सोनाहातू (रांची) : सोनाहातू थाना क्षेत्र के डोमाडीह गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव निवासी हरीहर महतो (उम्र लगभग 25 वर्ष), जो बीते एक सप्ताह से लापता था, उसका सिर कटा शव मंगलवार को कांची नदी से बरामद किया गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार हरीहर महतो 31 जनवरी से घर से लापता था। परिजनों द्वारा लगातार उसकी तलाश की जा रही थी। इसी बीच सोनाहातू पुलिस को कांची नदी में एक शव होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और नदी के एक गड्ढे से शव को बाहर निकाला। बाद में शव की पहचान हरीहर महतो के रूप में की गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार युवक की बेरहमी से गला काटकर हत्या की गई है। हत्या के बाद सबूत मिटाने के इरादे से शव को नदी में फेंक दिया गया था। प्राथमिक जांच में मामला अवैध संबंध से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की है।
सोनाहातू थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। घटना के सिलसिले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही आसपास के गांवों में भी पुलिस लगातार छानबीन कर रही है।
घटना के बाद डोमाडीह गांव सहित पूरे सोनाहातू क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग इस नृशंस हत्या से सहमे हुए हैं और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
रांची। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को मज़बूत करने और इसके अधिकार-आधारित स्वरूप की रक्षा के उद्देश्य से मंगलवार को रांची में कांग्रेस और विभिन्न सामाजिक संगठनों की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिविल सोसायटी संगठनों ने मनरेगा के सामाजिक और आर्थिक योगदान को रेखांकित करते हुए इसे बचाने के लिए कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे अभियान को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की।
बैठक में झारखंड की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, सह-प्रभारी भूपेंद्र मरावी, रचनात्मक कांग्रेस के नेशनल चेयरमैन एवं मनरेगा कोऑर्डिनेशन कमेटी के सदस्य संदीप दीक्षित, कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, कांग्रेस विधायक दल के उप नेता राजेश कच्छप, प्रख्यात अर्थशास्त्री प्रो. ज्यां द्रेज, झारखंड नरेगा मंच से जेम्स हेरेंज, मनरेगा वॉच से बलराम, सहित अनेक सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान झारखंड में मनरेगा की उपलब्धियों, परिसंपत्ति निर्माण, सतत आजीविका और ग्रामीण बुनियादी ढांचे के विकास में इसकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई। सामाजिक संगठनों ने अपने ज़मीनी अनुभव साझा करते हुए कहा कि मनरेगा ने ग्रामीण क्षेत्रों में रोज़गार, समय पर मजदूरी और श्रमिकों को सम्मान प्रदान किया है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को स्थिरता मिली है।
सामाजिक संगठनों ने मांग की कि ग्राम सभा की अनुमति के बिना जॉब कार्ड डिलीट न किए जाएं, काम मांगने पर काम की गारंटी सुनिश्चित हो, मजदूरी का समय पर भुगतान किया जाए, मस्टर रोल पंचायत स्तर पर जारी हों और ‘काम मांगो अभियान’ के तहत सोशल ऑडिट को और सशक्त बनाया जाए।
बैठक में इस बात पर गहरी चिंता व्यक्त की गई कि प्रस्तावित VB GRAM G जैसे प्रावधान मनरेगा के अधिकार-आधारित स्वरूप को कमजोर कर सकते हैं। इस मुद्दे पर कांग्रेस और सिविल सोसायटी संगठनों के बीच मनरेगा को यथावत बनाए रखने, नए कानून को रद्द कराने और संगठित एवं रणनीतिक समन्वय के साथ आगे बढ़ने पर सहमति बनी।
