सिल्ली। सिंहपुर चौक स्थित मैरिज हॉल में सिल्ली-मुरी कुड़मी/कुरमी समाज के की बैठक हुई। बैठक में आगामी 6 सितंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को लेकर चर्चा की गई। समाज के सदस्यों ने लोगों से बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। समाज के शशि रंजन महतो ने कहा कि कुड़मी जाति को 6 सितंबर 1950 को अनुसूचित जनजाति (एसटी) की सूची से हटाए जाने के विरोध में लंबे समय से आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि ब्रिटिश शासनकाल में छोटानागपुर क्षेत्र में कुड़मी समाज को अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल किया गया था। स्वतंत्र भारत में एसटी, एससी और ओबीसी श्रेणियां बनने के दौरान कुड़मी समाज को एसटी सूची से बाहर कर दिया गया। उन्होंने कहा कि समाज की मांग है कि कुड़मी को पुनः अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल किया जाए। 6 सितंबर के धरना-प्रदर्शन में झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा से हजारों लोगों के शामिल होने की बात कही गई। इसे समाज ने ‘अन्याय दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। बैठक से पूर्व सदस्यों ने सिंहपुर चौक स्थित समाजसेवी स्व. विष्णु चरण महतो की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। मौके पर रघुनाथ महतो, कृष्णा महतो, जितेंद्र महतो, घनेश्याम महतो, नंदलाल महतो, रतन लाल महतो, गोकुल महतो सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
साहिबगंज। जिले के सहकारिता पदाधिकारी और नगर अध्यक्ष की उपस्थिति में साहिबगंज सहकारिता विभाग के जिला गोदाम जो की फाटक के पास है वहां पर साहिबगंज प्रखंड के किसानों के लिए गेहूं का बीज के वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया था इस कार्यक्रम में सहकारिता पदाधिकारी महादेव मुर्मू और नगर अध्यक्ष रामनाथ पासवान ने संयुक्त रूप से फीता काटकर उद्घाटन किया सहकारिता पदाधिकारी से जब संवाददाता ने जानकारी ली तो उन्होंने कहा कि साहिबगंज जिले के 32 केदो पर गेहूं मसूर चना मटर सरसों के बीज का वितरण किया जा रहा है इसी क्रम में आज से साहिबगंज प्रखंड के किसानों को गेहूं के बीज का वितरण शुरू किया जाएगा एक बोरी में 40 किलोग्राम बीज मौजूद रहता है उसे 750 रुपया और सहायता शुल्क ₹50 के साथ किस को ₹800 में दिया जा रहा है साथ ही सहकारिता पदाधिकारी ने कहा कि साहिबगंज जिले में खरीफ फसल को देखते हुए गेहूं के बीजों का जल्द से जल्द वितरण सुनिश्चित कर लिया जाएगा और जितने भी किसान भाई हैं उनको सरकार द्वारा निश्चित दर पर गेहूं का बीज उपलब्ध कराया जाएगा इसके बाद चना मटर मसूर और सरसों का बीज भी उपलब्ध कराया जाएगा वही नगर अध्यक्ष रामनाथ पासवान ने कहा कि किशन भगवान होते हैं वह अगर उपज नहीं करेंगे तो हम खाएंगे क्या, गेहूं वितरण के कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष श्री शिवदयाल मुंडा नगर अध्यक्ष श्री रामनाथ पासवान जिला सहकारिता पदाधिकारी महादेव मुर्मू सचिव प्रबंधक बलराम भगत सहित सहकारिता विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद थे! जब उपस्थित किसानों से इस संबंध में जानकारी दी गई तो किसानों ने कहा कि चाहे जमीन कितना भी एकड़ हो मिलता है तो एक दो बोरा ही संवाददाता ने जब एक किस से बात की तो उन्होंने कहा कि बीज अगर एक तरह का होता है तो फसल एक जैसा होता है अगर दो तरह का बीज लग जाए तो फसल भी दो तरह का होता है मौजूदा किसान ने कहा कि अगर एक एकड़ में दो से तीन बोरा यानी 120 किलो गेहूं का बीज मिल जाए तो एक एकड़ में एक तरह का गेहूं की पैदावार होगी इससे हमें बहुत राहत भी मिलेगी।
6 किलो बालूशाही और 10 बोतल एक्सपायरी थम्स अप जब्त, चार दुकानदारों को नोटिस
साहिबगंज। दीपावली एवं छठ महापर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट और अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बोरियो बाजार में विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान 6 किलोग्राम बालूशाही और 10 बोतल एक्सपायरी थम्स अप जब्त की गई। वहीं, खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर चार दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
उपायुक्त, साहिबगंज के निर्देशानुसार चलाए गए इस अभियान में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बाजार की 10 मिठाई एवं नाश्ता दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, रखरखाव और एक्सपायरी तिथि सहित विभिन्न खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
जांच के क्रम में टीम ने 6 किलो बालूशाही और 10 बोतल एक्सपायरी थम्स अप जब्त की। खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन में कमी पाए जाने पर चार दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
