्विन नागद्वार ,आयुष कुमार
काजल कुमारी - जेवलिन थ्रो
*कांस्य पदक*
संतोष मुर्मू - लंबीकूद
सामू मरांडी - 110 मीटर हर्डल्स
प्रशिक्षक - योगेश यादव आ ए प्र केंद्र, साहेबगंज
मैनेजर - राकेश कुमार - राका राजस्थान इंटर विद्यालय
अन्ना मेरी सोरेन - कस्तूरबा बोरियो
लूसी किस्कू - कस्तूरबा तालझारी
जिला एथलेटिक्स टीम को उपायुक्त श्री दीपक कुमार दूबे, उपविकास आयुक्त श्री सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक श्री संजय कुमार दास, जिला खेल पदाधिकारी श्री नयन कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक उर्मिला हांसदा, ए पी ओ शबनम तबस्सुम, राजस्थान इंटर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य ओम प्रकाश गुप्ता समेत जिले वासियों ने शुभकामना दी।
सिल्ली। पश्चिम बंगाल के झालदा हाई स्कूल मैदान में आयोजित तपन कांडू एवं पूर्णिमा कांडू मेमोरियल रनिंग फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 में सिल्ली स्पोर्ट्स एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। 25 से 27 सितंबर तक आयोजित इस तीन दिवसीय नॉकआउट प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों की आठ टीमों ने हिस्सा लिया। सिल्ली स्पोर्ट्स एकेडमी ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में उसका सामना रांची ब्लैक टाइगर से हुआ। फाइनल में सिल्ली के खिलाड़ियों ने शुरू से ही बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले के अंतिम दौर में सिल्ली स्पोर्ट्स एकेडमी ने लगातार दबाव बनाते हुए 3-0 से जीत दर्ज की और ट्रॉफी अपने नाम कर ली।प्रतियोगिता में पुरुलिया, बलरामपुर, झालदा, कोटशिला, मुरी एवं झारखंड के अन्य क्षेत्रों की टीमों ने भाग लिया। विजेता टीम को जिला खेल पदाधिकारी परिमल कुमार, भाजपा कोर कमेटी सदस्य एवं पुरुलिया के उपाध्यक्ष गौतम राय, चेयरमैन विजय कंडू तथा महासचिव सुजॉय बनर्जी सहित अन्य अतिथियों ने पुरस्कार एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।बताया गया कि यह फुटबॉल प्रतियोगिता झालदा के दिवंगत कांग्रेस पार्षद तपन कांडू तथा उनकी पत्नी एवं पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष पूर्णिमा कांडू की स्मृति में आयोजित की जाती है। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में उत्साह रहा।मौके पर विकास महतो, नितेश महतो, लालू महतो, अरविंद नीरज समेत बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के तत्वावधान में 3 से 5 सितंबर 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय अंतर-क्षेत्रीय बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता का शनिवार को भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ियों के बीच रोमांचक और संघर्षपूर्ण मुकाबले हुए।
तीन दिनों तक चले इस आयोजन में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट तकनीक, फुर्ती और खेल कौशल का प्रदर्शन करने के साथ अनुशासन, टीमवर्क और खेल भावना की मिसाल पेश की। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया।
समापन समारोह में सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ संजय कुमार ठाकुर, महाप्रबंधक (कल्याण), एन.के. झा, जेएसएसपीएस, आर.के. सिंह, महाप्रबंधक (एनआईएमसी), आदिल हुसैन, प्रबंधक (खेल), रामेश्वर मंडल एवं विनय कुमार, सदस्य सीसीएल कल्याण बोर्ड सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने खिलाड़ियों के मेहनत, जुझारूपन और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक दृढ़ता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और चुनौतियों का सामना करने का आत्मविश्वास भी विकसित करता है।
उन्होंने कहा कि सीसीएल प्रबंधन अपने कर्मियों के सर्वांगीण विकास और स्वस्थ खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। भविष्य में भी इस तरह के खेल आयोजनों को प्रोत्साहित किया जाता रहेगा।
फाइनल मुकाबलों में दिखा रोमांच