मनरेगा वॉच से जुड़े जेम्स हेरेंज ने ‘काम मांगो अभियान’ को और अधिक सक्रिय रूप से चलाने पर ज़ोर देते हुए कहा कि इससे गांवों में अधिक रोजगार सृजित होगा और इसका सीधा लाभ ग्रामीणों को मिलेगा। सामाजिक कार्यकर्ता दयामणि बारला ने कहा कि केंद्र सरकार को VB GRAM G वापस लेना होगा और मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में बहाल करना होगा।
रचनात्मक कांग्रेस के नेशनल चेयरमैन संदीप दीक्षित ने कहा कि मनरेगा ने देश में मजदूरी का न्यूनतम मानक स्थापित किया है और करोड़ों श्रमिकों को सम्मानजनक रोजगार दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस अधिकार-आधारित योजना को कमजोर करना श्रमिकों के संवैधानिक अधिकारों पर सीधा हमला होगा।
मजदूर किसान शक्ति संगठन के को-फाउंडर एवं सामाजिक कार्यकर्ता निखिल डे ने कहा कि मनरेगा के कारण गरीब और हाशिए पर खड़े ग्रामीण लोग दासता जैसी परिस्थितियों और कर्ज़-बंधन से बाहर निकल सके हैं। इससे शोषणकारी जमींदार और ठेकेदार आधारित व्यवस्था को चुनौती देने की उनकी क्षमता बढ़ी है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि अब ज़रूरत है ज़मीन पर उतरकर मज़दूरों के साथ खड़े होने, काम की मांग दर्ज कराने, समय पर भुगतान सुनिश्चित करने और सभी हितधारकों की स्पष्ट जिम्मेदारी तय करने की।
झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने घोषणा की कि राज्य के प्रत्येक विधायक अपने क्षेत्र में ‘काम मांगो अभियान’ के तहत मॉडल अभियान चलाएंगे। उन्होंने बताया कि राज्य स्तर पर मनरेगा टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा और हर जिले में मनरेगा कोऑर्डिनेटर नियुक्त किए जाएंगे। साथ ही प्रशिक्षण कार्यक्रम, ब्लॉक संवाद, सोशल ऑडिट प्रणाली को सक्रिय करने और स्वयं सहायता समूहों को अभियान से जोड़ने का निर्णय लिया गया।
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने जानकारी दी कि 2 से 5 फरवरी 2026 के बीच राज्य की 4,080 पंचायतों में आयोजित ‘काम मांगो अभियान’ में 1,74,245 लोगों ने भाग लिया, जिनमें 1,03,158 लोगों ने काम की मांग दर्ज कराई। इस दौरान 17,914 नए जॉब कार्ड बनाए गए, 40,602 श्रमिकों का ई-केवाईसी, 39,593 नई योजनाओं के आवेदन प्राप्त हुए और 14,899 श्रमिकों को सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि मनरेगा के तहत अब तक 1017.65 लाख मानव-दिवस सृजित हुए हैं और 52 प्रतिशत जॉब कार्ड महिलाओं के नाम हैं।
बैठक के अंत में सामाजिक संगठनों ने स्पष्ट किया कि वे मनरेगा को बचाने और इसे अधिकार-आधारित तथा जनभागीदारी वाली योजना के रूप में बनाए रखने के लिए कांग्रेस के साथ मिलकर निरंतर संघर्ष और समन्वय करते रहेंगे।
शहर की विधि व्यवस्था की मजबूती के लिए आज चैम्बर भवन में सिटी एसपी पारस राणा, सिटी डीएसपी केवी रमन एवं कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के साथ झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में हाल के दिनों में व्यापारियों को आ रही रंगदारी व धमकी भरे कॉल्स तथा शहर की विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि ऐसी घटनाओं से व्यापारियों में भय का माहौल बनता है। हालिया घटनाओं के त्वरित उद्भेदन के लिए उन्होंने पुलिस तंत्र द्वारा किये जा रहे प्रयासों की सराहना भी की। उन्होंने जिला पुलिस द्वारा स्पष्ट संदेश देने की आवश्यकता पर बल दिया कि झारखण्ड में अपराध को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों को कड़ी सजा मिलेगी। उन्होंने पेट्रोलिंग वाहनों की संख्या बढ़ाने, नए थानों के निर्माण, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, खुफिया तंत्र को सुदृढ़ करने एवं अन्य राज्यों के साथ समन्वय बढ़ाने की बात कही।