विभागीय टीम ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता बनाए रखने, मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री को ढककर रखने तथा मिलावटी, दूषित और एक्सपायरी खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने का सख्त निर्देश दिया। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन करने को कहा।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान मिलावट और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर रोक लगाने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि त्योहारों के दौरान खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता एवं शुद्धता का ध्यान रखें तथा किसी भी प्रकार की मिलावट या अनियमितता की सूचना विभाग को दें।
महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने खेल मैदान में दिखाया दमखम, सीसीएल वॉरियर्स रही उपविजेता
सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड द्वारा आज दिनांक 03 नवंबर, 2026 को महात्मा गांधी क्रीड़ांगन, गांधीनगर, रांची में एकदिवसीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। सीसीएल द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच खेलकूद को प्रोत्साहित करना तथा उनकी खेल प्रतिभा को एक बेहतर मंच प्रदान करना था।
प्रतियोगिता का शुभारंभ निदेशक (वित्त), श्री पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन), श्री हर्ष नाथ मिश्र, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री पंकज कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर सभी कोलकर्मियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और स्वयं पिच पर बल्लेबाजी एवं गेंदबाजी कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर निदेशक (वित्त) श्री पवन कुमार मिश्रा ने कहा कि खेल का मैदान महिला सशक्तिकरण का एक जीवंत प्रतीक है। ऐसी प्रतियोगिताएं महिलाओं के आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता को नई उड़ान देने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को सामने लाने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि सीसीएल की महिलाएं कार्यालय की जिम्मेदारियों से लेकर खेल के मैदान तक हर क्षेत्र में अपनी क्षमता और प्रतिभा का परिचय दे रही हैं।
इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि खेलकूद जीवन में सकारात्मकता, अनुशासन एवं आत्मविश्वास का संचार करता है। उन्होंने कहा कि सीसीएल में महिला कर्मचारियों को विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों एवं खिलाड़ियों को उनके उत्साह और खेल भावना के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर सीसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) श्री पंकज कुमार ने कहा कि खेलकूद न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत करता है। उन्होंने महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण बनाने के साथ-साथ महिलाओं को अपनी प्रतिभा और क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
इस प्रतियोगिता में सीसीएल पैंथर्स, सीसीएल टाइटन्स एवं सीसीएल वॉरियर्स की तीन टीमों ने हिस्सा लिया। लीग चरण के पहले मुकाबले में सीसीएल पैंथर्स (91/2) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीसीएल टाइटन्स (64/3) को 27 रनों से पराजित किया। दूसरे मुकाबले में सीसीएल पैंथर्स (64/4) ने सीसीएल वॉरियर्स को 30 रनों से हराया। वहीं, तीसरे लीग मुकाबले में सीसीएल वॉरियर्स (130/2) ने सीसीएल टाइटन्स (79/4) को 51 रनों से शिकस्त देकर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की।
दोपहर 12:30 बजे सीसीएल पैंथर्स एवं सीसीएल वॉरियर्स के बीच 10-10 ओवरों का फाइनल मुकाबला खेला गया। खिताबी मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए सीसीएल पैंथर्स ने शानदार प्रदर्शन किया और 137/1 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीसीएल वॉरियर्स की टीम निर्धारित ओवरों में 111/6 रन ही बना सकी। इस प्रकार सीसीएल पैंथर्स ने 26 रनों से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया, जबकि सीसीएल वॉरियर्स उपविजेता रही।
मैच के समापन के उपरांत मुख्य अतिथि द्वारा विजेता सीसीएल पैंथर्स एवं उपविजेता सीसीएल वॉरियर्स की टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस आयोजन ने सीसीएल की महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों को खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी सहयोग, टीम भावना और खेल भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया।
रांची। समाहरणालय में सोमवार को जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
जनता दरबार में भूमि विवाद, पंजी-2 सुधार, दाखिल-खारिज, दखल-कब्जा, घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता और सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़े मामले प्रमुख रूप से सामने आए। डीसी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
गैस सिलेंडर पर दिया सुझाव
एलपीजी गैस की किल्लत की शिकायत पर डीसी ने आम नागरिकों को वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर बाजार से 5 किलो का सिलेंडर लेने का सुझाव दिया।
