सिल्ली-मुरी। हरितालिका तीज के अवसर पर सोमवार को सिल्ली-मुरी क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का माहौल रहा। सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु और परिवार में सुख-समृद्धि की मंगलकामना को लेकर निर्जला व्रत रखा। दिनभर व्रती महिलाओं ने श्रद्धा और निष्ठा के साथ भगवान शिव एवं माता पार्वती की आराधना की।पर्व को लेकर सुबह से ही महिलाओं में उत्साह देखा गया। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सोलह शृंगार कर पूजा स्थलों पर पहुंचीं। देवी मंडप सहित विभिन्न स्थानों पर सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की गई। पंडित कृष्णकांत मिश्र ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजा की विधियां पूरी कराईं।पूजा के उपरांत व्रती महिलाओं को हरितालिका तीज की कथा सुनाई गई। इसके बाद सामूहिक आरती में महिलाओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान पूजा स्थल तीज गीतों और भजनों से गूंजता रहा।महिलाओं ने बताया कि हरितालिका तीज भारतीय संस्कृति और वैवाहिक परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस दिन व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती से दांपत्य जीवन में प्रेम, विश्वास और सुख-शांति बनाए रखने की प्रार्थना की जाती है। पर्व को लेकर क्षेत्र के पूजा स्थलों पर दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।