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस द्वारा कई निर्णायक कदम उठाए जा रहे हैं। व्हाट्सएप कॉल व मैसेज के माध्यम से आ रही धमकियों के उद्भेदन पर भी पुलिस गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की धमकी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, भयभीत न हों। उन्होंने रोड साइड दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे, विशेषकर मोशन सेंसर आधारित कैमरे एवं अलार्म सिस्टम लगाने की सलाह दी, विशेषकर हाई-रिस्क व्यापारियों को इसे अनिवार्य रूप से अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि 112 पर सूचना देने पर पीसीआर एक मिनट के भीतर सहायता के लिए उपलब्ध रहेगी।
पूर्व अध्यक्ष पवन शर्मा ने कहा कि जिला स्तर पर प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय हैं, लेकिन थाना स्तर पर व्यवस्था को और बेहतर बनाने की आवश्यकता है, जिससे आम नागरिक बिना भय अपनी बात रख सके। पूर्व अध्यक्ष कुणाल अजमानी ने पूरे शहर में सक्रिय अवैध कब्जा गिरोह पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि दंड न मिलने से अपराधियों का मनोबल बढ़ता है और पुलिस व समाज के समन्वय से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
रांची चैम्बर के अध्यक्ष संजय माहुरी ने पंडरा कृषि मंडी में असामाजिक तत्वों की अड्डेबाजी पर रोक लगाने की मांग की। सह सचिव रोहित पोद्दार ने आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में लगे तीन पहिया मालवाहक वाहनों को शाम 5 से 7 बजे के नो-एंट्री समय में शिथिलता देने, पीसीआर के कार्यक्षेत्र व संपर्क नंबरों की सूची चैम्बर से साझा करने तथा प्रत्येक तीन माह में सिटी एसपी स्तर पर हाई-रिस्क व्यापारियों के साथ बैठक हेतु पुलिस-व्यापारी समन्वय समिति गठित करने का सुझाव दिया, जिस पर सिटी एसपी ने विचार करने का आश्वासन दिया। लॉ एंड ऑर्डर उप-समिति के चेयरमैन मुकेश अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा चैम्बर की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस प्रशासन द्वारा किये जा रहे प्रयास सराहनीय हैं, लेकिन ज़मीनी स्तर पर त्वरित और दृढ़ कार्रवाई से ही अपराधियों में भय पैदा होगा। उन्होंने कहा कि चैम्बर पुलिस के साथ निरंतर संवाद और सहयोग के माध्यम से शहर में सुरक्षित व्यापारिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष अरुण बुधिया, किशोर मंत्री, कार्यकारिणी सदस्य तुलसी पटेल, विनीता सिंघानिया, विकास मोदी, पूजा ढाढा, सदस्य प्रमोद सारस्वत, सुबोध जयसवाल, मुकेश पांडेय, अनुराग चावला ने भी अपने सुझाव दिए। चैम्बर महासचिव रोहित अग्रवाल ने सिटी एसपी को एक ज्ञापन भी सौंपा। यह भी कहा कि विधि व्यवस्था की मजबूती हेतु सदस्यों के सुझाव को जल्द ही चैम्बर द्वारा कम्पाइल करके सिटी एसपी को प्रेषित किया जायेगा।