सोनाहातू की जमीन पर कब्जे का मामला
सोनाहातू में बाजार समिति की जमीन पर अवैध कब्जे के प्रयास की शिकायत पर डीसी ने एसडीओ को जमीन को संरक्षित करने और आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
पेंशन भुगतान पर जानकारी
सामाजिक सुरक्षा पेंशन पर डीसी ने बताया कि रांची जिले में लगभग 50 प्रतिशत लाभुकों को भुगतान किया जा चुका है। शेष लाभुकों के खातों में आ रही तकनीकी बाधा को दूर कर जल्द भुगतान किया जाएगा।
डीसी ने सभी अंचल अधिकारियों और बीडीओ को निर्देश दिया कि आम लोगों को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और आवेदनों का निष्पादन समय-सीमा के भीतर पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को समाप्त करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
सोनाहातु। विद्या ज्योति इंग्लिश मीडियम स्कूल, सोनाहातु के संस्थापक तरुण महतो के आकस्मिक निधन से पूरे सोनाहातु क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन की खबर सुनते ही क्षेत्र के लोगों में गहरा दुख व्याप्त हो गया।
बताया जा रहा है कि उनके अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक, शिक्षक, छात्र और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कई लोगों की आंखें नम हो गईं। लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
तरुण महतो एक सरल, मिलनसार और सुलझे हुए व्यक्तित्व के धनी थे। वे शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने के साथ-साथ पूर्व में एक सक्रिय समाजसेवी के रूप में भी जाने जाते थे। उन्होंने अपने विद्यालय के माध्यम से कई लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया और हमेशा जरूरतमंद एवं गरीब परिवारों की मदद के लिए तत्पर रहते थे।
उनका मानना था कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों की सहायता करना हर व्यक्ति का कर्तव्य है। अपने व्यवहार और सामाजिक कार्यों के कारण उन्होंने लोगों के दिलों में एक अलग पहचान बनाई थी।
उनके आकस्मिक निधन से न केवल उनके परिवार और विद्यालय परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र ने एक मिलनसार, मददगार और शिक्षाप्रेमी व्यक्तित्व को खो दिया है।
रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड मुख्यालय, दरभंगा हाउस, रांची में 31 अक्टूबर, 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यालय से सेवानिवृत्त हो रहे 9 कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इसके साथ ही, सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सेवानिवृत्त कर्मियों को भी उनके-अपने क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से ससम्मान विदा किया गया। इस प्रकार, सीसीएल मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों से सेवानिवृत्त हुए कुल 115 कर्मियों को गरिमापूर्ण विदाई दी गई।
समारोह के दौरान सीसीएल मुख्यालय में एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव, भावनाएं एवं स्मृतियां साझा कीं।
मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों के नाम इस प्रकार हैं- संजय कुमार, मुख्य प्रबंधक (वित्त), निदेशक (मा.सं.), वित्त विभाग; डॉ. निखिल प्रसाद सिन्हा, मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, गांधीनगर अस्पताल; काशीनाथ यादव, कार्यालय अधीक्षक, ग्रेड-A1, प्रशासन विभाग; कंचन पाटीदार, कार्यालय अधीक्षक, ग्रेड-A1, कल्याण एवं सेवाएं (असैनिक) विभाग; अब्दुल कादिर, पर्यवेक्षक (दूरसंचार), गांधीनगर अस्पताल; जोयजीत बोस, कार्यालय अधीक्षक, ग्रेड-A, निदेशक (मा.सं.), वित्त विभाग; ज्योत्सना झा, लेखा लिपिक, ग्रेड-I, वित्त (सी.एफ.सी.) विभाग; कैलाश उरांव, आदेशपाल, राजभाषा विभाग एवं गलुवा, कैट-II, गांधीनगर अस्पताल।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा एवं निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र उपस्थित रहे।
इस अवसर पर निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा ने सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी संस्थान की प्रगति में उसके कर्मियों की मेहनत, ईमानदारी एवं समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के दौरान अपने अनुभव एवं कार्यकुशलता से सीसीएल के विकास में योगदान दिया है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं समृद्ध जीवन की कामना की।
निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि सेवानिवृत्ति किसी कर्मचारी के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो वर्षों की सेवा, अनुभव और समर्पण की यात्रा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कर्मियों का योगदान किसी भी संस्थान की वास्तविक ताकत होता है और उनके अनुभव एवं कार्य के प्रति प्रतिबद्धता सदैव प्रेरणादायी रहेगी। उन्होंने सेवानिवृत्त हो रहे सभी कर्मियों को नई जीवन-यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके एवं उनके परिवारों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
