मुरी। अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन सतर्क के तहत आरपीएफ मुरी ने सोमवार को मुरी जंक्शन पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को शराब के साथ पकड़ा। उसके पास से दो पिट्ठू बैग में रखी 20 बोतल शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 17,500 रुपये बताई गई है।आरपीएफ पोस्ट कमांडर संजीव कुमार के नेतृत्व में स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या दो पर दो बैग लेकर जा रहे युवक को संदेह के आधार पर रोककर पूछताछ की गई। युवक ने अपनी पहचान कृष्ण कुमार (20), निवासी टोटी हेसला, थाना बालूमाथ, जिला लातेहार के रूप में बताई।बैग की तलाशी लेने पर शराब की बोतलें बरामद हुईं। आरपीएफ ने शराब के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन युवक कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसके द्वारा शराब को अधिक कीमत पर बेचने के उद्देश्य से बिहार ले जाने की बात बताई गई।आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरपीएफ ने पकड़े गए युवक और जब्त शराब को अग्रिम कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग, रांची को सौंप दिया अभियान में आरपीएफ के अवर निरीक्षक रवि शेखर, अश्विनी कुमार, मुख्य आरक्षी डीके जितेरवाल तथा आरक्षी प्रदीप और हेमंत की भूमिका रही।
रांची। स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के कल्याण विभाग द्वारा सीसीएल मुख्यालय, दरभंगा हाउस, रांची में दिनांक 28 एवं 29 सितंबर, 2026 को दो दिवसीय आधार एवं चिकित्सा शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
शिविर का उद्देश्य सीसीएल के कर्मचारियों एवं संविदा कर्मियों को आधार से संबंधित आवश्यक सेवाएं तथा स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध कराना था।
आधार शिविर के दौरान कुल 78 लोगों ने उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाया। वहीं, चिकित्सा शिविर में 218 प्रतिभागियों की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा प्रतिभागियों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
चिकित्सा शिविर के दौरान व्यक्तिगत स्वास्थ्य एवं स्वच्छता तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के संबंध में भी प्रतिभागियों को जागरूक किया गया। कार्यस्थल पर ही आधार एवं चिकित्सा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध होने से कर्मचारियों एवं संविदा कर्मियों को आवश्यक सेवाओं का लाभ सहज एवं सुविधाजनक रूप से प्राप्त हुआ।
इस पहल के माध्यम से स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं कर्मचारी कल्याण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।
रांची। झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल तकनीक से जोड़ने और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं को दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंचाने की दिशा में राज्य सरकार 30 सितंबर से दो दिवसीय डिजिटल हेल्थ कॉन्क्लेव आयोजित करेगी। रांची में होने वाले इस कॉन्क्लेव में रोबोटिक सर्जरी, टेली-आईसीयू, टेलीमेडिसिन, टेली-एसएनसीयू, टेली-रेडियोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड और पेपरलेस अस्पताल जैसी तकनीकों पर चर्चा और प्रदर्शन किया जाएगा।
कॉन्क्लेव की पूर्व संध्या पर स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के साथ पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी। मंत्री ने कहा कि राज्य में पहली बार इस स्तर का डिजिटल हेल्थ कॉन्क्लेव आयोजित किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य केवल नई तकनीकों का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि झारखंड की स्वास्थ्य जरूरतों के अनुरूप उनका इस्तेमाल सुनिश्चित करना है।
डॉ. अंसारी ने कहा कि डिजिटल हेल्थ के क्षेत्र में झारखंड को मॉडल राज्य बनाना उनका लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के डिजिटल झारखंड के विजन को स्वास्थ्य क्षेत्र में लागू करने के लिए काम किया जा रहा है। उनका कहना था कि आधुनिक स्वास्थ्य तकनीक का लाभ केवल बड़े शहरों तक सीमित न रहकर गांव और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले मरीजों तक भी पहुंचना चाहिए।
10 बेड के आईसीयू का होगा शुभारंभ