बैठक में चैम्बर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, कार्यकारिणी सदस्य मनीष सराफ, आस्था किरण, अनीश बुधिया, उप समिति चेयरमैन साहित्य पवन, निधि झुनझुनवाला, श्रवण कुमार, किशन अग्रवाल, तेजविंदर सिंह, परमिंदर सिंह बग्गा, प्रकाश हेतमसरिया, बिजेंद्र प्रसाद, विजय महतो, राजीव चौधरी, राकेश कुमार, राजेश पोद्दार समेत अन्य काफी सदस्य उपस्थित थे।
नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 अंतर्गत आज दिनांक 07.02.2026 को चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया संपन्न हुई। राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशानुसार संबंधित निर्वाची पदाधिकारी के कक्ष में रांची नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत मेयर एवं वार्ड पार्षद तथा बुंडू नगर पंचायत अंतर्गत अध्यक्ष एवं वार्ड सदस्य अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया।
रांची नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत मेयर पद हेतु 11 अभ्यर्थियों को आवंटित चुनाव चिन्ह निम्न प्रकार है :-
1. किरण कुमारी एयर-कंडीशनर
2. देवी दयाल मुंडा-छड़ी
3. प्रवीण कच्छप-चूड़ियां
4. विनोद कुमार बड़ाईक-बैटरी टॉर्च
5. रमा खलखो-बेंच
6. रोशनी खालको-बिस्किट
7. सुजाता कश्यप-बक्सा
8. सुजीत विजय आनंद कुजूर-ईंटें
9. सुमनकांत तिग्गा-बाल्टी
10. सुरेंद्र लिंडा-कैमरा
11. सोनू खलखो-कारपेट
माननीय राष्ट्रपति महोदया द्रौपदी मुर्मू, भारत सरकार के प्रस्तावित झारखंड (रांची/जमशेदपुर) परिभ्रमण को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गयी। समाहरणालय स्थित उपायुक्त सभागार में आयोजित बैठक में पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक, यातायात, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था), अनुमंडल पदाधिकारी सदर, निदेशक बिरसा मुंडा विमानपत्तन, असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता, भवन निर्माण विभाग, पथ निर्माण विभाग, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल एवं अग्निशमन विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
माननीय राष्ट्रपति महोदया द्रौपदी मुर्मू के परिभ्रमण को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सुविधा, अग्निशमन, सड़क एवं भवन संबंधी तैयारियों सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया कि माननीय राष्ट्रपति महोदया का परिभ्रमण जिला प्रशासन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं गौरव का विषय है, अतः सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन सुनिश्चित करें।
पायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने, वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात सुचारू रखने, वैकल्पिक मार्गों की पूर्व तैयारी, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था, अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन की तत्परता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रामगढ़। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपनी धर्मपत्नी विधायक कल्पना सोरेन संग रजरप्पा पहुंचे। मुख्यमंत्री यहां प्रसिद्ध सिद्धपीठ माँ छिन्नमस्तिका मंदिर में विधिवत् पूजा-अर्चना कर माता रानी से समस्त राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, खुशहाली एवं उन्नति की कामना की। मुख्यमंत्री ने नारियल बलि देकर रक्षा सूत्र बंधवाया तथा शीश झुकाकर माँ छिन्नमस्तिका से आशीर्वाद मांगा। मौके पर धार्मिक पुरोहितों ने परम्परा के अनुरूप पूरे विधि-विधान से पूजा सम्पन्न कराई। इस अवसर पर रजरप्पा मंदिर न्यास समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन को सप्रेम प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।
