जैविक किसानों से उत्पादों की खरीदारी कर बढ़ाया उत्साह, सीसीएल के 15 क्षेत्रीय महिला मंडलों की अध्यक्षों ने निभाई सहभागिता
रेंदो । अर्पिता महिला मंडल की ओर से शुक्रवार को रेंदो गांव में सामाजिक कल्याण, ग्रामीण सशक्तिकरण एवं जरूरतमंद परिवारों की सहायता के उद्देश्य से विशेष कल्याणकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंडल की अध्यक्षा प्रीति सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में सीसीएल के सभी 15 क्षेत्रीय महिला मंडलों की अध्यक्षों एवं अर्पिता महिला मंडल की सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के दौरान गांव के प्रत्येक घर तक सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से ग्रामीण परिवारों के बीच ट्रंक, कंबल, फल, बिस्कुट, लंच पैकेट, साड़ियां, सलवार सूट एवं गर्म कपड़ों का वितरण किया गया। इस पहल के माध्यम से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया कि गांव का कोई भी जरूरतमंद परिवार सहायता से वंचित न रहे।
वहीं, जैविक खेती के लिए पहचान रखने वाले रेंदो गांव के स्थानीय किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए महिला मंडल की ओर से उनसे जैविक उत्पादों की खरीदारी भी की गई। इससे किसानों की आजीविका को सहयोग देने के साथ-साथ जैविक खेती को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर प्रीति सिंह ने सभी उपाध्यक्षों, 15 क्षेत्रीय महिला मंडलों की अध्यक्षों एवं अर्पिता महिला मंडल की सदस्यों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की। सभी के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
अर्पिता महिला मंडल समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। मंडल का उद्देश्य सामूहिक सहयोग और मानवीय संवेदना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत चतरा जिला प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम
रांची । झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा 2026 के अवसर पर जिला प्रशासन, चतरा की ओर से जिले में विभिन्न जनकल्याणकारी एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत बाल विवाह मुक्त भारत अभियान, नशीले एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध जागरूकता अभियान तथा सरकारी आवास योजनाओं के लाभुकों के गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
बाल विवाह मुक्त झारखंड अभियान को मिली गति
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान 2026 के तहत अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह मुक्त दिवस के अवसर पर डीएमएफटी प्रशिक्षण भवन, चतरा में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बाल विवाह की कुप्रथाओं एवं इससे संबंधित कानूनी दंड के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बाल विवाह मुक्त झारखंड प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
अभियान के माध्यम से बालिकाओं, अभिभावकों एवं समुदाय के लोगों को बाल विवाह रोकने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके तहत 18 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं एवं 21 वर्ष से कम आयु के बालकों के विवाह को रोकने के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करना भी अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
नुक्कड़ नाटक एवं गीत-नाट्य से नशे के दुष्परिणामों की जानकारी
स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिला प्रशासन की ओर से नशीले एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत जिले के विभिन्न स्थलों पर गीत-नाट्य एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी जा रही है।
अभियान के दौरान नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान के बारे में लोगों को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
सरकारी आवास योजना के लाभुकों के घरों में खुशियों का गृह प्रवेश
झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर चतरा जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं गांवों में सरकार की महत्वाकांक्षी आवास योजनाओं के तहत जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इसी क्रम में नवनिर्मित पक्के मकानों में लाभुकों का गृह प्रवेश कराया जा रहा है। अपने नए घर में प्रवेश कर जरूरतमंद परिवारों के जीवन में खुशियों की नई शुरुआत हो रही है। जिला प्रशासन की ओर से आवास योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आयोजित ये कार्यक्रम सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, नशामुक्त समाज के निर्माण तथा जरूरतमंद परिवारों को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन की पहल को दर्शाते हैं।