अंतिम दिन बैडमिंटन और टेबल टेनिस के पुरुष एवं महिला वर्ग में एकल, युगल और टीम स्पर्धाओं के निर्णायक मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों के बीच प्रत्येक अंक के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला। शानदार रैलियों, सटीक स्मैश और बेहतरीन डिफेंस ने खेलप्रेमियों का खूब मनोरंजन किया।
विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
प्रतियोगिता के सफल समापन के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों और टीमों को ट्रॉफी एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार हासिल करते ही खिलाड़ियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
प्रतियोगिता की खास उपलब्धि यह रही कि विजेता खिलाड़ी आगामी कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) अंतर-कंपनी खेल प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर गए हैं। ये खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिता में सीसीएल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रमुख परिणाम
टेबल टेनिस महिला वर्ग
- ओपन सिंगल्स: सुगंधा वर्मा (HQ) विजेता
- ओपन डबल्स: जसप्रीत कौर कहलोन एवं सुगंधा वर्मा (HQ) विजेता
- टीम चैंपियनशिप: सुगंधा वर्मा, जसप्रीत कौर कहलोन, अंशु मिश्रा, दिव्या चौहान एवं पूजा प्रसाद (HQ)
टेबल टेनिस पुरुष वर्ग
- ओपन सिंगल्स: समरजीत कुमार (पिपरवार) विजेता
- ओपन डबल्स: निशांत कुमार एवं अशलम शायर विजेता
- टीम चैंपियनशिप: निशांत परमार, गौरव चुग, मयाशंकर, राहुल मधेसिया एवं सुनील कुमार (हजारीबाग)
टेबल टेनिस वेटरन्स
- ओपन सिंगल्स: विंसेंट तिर्की (CRS बरकाकाना) विजेता
- ओपन डबल्स: डॉ. अविनाश तिग्गा एवं पी.के. लायक विजेता
बैडमिंटन महिला वर्ग
- ओपन सिंगल्स: मंजू देवी (CRS) विजेता
- ओपन डबल्स: मालती कुमारी एवं मंजू देवी (CRS) विजेता
- टीम चैंपियनशिप: मालती कुमारी, मंजू देवी, सुगन कुमारी, अंजू कुमारी (DEO) एवं अंजू कुमारी (Gen. Asst.)
बैडमिंटन पुरुष वर्ग
- ओपन सिंगल्स: यश सती (ढोरी) विजेता
- टीम चैंपियनशिप: अमित सिंह ग्वाल, अभय जैन, अभिषेक भारती, नितेश कुमार सिन्हा एवं विकास कुमार गुप्ता (HQ) विजेता
बैडमिंटन वेटरन्स
- ओपन सिंगल्स: मोहन लाल सिंह (अमरपाली चंद्रगुप्त) विजेता
- ओपन डबल्स: सुरेश के. विश्वकर्मा एवं अविनाश कुमार तिवारी विजेता
सिल्ली: सिल्ली की होनहार तीरंदाज सुरभि पाल ने राजस्थान के जयपुर स्थित जगतपुरा शूटिंग रेंज में आयोजित प्रथम एनटीपीसी नेशनल रैंकिंग आर्चरी टूर्नामेंट-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर झारखंड का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे सिल्ली क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
24 से 27 जुलाई तक आयोजित प्रतियोगिता के रैंकिंग राउंड में सुरभि ने 649 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसके बाद एलिमिनेशन मुकाबले में उन्होंने महाराष्ट्र की मृणाल महेंद्र कदम को 6-0 से पराजित कर कांस्य पदक अपने नाम किया।बिरसा मुंडा आर्चरी अकादमी की इस प्रतिभाशाली खिलाड़ी की सफलता पर अकादमी के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो तथा अकादमी की अध्यक्ष नेहा महतो ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।सुदेश महतो ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम होती है। उन्होंने कहा कि झारखंड के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं, जो पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है।नेहा महतो ने कहा कि सुरभि पाल की उपलब्धि अकादमी के सभी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में अकादमी के खिलाड़ी देश और राज्य का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी रोशन करेंगे।सुरभि पाल की इस सफलता पर अकादमी के प्रशिक्षकों, खेल प्रेमियों एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा भविष्य की प्रतियोगिताओं में स्वर्णिम सफलता की कामना की।