दिनांक 29.01.2026 को छत्तरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गम्हरिया में अभियुक्त लवकुश कुमार यादव, उम्र करीब 30 वर्ष, पिता सिता राम यादव, ग्राम बरेवा, थाना हैदरनगर, जिला पलामू द्वारा अपनी पत्नी, सास, ससुर, साला एवं साली पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया था। उक्त घटना में सभी घायल हुए थे, जिनका इलाज सदर अस्पताल, पलामू में कराया जा रहा था। इलाज के क्रम में अभियुक्त के ससुर सुनील यादव की मृत्यु हो गई। इस संबंध में अभियुक्त की पत्नी रीता देवी के फर्दबयान के आधार पर छत्तरपुर थाना कांड संख्या 15/26, दिनांक 31.01.2026 को धारा 126(2)/115(2)/118(1)/118(2)/85/109(1)/103/61(2) BNS 2023 एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, महोदया के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, छत्तरपुर के नेतृत्व में अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा लगातार छापामारी की जा रही थी। इसी क्रम में दिनांक 04.02.2026 को जपला बाजार के पास से अभियुक्त लवकुश कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपना अपराध स्वीकार किया तथा उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून लगा चाकू एवं खून लगा जैकेट बरामद किया गया। पूछताछ में अभियुक्त द्वारा बताया गया कि उसकी शादी वर्ष 2023 में रीता देवी के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होता रहता था। अभियुक्त के अनुसार उसकी पत्नी अक्सर मायके चली जाती थी। पूर्व में दोनों परिवारों के बीच विवाद हुआ था, जिसे स्थानीय मुखिया एवं ग्रामीणों द्वारा समझा-बुझाकर शांत कराया गया था। इसके बाद अभियुक्त रोजगार हेतु दिल्ली चला गया, किंतु वहां रहते हुए भी दांपत्य विवाद बना रहा। अभियुक्त का कहना है कि ससुराल पक्ष द्वारा उसकी पत्नी को उसके एवं उसके माता-पिता के विरुद्ध भड़काया जाता था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गया। अभियुक्त ने स्वीकार किया कि इसी आक्रोश में उसने दिल्ली से रामपुर (उत्तर प्रदेश) जाकर चाकू खरीदा और ससुराल पक्ष को नुकसान पहुंचाने की योजना बनाई।दिनांक 29.01.2026 को वह दिल्ली से सीधे अपने ससुराल ग्राम गम्हरिया आया। रात्रि में विवाद के दौरान गुस्से में आकर उसने पहले अपनी पत्नी पर चाकू से हमला किया तथा बीच-बचाव करने आए ससुर, सास, साला एवं साली पर भी हमला कर दिया और इसके बाद फरार हो गया। अभियुक्त किसी कार्य से अपने घर आया था और पुनः दिल्ली जाने के क्रम में जपला स्टेशन की ओर जाते समय पुलिस द्वारा उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण :
1. लवकुश कुमार यादव उम्र : करीब 30 वर्ष, पिता : सिता राम यादव, पता : ग्राम बरेवा, थाना हैदरनगर, जिला पलामू
जप्त सामान :
1. एक खून लगा चाकू
2. एक खून लगा जैकेट
छापामारी दल :
1. पु०अ०नि० सह थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद, छत्तरपुर थाना
2. पु०अ०नि० अनिल रजक, छत्तरपुर थाना
3. पु०अ०नि० धर्मवीर कुमार यादव, छत्तरपुर थाना (अनुसंधानकर्ता)
4. स०अ०नि० राजीव कुमार, छत्तरपुर थाना
5. छत्तरपुर थाना सशस्त्र बल
