संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ, ई-जर्नल के दूसरे संस्करण का लोकार्पण और ओपन क्विज का आयोजन
रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय में गुरुवार को 77वां संविधान दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भी भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सीसीएल मुख्यालय परिसर में स्थापित डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन हुआ। सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया। इस दौरान सभी ने संविधान के मूल्यों, आदर्शों और लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन भी जरूरी : सीएमडी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान का मूल सार अधिकार और कर्तव्य में निहित है। संविधान हमें अधिकार प्रदान करने के साथ-साथ राष्ट्र, समाज और अपने कार्यों के प्रति कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने सभी से संवैधानिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने और अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि संविधान केवल एक विधिक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का आधार है। प्रत्येक नागरिक और सीसीएल कर्मी का दायित्व है कि वह संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करते हुए ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे।
वहीं, मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार ने कहा कि संविधान हमें निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लेख करते हुए कहा कि ये अनुच्छेद प्रत्येक व्यक्ति को समानता और गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार सुनिश्चित करते हैं।
ई-जर्नल के दूसरे संस्करण का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान ई-जर्नल नामक पत्रिका के द्वितीय संस्करण का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा संविधान से जुड़े विभिन्न विषयों पर ओपन क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण महाप्रबंधक (विधि विभाग) जोबी वीपी ने दिया। उन्होंने संविधान निर्माण के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान अंगीकृत किया गया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विधि विभाग के वरीय प्रबंधन महेंद्र प्रताप ने धन्यवाद ज्ञापन किया। राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ समारोह का समापन हुआ।