महापौर रोशनी खलखो की अध्यक्षता में निगम परिषद की आपात बैठक, राजस्व के सभी स्रोतों की हुई समीक्षा
रांची। रांची नगर निगम की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ एवं आत्मनिर्भर बनाने तथा आंतरिक राजस्व संग्रहण में वृद्धि के उद्देश्य से शुक्रवार को महापौर श्रीमती रोशनी खलखो की अध्यक्षता में निगम परिषद की आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप महापौर श्री नीरज कुमार, माननीय वार्ड पार्षदगण, नगर आयुक्त, उप नगर आयुक्त तथा निगम के विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक में निगम के विभिन्न आंतरिक राजस्व स्रोतों की विस्तृत समीक्षा की गई। इसमें होल्डिंग टैक्स, ट्रेड लाइसेंस, विज्ञापन शुल्क, बाजार एवं दुकान किराया, जल कर, पार्किंग शुल्क और यूजर चार्ज सहित अन्य राजस्व मद शामिल रहे। सभी शाखाओं के आय-व्यय का मदवार आकलन करते हुए पिछले वित्तीय वर्षों की तुलना में वर्तमान वित्तीय वर्ष के राजस्व संग्रहण की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही निर्धारित राजस्व लक्ष्य एवं वास्तविक उपलब्धि के बीच के अंतर तथा राजस्व वसूली में अपेक्षित प्रगति नहीं होने के कारणों पर चर्चा की गई।
महापौर श्रीमती रोशनी खलखो ने कहा कि रांची नगर निगम को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए आंतरिक राजस्व संग्रहण में वृद्धि बेहद जरूरी है। निगम के सभी राजस्व स्रोतों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करते हुए वसूली प्रक्रिया को और अधिक व्यवस्थित एवं सुदृढ़ बनाया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को राजस्व संग्रहण बढ़ाने के लिए ठोस, प्रभावी एवं समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया।
महापौर ने बकायेदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि निगम की ओर से बार-बार सूचना एवं चेतावनी दिए जाने के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व संग्रहण के कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही अथवा उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों की जवाबदेही तय कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में निगम के सभी राजस्व मदों की नियमित निगरानी, राजस्व संग्रहण की प्रभावी व्यवस्था तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। वहीं, उपस्थित वार्ड पार्षदों ने भी निगम के राजस्व नुकसान को रोकने और आय में वृद्धि करने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
महापौर ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों से राजस्व संग्रहण को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।
कोलकाता। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा रेल यात्रा के दौरान आग लगने की घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से पूर्व रेलवे ने सभी यात्रियों से अग्नि सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने तथा ट्रेनों में ज्वलनशील अथवा अन्य खतरनाक वस्तुएं ले जाने और रेल डिब्बों के अंदर धूम्रपान करने से परहेज करने की अपील की है।पेट्रोल, केरोसिन, गैस सिलेंडर, विस्फोटक, पटाखे तथा अन्य ज्वलनशील पदार्थों जैसी खतरनाक सामग्रियों को ट्रेनों में ले जाने से आग लगने की गंभीर घटनाएं हो सकती हैं, जिससे यात्रियों की जान को खतरा होने के साथ-साथ रेलवे की संपत्ति को भी व्यापक नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपना सामान और पार्सल पैक करते समय विशेष सावधानी बरतें तथा यह सुनिश्चित करें कि रेल यात्रा के दौरान कोई भी प्रतिबंधित अथवा खतरनाक सामग्री साथ न ले जाएं।
रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 164 के तहत, यदि कोई व्यक्ति अधिनियम की धारा 67 का उल्लंघन करते हुए खतरनाक वस्तुएं अपने साथ ले जाता है अथवा ऐसी वस्तुओं को रेलवे प्रशासन के सुपुर्द करता है, तो उसे तीन वर्ष तक के कारावास अथवा 1,000 रुपये तक के जुर्माने या दोनों से दंडित किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त, ऐसी खतरनाक वस्तुओं के परिवहन के कारण होने वाली किसी भी हानि, चोट या क्षति के लिए संबंधित व्यक्ति उत्तरदायी होगा। इसी प्रकार, रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 167 के तहत, यदि कोई अन्य यात्री आपत्ति करता है, तो ट्रेन के डिब्बों के अंदर धूम्रपान करना प्रतिबंधित है। रेलवे प्रशासन को किसी भी ट्रेन अथवा ट्रेन के किसी हिस्से में धूम्रपान पर प्रतिबंध लगाने का अधिकार भी प्राप्त है। जन विश्वास (प्रावधानों में संशोधन) अधिनियम, 2026 के प्रावधानों के अनुसार, निर्धारित नियमों का उल्लंघन कर धूम्रपान करने पर जुर्माने की राशि बढ़ाकर 2,000 रुपये कर दी गई है। जुर्माना अदा नहीं करने तथा सक्षम न्यायालय में मामला चलने की स्थिति में, लागू वैधानिक प्रावधानों के अधीन दोषसिद्धि होने पर 5,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके अतिरिक्त, सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 के तहत प्रतिबंधित सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने पर 200 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
