FOLLOW US ON
Breaking News एसआरआर और एमएमडीआर पर विशेष सत्र का आयोजन,विरोध में झारखंड विधानसभा से प्रस्ताव पास | UPI में 2000 रु से अधिक लेनदेन के चार्ज पर रोक, राजनीतिक बयानबाजी तेज | 28 नवंबर को झारखंड बंद का आदिवासी संगठनों ने किया ऐलान | दिल्ली दुलारचंद हत्या केस में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश मोकामा विधायक अनंत सिंह को 1 दिसंबर तक सरेंडर करने का निर्देश | 28 नवंबर को खेलगांव स्टेडियम में झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का होगा आयोजन | यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से राजनीति शुरू बीजेपी और समाजवादी पार्टी के नेताओं के बीच बयानबाजी तेज | बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी की चर्चा विदेशी मीडिया में | चर्चित आदिवासी नेत्री निशा भगत मामले में सीबीआई ने शुरू की जांच कई अभियुक्त से पूछताछ |
राज्य स्थापना पखवाड़ा सह हेमंत सरकार का दूसरा वर्षगांठ पर सीएम हेमंत सोरेन बोले झारखंड को 2050 तक विकसित एवं अग्रणी राज्यों की श्रेणी में खड़ा करना लक्ष्य
November 28, 2026 | 108 Views
राज्य स्थापना पखवाड़ा सह हेमंत सरकार का दूसरा वर्षगांठ पर सीएम हेमंत सोरेन बोले झारखंड को 2050 तक विकसित एवं अग्रणी राज्यों की श्रेणी में खड़ा करना लक्ष्य

लगभग 9 हजार करोड़ की 1,650 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन, महिला सशक्तिकरण और शिक्षा पर सरकार का विशेष जोर

रांची, 28 नवंबर। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन एवं राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को खेलगांव, रांची में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए। इस अवसर पर लगभग 9 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया गया। इनमें 5,941.86 करोड़ रुपये की लागत से 823 योजनाओं का शिलान्यास तथा 3,155.73 करोड़ रुपये की लागत से 820 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 वर्षों का युवा झारखंड संघर्ष और अनेक उतार-चढ़ाव पार कर आज इस मुकाम तक पहुंचा है। भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, नीलांबर-पीतांबर, कार्तिक उरांव और दिशोम गुरु शिबू सोरेन सहित राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले महापुरुषों के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड का निर्माण लंबे संघर्ष के बाद हुआ है। यह राज्य खून-पसीने से सींचा गया है और अपने हक-अधिकार की लड़ाई लड़ने में सक्षम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल, जंगल, जमीन, पहाड़ और नदी-नाले हमारे जीवन का आधार हैं। इनका संरक्षण करना हमारी जिम्मेदारी है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को बेहतर भविष्य दिया जा सके। झारखंड ने अपनी खनिज संपदा से देश और दुनिया को समृद्ध किया है, लेकिन यहां के आदिवासी और मूलवासी लंबे समय तक विकास की दौड़ में पीछे रहे। अब इस स्थिति को बदलने और राज्य को विकास के अग्रणी पायदान पर पहुंचाने का संकल्प लेना होगा।

50 लाख से अधिक परिवारों तक पहुंच रही आर्थिक सहायता

महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं और बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सम्मान राशि उपलब्ध करा रही है। 50 लाख से अधिक परिवारों तक प्रतिमाह कम-से-कम 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता पहुंच रही है। इस राशि से महिलाएं छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू कर रही हैं और परिवार की आर्थिक मजबूती में योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य के भीतर रोजगार और सुरक्षित माहौल तैयार करने की दिशा में लगातार प्रयास हो रहे हैं।

छात्रावास के विद्यार्थियों को भोजन उपलब्ध कराएगी सरकार

मुख्यमंत्री ने शिक्षा और युवाओं के भविष्य को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों की स्थापना, विद्यालयों के उन्नयन और छात्रावासों की बेहतर व्यवस्था के लिए लगातार काम किया जा रहा है। कल्याण विभाग के आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को सरकार की ओर से भोजन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है, ताकि वे भोजन की चिंता से मुक्त होकर पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकें। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा में प्रवेश और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी आवश्यक सहायता दी जा रही है। युवाओं को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से सकारात्मक पहल की जा रही है।

2050 तक विकसित राज्यों की श्रेणी में होगा झारखंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2050 तक झारखंड को देश के विकसित एवं अग्रणी राज्यों के समकक्ष खड़ा करना सरकार का लक्ष्य है। राज्य में संसाधनों और संभावनाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत दृढ़ संकल्प, ईमानदार सोच और सामूहिक प्रयास की है। खेल, कला, संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं की अपार प्रतिभा है। राज्य की नई पीढ़ी को बेहतर दिशा देकर विकास की प्रक्रिया में सहभागी बनाना होगा।

उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस पखवाड़े में राज्य के विभिन्न जिलों, पंचायतों और गांवों से आई महिला समूहों ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए। इससे स्थानीय उत्पादों को बाजार मिला और महिलाओं की आजीविका को मजबूती मिली। सरकार स्थानीय उत्पादों को उचित बाजार उपलब्ध कराने, जीआई टैगिंग और ऑनलाइन खरीद-बिक्री की व्यवस्था को बढ़ावा दे रही है। दिल्ली ट्रेड फेयर में भी झारखंड की महिलाओं ने अपने हुनर और उत्पादों का बेहतर प्रदर्शन किया है।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित

समारोह में विशिष्ट सेवाओं, वीरता और उत्कृष्ट योगदान के लिए विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को सम्मानित किया गया। पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को झारखंड मुख्यमंत्री पदक (वीरता) प्रदान किया गया। विभिन्न विभागों में बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों, खिलाड़ियों और कलाकारों को भी सम्मानित किया गया। मैट्रिक, इंटर एवं इंजीनियरिंग परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार और लैपटॉप प्रदान किए गए।

इस अवसर पर बंदियों के मानवीय व्यवहार से संबंधित पुस्तिका 'The Jharkhand Prison Journal 2025' का विमोचन किया गया। वहीं वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से निर्मित फिल्म 'अरण्य' का टीजर प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री एवं अतिथियों ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और विभागीय उपलब्धियों की जानकारी ली।

समारोह में मंत्री राधाकृष्ण किशोर, दीपक बिरुआ, चमरा लिंडा, संजय प्रसाद यादव, डॉ. इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह, योगेंद्र प्रसाद, शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, रांची की महापौर रोशनी खलखो, विधायक कल्पना सोरेन, सुरेश कुमार बैठा, ममता देवी, झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह सहित राज्य सरकार के वरीय पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित थे।


November 28, 2026 | 109 Views
November 28, 2026 | 109 Views
November 28, 2026 | 109 Views
November 28, 2026 | 109 Views
November 28, 2026 | 109 Views
November 28, 2026 | 109 Views
November 28, 2026 | 109 Views
November 28, 2026 | 109 Views
November 28, 2026 | 109 Views