रांची:- स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफ़ान अंसारी ने गुरुवार को आईपीएच सभागार से फाइलेरिया रोधी दवा खाकर फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत मास ड्रग अभियान की शुरुआत की। इस मौक़े पर उन्होंने कहा कि कोई भी अभियान छोटा नहीं होता है । अभियान, कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को संदेश दिया जाता है कि यह अभियान आपके स्वास्थ्य के लिए ही है, आपको जागरूक करने के लिए है । बिना आपके सहयोग से हम कार्यक्रम को सफल नहीं बना सकते हैं, इसलिए आप दवा जरूर खायें । इसमें कोई नुकसान नहीं है बल्कि, यदि आपके अंदर फाइलेरिया के जीवाणु हैं, तो वो मर जाएँगे । डॉ इरफान अंसारी आईपीएच सभागार नामकुम में आयोजित राज्य स्तरीय अंतर विभागीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे ।इस अवसर पर डॉ इरफान अंसारी ने 14 जिलों के लिए प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया ।
*फाइलेरिया मुक्त झारखंड बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग के बढ़ते कदम*
डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड को 2029 तक फाइलेरिया मुक्त राज्य बनाने का हमारा लक्ष्य है और इस दिशा में हम आगे बढ़ चुके हैं । खूंटी जिला को हमने फाइलेरिया मुक्त बनाने में सफलता पाई है । अगस्त 2025 में राज्य के 9 जिलों में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम चलाया गया था और अब 2026 में 10 फ़रवरी से 26 फ़रवरी तक यह अभियान राज्य के 14 जिलों ( रांची ,गुमला ,गिरिडीह,बोकारो,साहिबगंज,पाकुड़,देवघर,पूर्वी सिंहभूम,कोडरमा,रामगढ़,सिमडेगा, धनबाद और लोहरदगा) में चलाया जाएगा । जहाँ 10 फ़रवरी को बूथ में और फिर 11 फ़रवरी से 26 फ़रवरी तक घर-घर जाकर लोगों को फाइलेरिया की दवा खिलाई जाएगी ।
*फाइलेरिया उन्मूलन में सभी अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें*
डॉ इरफान अंसारी ने जन वितरण प्रणाली की दुकानों से भी फाइलेरिया दवा देने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी को ईमानदारी से अपनी भूमिका निभानी होगी । साहिया, जेएसएलपीएस की बहनें , एएनएम ,सीएचओ सभी के सहयोग और समर्थन की आवश्यकता है तभी हम इस बीमारी से निजात पा सकेंगे ।
*स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार हो रहे बेहतर कार्य*
डॉ इरफ़ान अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्य
के क्षेत्र में झारखंड को देश के अग्रिणी राज्यों की श्रेणी में पहले पायदान पर लाने की दिशा में सभी प्रयास किए जा रहे है । राज्य के सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज खोलने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं । । रिम्स-2 को बनाने की दिशा में काम जारी है । किडनी ट्रांसप्लांट हॉस्पिटल की भी शुरुआत जल्द ही होगी।
*फाइलेरिया उन्मूलन के लिए जरूरी है कि सभी लोगों द्वारा दवा का सेवन*
अभियान निदेशक श्री शशि प्रकाश झा ने कहा कि जब तक सभी ऐक्टिव होकर इस अभियान में नहीं लगेंगे तब तक यह कार्यक्रम सफल नहीं होगा । फाइलेरिया उन्मूलन के लिए जरूरी है कि सभी लोग दवा खाएँ। हमलोग फाइलेरिया मुक्त झारखंड के लक्ष्य को पाने की दिशा में प्रयासरत है और जिस तरह पोलियो मुक्त झारखंड बनने में सफलता पाई है उसी प्रकार हमलोगों फाइलेरिया मुक्त झारखंड बनाने में सफल होंगे ।
निदेशक प्रमुख डॉ सिद्धार्थ सागर ने कहा कि हमने फ़ाइलेरिया के उन्मूलन में बेहतर काम किया है । आगे भी बेहतर करने के लिए सभी का सहयोग जरूरी है ।दवा का सेवन सभी कोई करें कोई भी समुदाय इससे ना छूटे इसे सुनिश्चित किया जाएगा ।