पूर्व रेलवे इस प्रकार के उल्लंघनों के विरुद्ध लगातार प्रवर्तन अभियान चला रही है। वित्तीय वर्ष 2025-26 (01.04.2025 से 31.03.2026) के दौरान धारा 164 के तहत कुल 105 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 106 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया तथा 95,250 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, धारा 167 के तहत 547 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 547 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया तथा 60,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। चालू वित्तीय वर्ष में 01.04.2026 से 31.10.2026 तक धारा 164 के तहत 50 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 52 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया तथा 50,680 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसी अवधि में धारा 167 के तहत 451 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 452 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया तथा 7,46,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पूर्व रेलवे सभी यात्रियों से सुरक्षित एवं संरक्षित रेल यात्रा का वातावरण बनाए रखने में रेलवे प्रशासन को सहयोग देने की अपील करती है। यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपने सामान अथवा पार्सल में ज्वलनशील, विस्फोटक या अन्य खतरनाक वस्तुएं न ले जाएं, ट्रेन के डिब्बों के अंदर धूम्रपान बिल्कुल न करें तथा किसी भी संदिग्ध सामान, खतरनाक सामग्री अथवा धूम्रपान से संबंधित उल्लंघन की सूचना तत्काल रेलवे कर्मचारियों या रेलवे सुरक्षा बल के जवानों को दें। यात्रियों को सतर्क रहने तथा रेलवे प्रशासन द्वारा जारी सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की भी सलाह दी जाती है।
पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शिबराम माझि ने कहा-“महाप्रबंधक सुश्री गीतिका पाण्डेय के नेतृत्व में पूर्व रेलवे सख्त नियम प्रवर्तन और व्यापक यात्री जागरूकता अभियानों के माध्यम से यात्री सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। हम सभी यात्रियों से अपील करते हैं कि वे जिम्मेदारीपूर्वक व्यवहार करें, ट्रेनों में कभी भी ज्वलनशील या खतरनाक सामग्री न ले जाएं तथा ट्रेन के डिब्बों के अंदर धूम्रपान से पूरी तरह परहेज करें। आग की घटनाओं को रोकने और बहुमूल्य मानव जीवन की रक्षा करने में यात्रियों का सहयोग एवं सतर्कता अत्यंत महत्वपूर्ण है। सुरक्षा केवल रेलवे प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक रेल यात्री की सामूहिक जिम्मेदारी है।
रांची । सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) ने अपने अधिकारियों की प्रबंधकीय दक्षता एवं नेतृत्व क्षमता को विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में शुक्रवार को सीसीएल एवं भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) रांची के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत सीसीएल के विभिन्न विषयों एवं ग्रेड के कुल 240 अधिकारियों को व्यवस्थित प्रबंधकीय एवं नेतृत्व विकास का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस अवसर पर आयोजित उद्घाटन सत्र में सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, महाप्रबंधक (एचआरडी) श्री एम.एफ. हक, महाप्रबंधक (विधि) जोबी वी.पी., कविता गुप्ता, पल्लब चक्रवर्ती, निदेशक (वित्त) के तकनीकी सचिव संजय सिंह सहित सीसीएल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, आईआईएम रांची की ओर से एग्जीक्यूटिव एजुकेशन एंड कंसल्टिंग (ईईसी) के श्री अमित सचान अपनी टीम के साथ मौजूद रहे।
सीसीएल के लिए इस समझौते को एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। किसी प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान के साथ संस्थागत साझेदारी के माध्यम से अधिकारियों की प्रबंधकीय एवं नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने की दिशा में यह अपनी तरह की पहली पहल है।
इस एमओयू की संकल्पना, समन्वय एवं क्रियान्वयन से लेकर हस्ताक्षर समारोह के सफल आयोजन तक की पूरी प्रक्रिया का समन्वय सीसीएल के मुख्य प्रबंधक (एचआरडी) विकास कुमार सिंह ने किया।