ब्यूरो। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने एक बार फिर देश का नाम दुनिया भर में रोशन कर दिया है। सिंधु ने जापान ओपन 2026 का महिला एकल खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। वह जापान ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। फाइनल मुकाबले में उन्होंने मेज़बान जापान की विश्व चैंपियन अकाने यामागुची को सीधे गेमों में 21-17, 21-17 से हराकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।
यह मुकाबला शुरुआत से ही बेहद रोमांचक रहा। घरेलू दर्शकों के समर्थन के बावजूद अकाने यामागुची भारतीय स्टार के आक्रामक खेल का जवाब नहीं दे सकीं। सिंधु ने बेहतरीन स्मैश, सटीक नेट प्ले और शानदार डिफेंस के दम पर दोनों गेम अपने नाम किए और बिना कोई गेम गंवाए खिताब जीत लिया।
यह जीत कई मायनों में खास है। सिंधु का यह पहला जापान ओपन खिताब है और साथ ही उनका पहला BWF सुपर 750 खिताब भी है। इसके अलावा लगभग दो साल से चले आ रहे बड़े खिताब के इंतजार का भी अंत हो गया। इस जीत से आगामी विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप से पहले उनका आत्मविश्वास काफी बढ़ा है।
मैच के बाद भावुक सिंधु ने कहा कि यह जीत उनके लिए बेहद खास है और वह इसे पूरे देश को समर्पित करती हैं। उन्होंने कहा कि तिरंगे के लिए खेलना ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा है। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर खेल जगत, राजनीतिक नेताओं और देशभर के प्रशंसकों ने उन्हें बधाई दी।
भारत की दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास के दम पर किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है। जापान की धरती पर मिली यह ऐतिहासिक जीत भारतीय बैडमिंटन के लिए गर्व का क्षण बन गई है।
कोलकाता। ईस्टर्न रेलवे एकेडमी के तैराक हार्दिक दास ने प्रतिष्ठित पैरा नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप 2026 में रजत पदक हासिल किया है। 8 जून से 10 जून, 2026 तक बैंगलोर में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश भर के शीर्ष पैरा-एथलीटों ने भाग लिया। ईस्टर्न रेलवे के महाप्रबंधक एवं ईस्टर्न रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन (ERSA) के संरक्षक श्री मिलिंद देउस्कर और ईआरएसए (ERSA) के अध्यक्ष श्री देवेंदर कुमार ने इस शानदार उपलब्धि के लिए तैराक को अपनी हार्दिक बधाई दी।
अत्यधिक प्रतिस्पर्धी 100 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में भाग लेते हुए, दास ने एक असाधारण प्रदर्शन किया और राष्ट्रीय पोडियम पर दूसरा स्थान सुरक्षित करने के लिए अपनी रेस का सटीक समय निकाला। उनकी यह उपलब्धि उनके समर्पण को दर्शाती है और ईस्टर्न रेलवे को राष्ट्रीय पैरा-खेल उत्कृष्टता के मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करती है।
दास ईस्टर्न रेलवे के सम्मानित कोच अकबर अली मीर के कुशल मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लेते हैं। कोच मीर के विशेष प्रशिक्षण तौर-तरीकों और रणनीतिक परामर्श ने तैराक को एक कठिन राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ईस्टर्न रेलवे के प्रबंधन और कर्मचारियों ने ज़ोन का गौरव बढ़ाने के लिए एथलीट और उनके कोच दोनों को अपनी हार्दिक बधाई दी है। यह पदक ईस्टर्न रेलवे एकेडमी द्वारा पैरा-एथलीटों को प्रदान की जाने वाली समृद्ध खेल संस्कृति और मजबूत सहायता प्रणाली का एक प्रमाण है।
इस शानदार उपलब्धि पर टिप्पणी करते हुए, ईस्टर्न रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शिबराम माझी ने कहा: "हार्दिक दास का शानदार रजत पदक प्रदर्शन लचीलेपन और समर्पण की सच्ची भावना को दर्शाता है, जिससे पूरे ईस्टर्न रेलवे परिवार को अत्यधिक गर्व महसूस हो रहा है।
साहिबगंज । खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए जिले में विभिन्न खेल प्रशिक्षण केंद्रों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की जा रही है।
आवासीय बालक फुटबॉल एवं एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र
- स्थान: (सिंगा मैदान, बरहेट थाना के समीप)
- तिथि: 28 अप्रैल 2026
- समय: सुबह 6:00 बजे से
- चयन: 25 खिलाड़ियों का चयन (NSTC नॉर्म्स के आधार पर)
योग्यता:
- आयु सीमा: 10 से 14 वर्ष (01.04.2012 से 01.04.2016 के बीच जन्म)
