6 किलो बालूशाही और 10 बोतल एक्सपायरी थम्स अप जब्त, चार दुकानदारों को नोटिस
साहिबगंज। दीपावली एवं छठ महापर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट और अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बोरियो बाजार में विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान 6 किलोग्राम बालूशाही और 10 बोतल एक्सपायरी थम्स अप जब्त की गई। वहीं, खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर चार दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
उपायुक्त, साहिबगंज के निर्देशानुसार चलाए गए इस अभियान में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बाजार की 10 मिठाई एवं नाश्ता दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, रखरखाव और एक्सपायरी तिथि सहित विभिन्न खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
जांच के क्रम में टीम ने 6 किलो बालूशाही और 10 बोतल एक्सपायरी थम्स अप जब्त की। खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन में कमी पाए जाने पर चार दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
विभागीय टीम ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता बनाए रखने, मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री को ढककर रखने तथा मिलावटी, दूषित और एक्सपायरी खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने का सख्त निर्देश दिया। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन करने को कहा।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान मिलावट और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर रोक लगाने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि त्योहारों के दौरान खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता एवं शुद्धता का ध्यान रखें तथा किसी भी प्रकार की मिलावट या अनियमितता की सूचना विभाग को दें।