श्रीमती शाज्ञा सिंह ,स्टेट को-ऑर्डिनेटर ने फाइलेरिया रोग के बारे में विस्तार से बताया । कहा कि कैसे हमलोग फाइलेरिया से बच सकते हैं। फाइलेरिया किसी को ना हो इसके लिए सभी लोगों को पूरे जनसमुदाय को एक साथ फाइलेरिया की दवा खिलानी है । जिससे फ़ाइलेरिया के कीड़े सभी में एक साथ मार जाए । इससे यह होगा कि एक साथ खाने से किसी के शरीर में फाइलेरिया के कीड़े नहीं होंगे तो सभी सुरक्षित रहेंगे । सभी स्वास्थ्य लोगों को सिर्फ कुछ लोगों को छोड़कर ये दवा खानी है ।
कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए जिला परिषद अध्यक्ष,जिला प्रमुख, मुखिया आदि ने अपने -अपने विचार रखे ,सुझाव दिए कि किस प्रकार हमारा झारखंड फाइलेरिया मुक्त बन सकता है । और इस दिशा में हमलोग क्या क्या सहयोग कर सकते हैं।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के वरीय पदाधिकारी, स्वास्थ्य कर्मी, विभिन्न जिलों से आयें मुखिया , प्रमुख , सहिया एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
दिनांक 25 जनवरी 2026 की रात्रि में हरलाडीह ओ०पी० क्षेत्र अन्तर्गत जतरामेला देखने गई दो नाबालिग बच्चियों के साथ अज्ञात व्यक्तियों के द्वारा सामूहिक दुष्कर्म की घटना कारित किया गया था। जिसके आलोक में खुखरा (हरलाडीह) थाना काण्ड सं० 02/26 दिनांक 26.01.2026 धारा 70(2)/3(5) बी०एन०एस० एवं 6/10 पॉक्सो एक्ट दर्ज किया गया। काण्ड के त्वरित उद्भेदन हेतु डॉ बिमल कुमार, भा. पु. से. पुलिस अधीक्षक, गिरिडीह के द्वारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डुमरी, गिरिडीह के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल (S.I.T) का गठन किया गया। साथ ही घटना की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर श्वान दस्ता, विधि-विज्ञान प्रयोगशाला, राँची एवं तकनीकी टीम, को घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित करने हेतु प्रतिनियुक्त किया गया।
विशेष अनुसंधान दल (S.I.T) के द्वारा मानवीय एवं तकनीकी सहायता से इस काण्ड का साक्ष्यानुसार उद्भेदन करते हुए उक्त दोनों नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म करने में संलिप्त 04 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई एवं 04 विधि-विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया है।
➤ गिरफ्तार अभियुक्तों की विवरणी :-
राजेश मुर्मू (उम्र करीब 26 वर्ष) पे० मोहन मुर्मू ग्राम मंडलडीह, थाना हरलाडीह ओ०पी० (खुखरा), जिला गिरिडीह।
रवीन्द्र टुडू (उम्र करीब 23 वर्ष) पे० नासिर टुडू ग्राम मंडलडीह, थाना हरलाडीह ओ०पी० (खुखरा), जिला गिरिडीह।
संजय टुडू (उम्र करीब 21 वर्ष) पे० सुखदेव टुडू ग्राम मझियारा, थाना मनियाडीह, जिला धनबाद।
सोहन टुडू (उम्र करीब 23 वर्ष) पे० जयाराम टुडू ग्राम मझियारा, थाना मनियाडीह, जिला धनबाद।
➤ विधि-विरुद्ध किशोर – 04 (चार)
➤ बरामदगी :-
01 अभियुक्त का घटनास्थल से बरामद जींस पैंट।
सात (07) मोबाइल।
➤ छापामारी टीम :-
1. सुमित प्रसाद, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डुमरी
2. कैलाश प्रसाद महतो, प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक, गिरिडीह
3. सुश्री नीलम कुजूर, प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक, गिरिडीह
4. पु०अ०नि० रतन कुमार सिंह, पुलिस केन्द्र, गिरिडीह
5. पु०नि० राजेन्द्र प्रसाद महतो, डुमरी अंचल
6. पु०अ०नि० राणा जंग बहादुर सिंह, नगर थाना