- आवश्यक दस्तावेज: आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, 2 फोटो, स्कूल बोनाफाइड, झारखंड निवासी प्रमाण
सुविधाएं:
- निःशुल्क आवास एवं उच्च गुणवत्ता का भोजन
- प्रशिक्षकों द्वारा निःशुल्क प्रशिक्षण
- खेल किट एवं अन्य सुविधाएं
डे बोर्डिंग एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र
बालिका (साहिबगंज)
- स्थान:
- तिथि: 29 अप्रैल 2026
- समय: सुबह 6:00 बजे से
बालक (सकरीगली)
- स्थान: +2 बी.डी. उच्च विद्यालय, सकरीगली
- तिथि: 30 अप्रैल 2026
- समय: सुबह 6:00 बजे से
योग्यता:
- आयु सीमा: 8 से 12 वर्ष (01.04.2014 से 01.04.2018 के बीच जन्म)
- प्रतिभागी चयन स्थल से 5 किमी के दायरे के निवासी हों
- आवश्यक दस्तावेज: आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, 2 फोटो, स्कूल बोनाफाइड, झारखंड निवासी प्रमाण
सुविधाएं:
- खेल छात्रवृत्ति
- निःशुल्क प्रशिक्षण एवं खेल किट
साहेबगंज। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा नई दिल्ली में 31जनवरी से 4 फरवरी तक आयोजित 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय कुश्ती एस जी एफ आई प्रतियोगिता,अंडर 14 आयु वर्ग बालक एवं बालिका फ्री स्टाईल कुश्ती में भाग लेने के लिए जिले के चांद भैरव इनडोर स्टेडियम,साहिबगंज के संचालित खेलो इंडिया कुश्ती केंद्र के प्रशिक्षु बालिका (फ्री स्टाईल) 33 किलो वर्ग - आर्या कुमारी,36किलो वर्ग- सीता कुमारी,39 किलो वर्ग - सीमा कुमारी,42 किलो वर्ग - काजल कुमारी,46 किलो वर्ग - छोटी कुमारी, 54 किलो वर्ग - वैष्णवी कुमारी,58 किलो वर्ग - आरती कुमारी
बालक वर्ग - 68किलो वर्ग - प्रिंस कुमार रांची में 21 से 30 जनवरी तक आयोजित विशेष प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए रांची रवाना हुए। विशेष प्रशिक्षण शिविर उपरांत नई दिल्ली में आयोजित कुश्ती चैंपियनशिप में भाग लेंगे।
सभी कुश्ती खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षक प्रकाश सिंह बादल को उपायुक्त हेमंत सती, उपविकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक आई टी डी ए संजय कुमार,अपर समाहर्ता गौतम भगत,जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गा नंद झा समेत जिले के खेल प्रेमियों ने शुभ कामना दी।
साहिबगंज। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पखवाड़ा के अवसर पर रेलवे जनरल इंस्टीट्यूट परिसर, साहिबगंज में केवल महिलाओं के लिए तेज-चाल (तेज चाल) प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन न्यू झारखंड युवा क्लब द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व क्लब के अध्यक्ष विनोद कुमार यादव ने किया।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र, साहिबगंज की प्रभारी बिंदु दीदी एवं नीतू दीदी रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ LCC कंप्यूटर सेंटर, साहिबगंज के प्राचार्य उत्तम कुमार एवं बी.के. रंजीत केशरी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
तेज-चाल प्रतियोगिता का मार्ग रेलवे जनरल इंस्टीट्यूट → डॉ. विजय भगवा कुआँ → LCC कंप्यूटर सेंटर → गुड़ बाजार → धर्मशाला चौक → गांधी चौक तक निर्धारित किया गया था। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता परिणाम
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को निम्नलिखित स्थान प्राप्त हुए—
प्रथम स्थान – बबीता अग्रवाल
द्वितीय स्थान – ज्योति मिश्रा
तृतीय स्थान – मोनी मौर्या
चतुर्थ स्थान – रीमा सिंह
पंचम स्थान – खुशबू मिश्रा
षष्ठम स्थान – नेहा तुलस्यान
सप्तम स्थान – रीना गुप्ता
अष्टम स्थान – संगीता गुप्ता
नवम स्थान – अदिति कुमारी
दशम स्थान – किरण देवी
इस अवसर पर वक्ताओं ने महिलाओं को स्वास्थ्य, अनुशासन एवं सामाजिक जागरूकता के प्रति प्रेरित किया तथा ऐसे आयोजनों को समाज के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।कार्यक्रम के सफल आयोजन पर न्यू झारखंड युवा क्लब के अध्यक्ष विनोद कुमार यादव एवं LCC कंप्यूटर सेंटर, साहिबगंज के प्राचार्य उत्तम कुमार ने सभी प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।