वर्तमान समय में कोयला बाजार का परिदृश्य तेजी से बदल रहा है। ऐसे में अधिकारियों को नई व्यावसायिक चुनौतियों के अनुरूप तैयार करना इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है। प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारियों की रणनीतिक सोच, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की दक्षता, प्रबंधकीय प्रभावशीलता तथा बदलती परिस्थितियों के अनुरूप कार्य करने की क्षमता विकसित की जाएगी।
सीसीएल एवं आईआईएम रांची के बीच यह रणनीतिक साझेदारी भविष्य के लिए सक्षम नेतृत्व तैयार करने और संगठनात्मक दक्षता को नई मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह पहल कंपनी के सतत विकास, कार्यक्षमता एवं दीर्घकालिक उत्कृष्टता के लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगी।
कहलगांव (मालदा)। रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूर्व रेलवे के मालदा मंडल द्वारा कहलगांव में नए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट की स्थापना की गई है।
नवस्थापित आरपीएफ पोस्ट का उद्घाटन 26 नवंबर को पूर्व रेलवे के महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त (IG-cum-PCSC) श्री अमिय नंदन सिन्हा ने किया। इस पहल को मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में पूरा किया गया।
उद्घाटन समारोह में मालदा मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री अमरेन्द्र कुमार मौर्य सहित कई वरिष्ठ रेल अधिकारी उपस्थित रहे।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नए आरपीएफ पोस्ट की स्थापना से क्षेत्र में रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही सुरक्षा बल की कार्यक्षमता, निगरानी व्यवस्था और आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई करने की क्षमता में भी सुधार होगा।
मालदा मंडल का उद्देश्य अपने क्षेत्राधिकार में रेलवे सुरक्षा के बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत करना और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक रेल यात्रा का माहौल उपलब्ध कराना है।
नाबालिग युवती के कथित यौन शोषण मामले को उजागर करने वाले पत्रकार को प्रताड़ित करने का आरोप; घंटों पिटाई और जबरन बयान दिलाने के दबाव का दावा
सिमडेगा। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े नाबालिग युवती के कथित यौन शोषण मामले को उजागर करने वाले पत्रकार अभिषेक भारती के साथ पुलिस हिरासत में कथित बर्बरता का मामला सामने आया है। उन्हें स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, पाकरटांड़ थाना पुलिस पर अभिषेक को अदालत में मनचाहा बयान देने के लिए दबाव बनाने और इसके लिए घंटों शारीरिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में झारखंड उच्च न्यायालय और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) से स्वतः संज्ञान लेकर स्वतंत्र जांच कराने की मांग की गई है।
आरोप है कि 26 नवंबर 2026 की रात से 27 नवंबर की दोपहर करीब तीन बजे तक अभिषेक भारती के साथ रुक-रुककर मारपीट की गई। कथित तौर पर उनके तलवों पर लाठियां बरसाई गईं, उंगलियों के बीच पेंसिल फंसाकर हाथों पर प्रहार किया गया और उन्हें मुंह के बल लिटाकर पीटा गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा बार-बार अदालत में पुलिस के मुताबिक बयान देने का दबाव बनाए जाने की बात भी सामने आई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रताड़ना से परेशान होकर अभिषेक ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों से यहां तक कहा कि वे उनसे सादे कागज पर हस्ताक्षर करा लें, लेकिन मारपीट बंद कर दें। इसके बाद उनके बेहोश होने का दावा किया गया है। यदि हिरासत के दौरान उनसे किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर कराए गए हैं, तो उन सभी दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी उठी है।
अदालत में पेशी के दौरान बिगड़ी हालत
मामले का सबसे गंभीर पहलू न्यायालय में पेशी के दौरान अभिषेक की कथित खराब शारीरिक स्थिति को लेकर है। मिली जानकारी के अनुसार, रिमांड के लिए सिमडेगा न्यायालय लाए जाने के समय अभिषेक अपने पैरों पर चलने की स्थिति में नहीं थे। आरोप है कि चार पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष ले गए, जहां वे बेहोश होकर गिर पड़े। बताया गया है कि उनकी स्थिति देखकर न्यायालय ने तत्काल अस्पताल ले जाने का निर्देश दिया था।
हालांकि, आरोप है कि पुलिस उन्हें पहले सिमडेगा टाउन थाना ले गई और बाद में हालत बिगड़ने पर सदर अस्पताल पहुंचाया। अंतिम मिली सूचना के अनुसार, अभिषेक अस्पताल में अचेत अवस्था में भर्ती थे। उनकी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति की आधिकारिक पुष्टि अस्पताल प्रशासन से ही हो सकती है।