समारोह में विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारीगण, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दो-दो स्टैटिक दंडाधिकारी रखेंगे निगरानी, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त परीक्षा संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध
साहिबगंज, 31 अक्टूबर। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JHTET)-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए साहिबगंज जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। रविवार, 1 नवंबर को जिले के 22 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली इस परीक्षा के सफल संचालन के लिए कुल 44 स्टैटिक दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दो-दो दंडाधिकारी तैनात रहेंगे, जो परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और परीक्षा संचालन पर पैनी नजर रखेंगे।
झारखंड अधिविध परिषद, रांची द्वारा आयोजित इस परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाए हैं। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था बनाए रखने, परीक्षा संचालन की निगरानी करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता और कदाचार को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
22 परीक्षा केंद्रों पर अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित 22 परीक्षा केंद्रों पर प्रशासनिक अधिकारियों और तकनीकी विभागों के पदाधिकारियों को स्टैटिक दंडाधिकारी के रूप में तैनात किया गया है। इनमें परीक्ष्यमान उपसमाहर्ता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, अंचल निरीक्षक, प्रखंड स्तरीय अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी शामिल हैं।
साहिबगंज शहर के प्रमुख परीक्षा केंद्रों में साहिबगंज कॉलेज, संध्या इंटर कॉलेज, राजस्थान इंटर स्कूल, पब्लिक हाई स्कूल, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स स्कूल, पीएम श्री अपग्रेड म्यूनिसिपल गर्ल्स हाई स्कूल, जवाहर नवोदय विद्यालय, ईस्टर्न रेलवे हाई स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, सेंट जेवियर स्कूल के हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम केंद्र, संत जोसेफ एकेडमी और प्रोविडेंस स्कूल शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त जिले के ग्रामीण एवं अनुमंडलीय क्षेत्रों में भी परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें बड़ा पचगढ़, तीनपहाड़, जामनगर, उधवा, कोदरजन्ना, राजमहल, बोहरा, मंगलहाट और नया बाजार स्थित विद्यालय एवं महाविद्यालय शामिल हैं।
परीक्षा की निष्पक्षता और विधि-व्यवस्था पर विशेष जोर
जिला प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को स्वच्छ, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता और सतर्कता के साथ करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
परीक्षा के दौरान दंडाधिकारी केंद्रों पर विधि-व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखेंगे तथा परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न होने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। प्रशासन की ओर से परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने और अभ्यर्थियों को व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
जिला नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर जारी
परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों और आम नागरिकों की सुविधा के लिए जिला नियंत्रण कक्ष, साहिबगंज के हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। किसी भी प्रकार की सहायता या आवश्यक जानकारी के लिए इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।
हेल्पलाइन नंबर: 9006963963, 9631155933, 9065370630
दूरभाष: 06436-356485, 06436-222101, 06436-222202
रांची । ड्राइवर रैपिड रिस्पॉन्स सेल (DRRC) की ओर से शनिवार को मोरहाबादी स्थित ऑक्सीजन पार्क में रांची में शुरू हुई टमटम कैब सर्विस के विरोध में आमसभा आयोजित की गई। बैठक में सैकड़ों की संख्या में टैक्सी चालक एवं वाहन मालिक शामिल हुए। आमसभा में संगठन की पूरी कोर कमेटी के पदाधिकारियों ने भाग लेते हुए स्थानीय टैक्सी चालकों के रोजगार एवं भविष्य की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि रांची में टमटम कैब सर्विस के संचालन से स्थानीय टैक्सी चालकों एवं वाहन मालिकों की आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। पहले से आर्थिक संकट का सामना कर रहे चालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका है। यह मामला केवल टैक्सी चालकों के रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि हजारों परिवारों के भविष्य से जुड़ा हुआ है।
DRRC ने जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार से मांग की कि रांची में टमटम कैब सर्विस के संचालन पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा स्थानीय टैक्सी चालकों के हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो हजारों टैक्सी चालकों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो सकता है, जिससे व्यापक स्तर पर रोजगार प्रभावित होने की आशंका है।