मंत्री के अनुसार कॉन्क्लेव के दौरान मुख्यमंत्री के हाथों 10-बेड वाले आईसीयू का शुभारंभ भी किया जाएगा। सरकार डिजिटल माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं को राज्य के दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि एआई और रोबोटिक्स चिकित्सा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। रोबोटिक तकनीक सर्जरी में सहायता कर सकती है, जबकि एआई रिपोर्ट के विश्लेषण और मरीजों की निगरानी में मददगार हो सकता है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि तकनीक डॉक्टर का विकल्प नहीं है और मरीज के इलाज का अंतिम निर्णय प्रशिक्षित चिकित्सक ही करेंगे।
डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड पर जोर
मंत्री ने बताया कि आभा (ABHA) के माध्यम से नागरिकों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है। अस्पतालों को पेपरलेस बनाने और मरीजों की मेडिकल हिस्ट्री को डिजिटल रूप में सुरक्षित रखने का लक्ष्य है।
अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ स्कीम के तहत राज्य के अस्पतालों को वाई-फाई से जोड़ा गया है। अस्पतालों में रजिस्ट्रेशन, भुगतान और जांच रिपोर्ट जैसी सुविधाएं व्हाट्सऐप के माध्यम से उपलब्ध कराने की शुरुआत हो चुकी है। इसे आगे सभी जिला अस्पतालों तक विस्तारित करने की योजना है।
उन्होंने कहा कि मरीजों का डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। भविष्य में इन रिकॉर्ड का इस्तेमाल एआई आधारित स्वास्थ्य सहायता के लिए किया जा सकता है। हालांकि, एआई केवल संभावित स्वास्थ्य समस्याओं के संबंध में सहायता और सुझाव देगा तथा प्रिस्क्रिप्शन डॉक्टर ही लिखेंगे।
रिम्स-2 और मेडिकल शिक्षा पर भी जोर
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रिम्स-2 की परिकल्पना पर भी काम किया जा रहा है। उन्होंने मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ने और एमबीबीएस व पीजी सीटों में वृद्धि का भी उल्लेख किया। मेडिकल यूनिवर्सिटी की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में भी काम किए जाने की बात कही।
मंत्री ने कहा कि आधुनिक डिजिटल हेल्थ सिस्टम, बेहतर मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रशिक्षित मानव संसाधन के समन्वय से राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है।
दवा खरीद में लापरवाही पर कार्रवाई
दवा खरीद से जुड़े सवाल पर अपर मुख्य सचिव ने कहा कि अस्पतालों को दवाओं की खरीद के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई गई है। यदि दवा खरीद में किसी स्तर पर लापरवाही या आनाकानी की शिकायत मिलती है, तो उसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पत्रकार वार्ता में विभाग की विशेष सचिव डॉ. नेहा अरोड़ा, अपर सचिव शशि प्रकाश सिंह, एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, संयुक्त सचिव दिनेश कुमार यादव समेत विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
मालदा। साहिबगंज–बड़हरवा रेलखंड में सकरीगली एवं महाराजपुर स्टेशनों के बीच गंगा नदी के तटबंध के कटाव के कारण डाउन लाइन पर यात्री एवं मालगाड़ियों का परिचालन स्थगित रहेगा। इसके मद्देनजर निम्नलिखित ट्रेनों का विनियमन किया गया है:
दिनांक 30.09.2026 से प्रारंभ होने वाली यात्रा वाली ट्रेनों का रद्दीकरण:
• 63401 साहिबगंज–मालदा टाउन मेमू
• 63421 आजीमगंज–साहिबगंज मेमू
• 63411 साहिबगंज–भागलपुर मेमू
• 63063 बर्द्धमान–साहिबगंज मेमू
• 53411 बरहरवा–साहिबगंज पैसेंजर
• 13427 हावड़ा–साहिबगंज एक्सप्रेस
• 63405 रामपुरहाट–साहिबगंज मेमू
• 63402 मालदा टाउन–साहिबगंज मेमू
• 63422 साहिबगंज–आजीमगंज मेमू
• 63412 भागलपुर–साहिबगंज मेमू
• 63064 साहिबगंज–बर्द्धमान मेमू
• 53412 साहिबगंज–बरहरवा पैसेंजर
ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन:
• 13106 बलिया – सियालदह एक्सप्रेस (दिनांक 29.09.2026 को प्रारंभ होने वाली यात्रा) एवं 13020 काठगोदाम – हावड़ा बाघ एक्सप्रेस (दिनांक 28.09.2026 को प्रारंभ होने वाली यात्रा) का मार्ग परिवर्तन मुंगेर – भागलपुर – बांका – देवघर – जसीडीह बाईपास के रास्ते किया जाएगा। इन ट्रेनों का ठहराव भागलपुर एवं देवघर में रहेगा।
• 13024 गया–हावड़ा एक्सप्रेस (दिनांक 30.09.2026 को प्रारंभ होने वाली यात्रा) का मार्ग परिवर्तन किऊल – झाझा – आसनसोल के रास्ते किया जाएगा।