वीडियो बनाने वाले तीन पत्रकारों के मोबाइल से रिकॉर्डिंग मिटाने का आरोप
इस घटनाक्रम में तीन अन्य पत्रकारों के साथ कथित पुलिस कार्रवाई का मामला भी सामने आया है। आरोप है कि न्यायालय परिसर में अभिषेक की हालत का वीडियो बना रहे तीन पत्रकारों को टाउन थाना ले जाया गया। उनके मोबाइल फोन कब्जे में लेकर करीब चार घंटे तक थाने में बैठाए रखा गया। दावा है कि मोबाइल से रिकॉर्ड किए गए वीडियो मिटाने के बाद उन्हें रात में छोड़ा गया। इस मामले में भी संबंधित पत्रकारों के स्वतंत्र बयान दर्ज कराने और मोबाइल फोन से कथित तौर पर हटाई गई रिकॉर्डिंग के संबंध में जांच की मांग की गई है।
एसपी से उठाए गए गंभीर सवाल
इस पूरे मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सिमडेगा पुलिस अधीक्षक से कई सवालों के जवाब सार्वजनिक करने की मांग की गई है। अभिषेक को हिरासत में लेते समय उनकी शारीरिक स्थिति क्या थी? अदालत में पेशी के समय उनकी हालत कैसी थी? न्यायालय से निकलने के बाद उन्हें कहां ले जाया गया और किस समय सदर अस्पताल पहुंचाया गया?
इन सवालों के जवाब के लिए पाकरटांड़ और टाउन थाने की स्टेशन डायरी, सीसीटीवी फुटेज, न्यायालय के अभिलेख तथा सदर अस्पताल के मेडिकल रजिस्टर को महत्वपूर्ण साक्ष्य बताया गया है।
हाईकोर्ट और मानवाधिकार आयोग से स्वतंत्र जांच की मांग - बाबूलाल
झारखंड उच्च न्यायालय और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से इस पूरे प्रकरण का स्वतः संज्ञान लेने तथा अपनी निगरानी में स्वतंत्र जांच कराने का अनुरोध किया गया है। साथ ही संबंधित थानों और न्यायालय परिसर की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग, हिरासत एवं पेशी से जुड़े दस्तावेज और अस्पताल के चिकित्सा अभिलेख तत्काल सुरक्षित रखने की मांग की गई है।
अभिषेक भारती की स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड से जांच कराकर शरीर पर मौजूद चोटों का विस्तृत विवरण दर्ज करने तथा चिकित्सकीय रूप से सक्षम होने के बाद आरोपों के घेरे में आए पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति में उनका बयान दर्ज कराने की मांग भी उठाई गई है।
इस मामले में भाजपा की ओर से कहा गया है कि हिरासत में किसी व्यक्ति के साथ अमानवीय व्यवहार और दबाव बनाकर बयान दिलाने की कथित कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में जिन अधिकारियों की भूमिका सामने आए, उनके पद और प्रभाव की परवाह किए बिना कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
फिलहाल पुलिस की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक पक्ष और स्वतंत्र जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और संबंधित साक्ष्यों का संरक्षण ही सच्चाई सामने लाने का सबसे महत्वपूर्ण आधार होगा।
संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ, ई-जर्नल के दूसरे संस्करण का लोकार्पण और ओपन क्विज का आयोजन
रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय में गुरुवार को 77वां संविधान दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भी भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सीसीएल मुख्यालय परिसर में स्थापित डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन हुआ। सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया। इस दौरान सभी ने संविधान के मूल्यों, आदर्शों और लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन भी जरूरी : सीएमडी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान का मूल सार अधिकार और कर्तव्य में निहित है। संविधान हमें अधिकार प्रदान करने के साथ-साथ राष्ट्र, समाज और अपने कार्यों के प्रति कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने सभी से संवैधानिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने और अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि संविधान केवल एक विधिक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का आधार है। प्रत्येक नागरिक और सीसीएल कर्मी का दायित्व है कि वह संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करते हुए ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे।
वहीं, मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार ने कहा कि संविधान हमें निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लेख करते हुए कहा कि ये अनुच्छेद प्रत्येक व्यक्ति को समानता और गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार सुनिश्चित करते हैं।