आमसभा में उपस्थित पदाधिकारियों ने एकजुट होकर स्थानीय टैक्सी चालकों के अधिकारों एवं रोजगार की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
बैठक में DRRC के संस्थापक ठाकुर एसपी चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष देव सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, प्रदेश सचिव गुड्डू यादव, प्रदेश सह सचिव पप्पू सिंह, जिला अध्यक्ष अंजन सिंह, जिला उपाध्यक्ष अनिल साहनी, सह कोषाध्यक्ष राकेश रंजन, केंद्रीय प्रवक्ता चंदन पाठक, संगठन मंत्री अरुण कुस्वाहा, जिला संगठन मंत्री दीपक सिंह एवं समन्वयक पुरुषोत्तम कुमार सहित अन्य पदाधिकारी, टैक्सी चालक एवं वाहन मालिक उपस्थित थे।
DRRC ने स्पष्ट किया कि स्थानीय टैक्सी चालकों की आजीविका एवं भविष्य की सुरक्षा संगठन की प्राथमिकता है। संगठन ने जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार से इस गंभीर विषय पर तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
200 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग, रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से दिया सत्यनिष्ठा एवं नैतिकता का संदेश
रांची। सतर्कता जागरूकता सप्ताह–2026 के अंतर्गत सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड द्वारा आज दिनांक 30 अक्टूबर, 2026 को सीसीएल मुख्यालय, रांची में कर्मियों के बच्चों के लिए कविता पाठ, चित्रकला एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 200 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा एवं अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन किया।
इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह की थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” पर आधारित इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता, ईमानदारी एवं नैतिक आचरण जैसे महत्वपूर्ण मूल्यों के प्रति जागरूक किया गया। नन्हे प्रतिभागियों ने अपनी कविताओं, चित्रों एवं निबंधों के माध्यम से इन मूल्यों को बेहद सुंदर एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को अपनी कल्पनाशीलता एवं रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के साथ-साथ उनमें बचपन से ही नैतिक मूल्यों और ईमानदारी की भावना विकसित करना था।
इस अवसर पर यह संदेश भी दिया गया कि सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता एवं नैतिक उत्तरदायित्व एक समृद्ध समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण के मूल आधार हैं। भ्रष्टाचार मुक्त एवं पारदर्शी भारत के निर्माण में नई पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका है और इसकी शुरुआत बचपन से ही सही संस्कारों एवं मूल्यों के विकास से होती है।
इस आयोजन के माध्यम से सीसीएल ने एक बार फिर कार्यस्थल के साथ-साथ समाज में भी सत्यनिष्ठा की संस्कृति को प्रोत्साहित करने तथा नई पीढ़ी को नैतिक मूल्यों से जोड़ने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
सीसीएल का विश्वास है कि आज के जागरूक एवं संस्कारवान बच्चे ही कल एक सत्यनिष्ठ, पारदर्शी और समृद्ध भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
खोजे मोबाइल’ अभियान के तहत नगर, मुफस्सिल समेत पांच थानों की पुलिस को मिली सफलता
साहेबगंज । साहेबगंज पुलिस ने ‘खोजे मोबाइल’ अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्थानों से गुम और चोरी हुए 16 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने तकनीकी शाखा और सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से इन मोबाइलों को बरामद किया। सोमवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, साहेबगंज के कार्यालय कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में मोबाइल उनके धारकों को सौंपे गए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार चलाए गए इस अभियान में नगर, मुफस्सिल, मिर्जाचौकी, जिरवाबाड़ी और बोरियो थाना पुलिस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बरामद मोबाइलों का वितरण अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में संबंधित थाना प्रभारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की उपस्थिति में किया गया।
जिरवाबाड़ी थाना पुलिस को मिली सबसे अधिक सफलता
पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र से आठ मोबाइल बरामद किए गए। वहीं नगर थाना, मुफस्सिल थाना, मिर्जाचौकी थाना और बोरियो थाना क्षेत्र से दो-दो मोबाइल बरामद हुए। इस तरह कुल 16 मोबाइल उनके वास्तविक धारकों तक पहुंचाए गए।
पुलिस ने तकनीकी शाखा और सीईआईआर पोर्टल की सहायता से गुम मोबाइलों का पता लगाने की कार्रवाई की। इस पहल से मोबाइल धारकों को उनके खोए हुए फोन वापस मिल सके।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें, ताकि तकनीकी माध्यमों से मोबाइल की तलाश कर उसे बरामद किया जा सके।