*ट्रेनों का आंशिक समापन/आंशिक प्रारंभ:*
53029 आजीमगंज–भागलपुर पैसेंजर (दिनांक 29.09.2026 को प्रारंभ होने वाली यात्रा) का आंशिक समापन बड़हरवा में किया जाएगा।
53403 रामपुरहाट – गया पैसेंजर ((दिनांक 30.09.2026 को प्रारंभ होने वाली यात्रा) एवं 13409 मालदा टाउन – किऊल इंटरसिटी एक्सप्रेस (दिनांक 30.09.2026 को प्रारंभ होने वाली यात्रा) का आंशिक प्रारंभ साहिबगंज से किया जाएगा।
रांची। आगामी दुर्गापूजा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों ने जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री से मुलाकात की। इस दौरान पूजा समितियों द्वारा पर्व के दौरान आवश्यक प्रशासनिक एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन से सहयोग का आग्रह किया गया।
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने पूजा समितियों को जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने पूजा समितियों से प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करते हुए शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की।
उन्होंने मूर्ति विसर्जन के दौरान संबंधित थाना के साथ समन्वय बनाए रखने, निर्धारित ध्वनि मानकों एवं नियमों का पालन करने तथा यातायात एवं आमजनों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर पूजा समितियों के सदस्यों द्वारा जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
सिल्ली। संपूर्ण झारखंड बंद के आह्वान को लेकर मंगलवार की शाम सिल्ली-मुरी में झारखंड आंदोलनकारियों ने मशाल जुलूस निकाला। बंद की पूर्व संध्या पर निकाले गए जुलूस में बड़ी संख्या में आंदोलनकारी शामिल हुए।मशाल जुलूस ग्राम विकास स्कूल से शुरू होकर सिल्ली मेन रोड, काली मंदिर, सामुदायिक अस्पताल और स्टेडियम होते हुए सिल्ली प्रखंड कार्यालय परिसर पहुंचा। इस दौरान आंदोलनकारियों ने अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में नारेबाजी की तथा सरकार से आंदोलनकारियों को उचित मान-सम्मान देने और पेंशन की राशि उपलब्ध कराने सहित अन्य मांगों को पूरा करने की मांग उठाई।
जुलूस के दौरान आंदोलनकारियों ने आम लोगों से बुधवार को आहूत झारखंड बंद में सहयोग करने की अपील की। आंदोलनकारियों ने कहा कि उनकी मांगों को लेकर सरकार को गंभीरता से पहल करनी चाहिए।
मशाल जुलूस में चिन्हित आंदोलनकारी लक्ष्मी नारायण महतो, धनीराम महतो, शत्रुघ्न महतो, सुधीर महतो, राजकिशोर महतो, रामपद महतो, दीनू चौधरी, विजय गुप्ता, संजय मांझी, दुर्योधन भोक्ता, रणजीत साहू, दिनेश कुमार महतो, विष्णु गिरि, विश्वनाथ साय, महावीर महतो, प्रकाश महतो, काबिल अंसारी, मुबारक अंसारी, नरेश चंद्र महतो, हरिहर महतो, विशेश्वर महतो, चंद्रशेखर, उपेंद्र महतो, मनोज महतो, जयपाल महतो और सुमंत महतो सहित सैकड़ों आंदोलनकारी मौजूद रहे।
सिल्ली-मुरी। मुरी-गोला मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति और सड़क निर्माण में कथित अनियमितता के विरोध में सोमवार को ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। सुबह करीब 10 बजे शुरू हुए जाम के कारण मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा।ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब है। मार्ग पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन नहीं होने के कारण सड़क जल्द ही जर्जर हो गई। उनका कहना है कि गड्ढों के कारण कई बार वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त भी हुए हैं।प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने सड़क निर्माण से प्रभावित लोगों को मुआवजा देने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान कई लोगों की जमीन और घर प्रभावित हुए, लेकिन संबंधित लोगों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है।जाम में फंसी स्कूल बसें और एंबुलेंससड़क जाम के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। इस दौरान स्कूल बसों के साथ एंबुलेंस भी जाम में फंसी रही, जिससे स्कूली बच्चों और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने, निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने तथा प्रभावित लोगों को मुआवजा दिलाने की मांग की।
रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड की सीएसआर पहल “सीसीएल विद्या सारथी-2026” का शुभारंभ सीसीएल के लाल हॉस्टल, गांधीनगर, रांची में किया गया। इसी के साथ सीसीएल के कमांड क्षेत्रों में स्थित सभी 10 डीएवी प्रशिक्षण केंद्रों पर भी इस पहल की शुरुआत हुई।
“सीसीएल विद्या सारथी-2026” के अंतर्गत 400 विद्यार्थियों को दो वर्षों तक निःशुल्क JEE/NEET प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा विषयगत प्रशिक्षण, अध्ययन सामग्री, डिजिटल लर्निंग सपोर्ट, नियमित टेस्ट एवं मूल्यांकन तथा निरंतर शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर ढंग से तैयार करना और उनके सपनों को सही दिशा प्रदान करना है।
इस पहल के लिए सीसीएल के कमांड क्षेत्रों में स्थित 10 डीएवी प्रशिक्षण केंद्रों का चयन किया गया है। ये प्रशिक्षण केंद्र कुजू, बरकाकाना, ढोरी, गिरिडीह, रजरप्पा, कथारा, राँची, अरगड़ा, हजारीबाग एवं पिपरवार में स्थित हैं।
राँची केंद्र में 60 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। चयनित विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता एवं अभिभावकों के साथ उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में अपने भविष्य और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ), सीसीएल श्री पंकज कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। श्री मिश्र ने विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं निरंतर प्रयास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वही श्री पंकज कुमार ने कहा कि सही मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक (सीएसआर), श्री एस एस लाल,महाप्रबंधक (कल्याण)श्री संजय कुमार ठाकुर , National Computer Saksharta Mission (NCSM) के प्रतिनिधिगण तथा सीसीएल के लाल एवं सीसीएल की लाडली के Faculty Members सहित सीसीएल के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
National Computer Saksharta Mission (NCSM) के सहयोग से संचालित यह पहल सीसीएल के कमांड क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को JEE/NEET जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सीएसआर प्रयास है। इसके माध्यम से आर्थिक एवं सामाजिक रूप से विभिन्न पृष्ठभूमि से आने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने का सार्थक प्रयास है।
सीसीएल अपने विभिन्न सीएसआर एवं शैक्षणिक पहलों के माध्यम से समाज के सभी वर्गों के कल्याण तथा विद्यार्थियों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान कर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कंपनी द्वारा विद्यार्थियों के करियर और प्रशिक्षण को ध्यान में रखकर संचालित की जा रही विभिन्न योजनाएं न केवल विद्यार्थियों और उनके परिवारों के लिए अवसरों का विस्तार कर रही हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों में भी सकारात्मक एवं गुणात्मक बदलाव की आधारशिला रख रही हैं।
रांची। मुकेश कुमार , पर्यटन सचिव ने कहा कि पर्यटक मित्र राज्य के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर आगंतुकों को स्थानीय जानकारी, सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, होटल एवं आतिथ्य क्षेत्र पर्यटकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने में सहयोगी है। पर्यटन के क्षेत्र में काम करने वाले अन्य स्टेकहोल्डर्स भी अपनी डिजिटल पहुंच और रचनात्मक सामग्री के माध्यम से झारखंड के पर्यटन स्थलों, प्राकृतिक सौंदर्य और विविध अनुभवों को देश-दुनिया के नए दर्शकों तक पहुंचाने में योगदान दिया है। वे रविवार को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर राँची स्थित ऐतिहासिक ऑड्रे हाउस में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे । कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत मंत्री श्री सुदिव्य कुमार को पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
*झारखंड पर्यटन के सहयोगियों का हुआ सम्मान*
समारोह के दौरान राज्य में पर्यटन को बेहतर अनुभव और व्यापक पहचान देने में योगदान कर रहे पर्यटक मित्रों, और अन्य स्टेकहोल्डर्स को सम्मानित किया गया।इस अवसर पर श्री मुकेश कुमार ने कहा यह सम्मान उन सभी साझेदारों के योगदान को पहचान देने का प्रयास रहा, जो प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से झारखंड को एक आकर्षक और यादगार पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।