ई-जर्नल के दूसरे संस्करण का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान ई-जर्नल नामक पत्रिका के द्वितीय संस्करण का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा संविधान से जुड़े विभिन्न विषयों पर ओपन क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण महाप्रबंधक (विधि विभाग) जोबी वीपी ने दिया। उन्होंने संविधान निर्माण के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान अंगीकृत किया गया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विधि विभाग के वरीय प्रबंधन महेंद्र प्रताप ने धन्यवाद ज्ञापन किया। राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ समारोह का समापन हुआ।
रांची। साहिबगंज जिले के राजमहल में विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री गोपाल चंद्र साहा उर्फ गोपी जी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरुवार को विश्व हिंदू परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड के पुलिस महानिदेशक को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि 20 नवंबर 2026 की रात करीब 9 से 10 बजे गोपाल चंद्र साहा राजमहल स्थित अपने गोपी होटल को बंद करने जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए नामजद आरोपियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए हरवे-हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें स्थानीय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विहिप के अनुसार, घटना के तुरंत बाद 20 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे राजमहल थाना में नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। प्राथमिकी संख्या 425/2026 है। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि घटना के पांच दिन बाद भी किसी नामजद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि 21 नवंबर को गोपाल चंद्र साहा के खिलाफ भी एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और पुलिस उन पर थाने ले जाने का दबाव बना रही है। संगठन ने इसे अनुचित बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने और पीड़ित के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज किए जाने से क्षेत्र में भय और असंतोष का माहौल है। संगठन ने पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी और कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में विहिप के प्रांत अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत, प्रांत बजरंग दल संयोजक रंगनाथ महतो, अमर प्रसाद और क्षेत्र मंत्री डॉ. वीरेंद्र साहु शामिल थे।
राँची। महिला पीड़िता की शिकायत पर पुलिस द्वारा कार्रवाई में देरी किए जाने तथा पुलिस उपाधीक्षक, हटिया के हस्तक्षेप के बाद ही कार्रवाई शुरू होने संबंधी विभिन्न समाचार माध्यमों में प्रकाशित खबरों पर राँची पुलिस ने स्पष्टीकरण जारी किया है। पुलिस ने इन खबरों को तथ्यात्मक रूप से सही नहीं बताते हुए कहा है कि संबंधित मामले में पीड़िता के पहली बार तुपुदाना ओपी पहुँचने के दिन ही प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई थी।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, संबंधित महिला पीड़िता दिनांक 23 को पहली बार तुपुदाना ओपी पहुँची थी। इस दौरान उसके द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर उसी दिन तत्काल प्राथमिकी दर्ज की गई और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई थी।
पुलिस ने अपने दावे के समर्थन में तुपुदाना ओपी में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का भी हवाला दिया है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर इस तथ्य का सत्यापन किया जा सकता है कि पीड़िता कब थाना पहुँची थी और मामले में किस प्रकार कार्रवाई की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पीड़िता के बार-बार थाने आने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं किए जाने तथा डीएसपी, हटिया के हस्तक्षेप के बाद ही कार्रवाई शुरू होने की खबरें वास्तविक तथ्यों के अनुरूप नहीं हैं।
साक्ष्य उपलब्ध कराने की अपील
राँची पुलिस ने पत्रकारों एवं समाचार माध्यमों से अपील की है कि यदि किसी के पास इस मामले से संबंधित कोई अन्य तथ्यात्मक जानकारी अथवा साक्ष्य उपलब्ध है, तो उसे पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण, राँची के संज्ञान में उपलब्ध कराया जाए, ताकि उसका विधिवत सत्यापन किया जा सके।
समाचारों के पुनः अवलोकन और संशोधन का आग्रह
प्रेस विज्ञप्ति के अंत में पुलिस ने मीडिया के सभी सम्मानित प्रतिनिधियों से प्रकाशित एवं प्रसारित खबरों का पुनः अवलोकन करने और आवश्यक संशोधन एवं खंडन प्रकाशित करने का अनुरोध किया है। पुलिस का कहना है कि इससे आमजन के बीच घटना को लेकर सही एवं तथ्यात्मक जानकारी पहुँच सकेगी।