7. पु०अ०नि० विक्रम कुमार सिंह, नगर थाना
8. पु०अ०नि० दीपक कुमार-2, ओ०पी० प्रभारी, हरलाडीह
9. पु०अ०नि० निरंजन कच्छप, थाना प्रभारी, खुखरा
10. पु०अ०नि० गौतम कुमार, मुफ्फसिल थाना, गिरिडीह
11. पु०अ०नि० दिपेश कुमार, थाना प्रभारी, पीरटांड
12. पु०अ०नि० प्रणीत पटेल, थाना प्रभारी, डुमरी
13. म०पु०अ०नि० दीपमाला कुमारी, थाना प्रभारी, महिला
14. पु०अ०नि० प्रीनन, मुफ्फसिल थाना
15. म०पु०अ०नि० शीला हेम्ब्रम, मुफ्फसिल थाना
16. तकनीकी शाखा गिरिडीह।
दिनांक 01.02.2026 को समय 08:30 बजे स्थानीय चौकीदार के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुसड़ी टोला पुरानी बथान में दो पक्षों के बीच आपसी विवाद के कारण तीन लोगों की हत्या कर दी गई है। सूचना प्राप्त होते ही उक्त सूचना का सन्हा दर्ज कर सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु वरीय पुलिस पदाधिकारी को अवगत कराया गया। सूचना के आलोक में पु०नि० जीतराम महली, पु०अ०नि० आशुतोष रजक, पु०अ०नि० गोपाल कुमार राय, स०अ०नि० रविन्द्र कुमार एवं सशस्त्र बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचने पर यह तथ्य सामने आया कि महेशी भुईयां (उम्र लगभग 62 वर्ष) की मृत्यु दिनांक 01.02.2026 की सुबह बीमारी के कारण हुई थी। मृतक महेशी भुईयां की मृत्यु को डायन-विषाही एवं ओझागुणी जैसे अंधविश्वास से जोड़ते हुए उनके पुत्र रविन्द्र भुईयां एवं प्रमोद भुईयां आक्रोशित हो गए और इसी अंधविश्वास के कारण उन्होंने विजय भुईयां (उम्र लगभग 50 वर्ष), उनकी पत्नी हेवन्ती देवी उर्फ फुलवन्ती देवी (उम्र लगभग 45 वर्ष) एवं उनके पुत्र छोटू कुमार (उम्र 19 वर्ष) पर टांगी एवं चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी। वहीं विजय भुईयां की पुत्री को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया गया, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस अधीक्षक, पलामू के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लेस्लीगंज के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए इस कांड के प्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त
1. रविन्द्र भुईयां, उम्र 30 वर्ष, पिता स्व० महेशी भुईयां, ग्राम कुसड़ी टोला पुरानी बथान, थाना पांकी, जिला पलामू
2. प्रमोद भुईयां, उम्र 26 वर्ष, पिता स्व० महेशी भुईयां, ग्राम कुसड़ी टोला पुरानी बथान, थाना पांकी, जिला पलामू
बरामदगी
1. घटना में प्रयुक्त टांगी (प्राथमिकी अभियुक्त प्रमोद भुईयां के निशानदेही पर)
इस संबंध में पांकी थाना कांड संख्या-10/2026, दिनांक-01.02.2026,
धारा 118(1)/118(2)/109(1)/351(3)/103(1)/3(5) भारतीय न्याय संहिता, 2023 एवं 3/4 डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
छापामारी दल
1. मनोज कुमार झा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लेस्लीगंज (पांकी), पलामू
2. पु०नि० जीतराम महली, अंचल पुलिस निरीक्षक, पांकी अंचल
3. पु०अ०नि० रविन्द्र राहुल साय, पांकी थाना
4. पु०अ०नि० आशुतोष रजक, पांकी थाना
5. पु०अ०नि० गोपाल कुमार राय, पांकी थाना
6. स०अ०नि० रविन्द्र कुमार, पांकी थाना
7. पांकी थाना रिजर्व गार्ड
पलामू पुलिस की अपील
पलामू पुलिस आमजनों से अपील करती है कि डायन-विषाही प्रथा समाज पर एक गंभीर कलंक है। इस अंधविश्वास को समाप्त करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अंधविश्वास नहीं, जागरूकता अपनाएं और डायन-विषाही प्रथा को जड़ से समाप्त करने में सहयोग करें।