झारखंड पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में साझा प्रयास
पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि विश्व पर्यटन दिवस का यह आयोजन झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध पर्यटन संभावनाओं को व्यापक पहचान दिलाने के साझा संकल्प का प्रतीक बना है। पर्यटन विभाग द्वारा स्थानीय समुदायों, पर्यटक मित्रों, होटल एवं आतिथ्य क्षेत्र और अन्य स्टेकहोल्डर्स की सहभागिता के माध्यम से राज्य में पर्यटन अनुभव को और बेहतर बनाने तथा झारखंड के पर्यटन स्थलों की पहुंच व्यापक करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में प्रेम रंजन, प्रबंध निदेशक सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रांची। सेलिब्रेशन बैंक्विट हॉल में Kanke Talks द्वारा आयोजित “संवाद” कार्यक्रम में शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और मेधावी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए किए जा रहे प्रयासों को विशेष सम्मान मिला। इस अवसर पर RKDF University, Ranchi के Pro Vice Chancellor डॉ. अमित कुमार पांडेय को प्रतिष्ठित KankeTalks Samwad Samman 2026 से सम्मानित किया गया।
डॉ. अमित कुमार पांडेय को यह सम्मान उच्च शिक्षा के माध्यम से झारखंड के युवाओं को सशक्त बनाने, मेधावी विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने तथा शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में सकारात्मक पहलों को बढ़ावा देने के लिए प्रदान किया गया।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने मंच पर डॉ. अमित कुमार पांडेय को यह सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर राज्यसभा के उपसभापति श्री हरिवंश नारायण सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद श्री महेश पोद्दार, पद्म श्री से सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक श्री बलबीर दत्त तथा पद्म श्री से सम्मानित प्रसिद्ध नागपुरी लोक कलाकार एवं गायक श्री मुकुंद नायक सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
“प्रतिभा को पहचान, सम्मान और अवसर देना हमारी सामाजिक जिम्मेदारी”
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. अमित कुमार पांडेय ने कहा,
“राज्य के मेधावी और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पहचान, सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर दिलाना केवल हमारा दायित्व ही नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक जिम्मेदारी भी है। प्रतिभा को सही दिशा और उचित मंच मिले, यही हमारी प्राथमिकता है। RKDF University, Ranchi विद्यार्थियों के हितों और उज्ज्वल भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा, कौशल विकास, उचित मार्गदर्शन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।”
उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि युवाओं को ज्ञान, कौशल, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता से सशक्त बनाना है। इसी उद्देश्य के साथ विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
“आज की प्रतिभा ही कल का सशक्त झारखंड और मजबूत भारत बनाएगी”
डॉ. पांडेय ने कहा,
“RKDF University, Ranchi का संकल्प है कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके कौशल, व्यक्तित्व और आत्मविश्वास का भी समग्र विकास हो। हम चाहते हैं कि हमारे विद्यार्थी अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर अपने सपनों को साकार करें और झारखंड के विकास तथा देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।”
उन्होंने आगे कहा,
“हमारा विश्वास है कि आज का प्रतिभाशाली विद्यार्थी ही कल का सशक्त झारखंड और मजबूत भारत बनाएगा। हमारा संकल्प है—झारखंड की प्रतिभा को अवसर देना, युवाओं को सक्षम बनाना और उनके सपनों को उड़ान देना। विद्यार्थियों की सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उनके परिवार, समाज, झारखंड और देश की प्रगति की शक्ति बनेगी। विद्यार्थियों की सफलता ही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि और हमारी प्रतिबद्धता की सबसे सशक्त पहचान होगी।”
शिक्षा और युवा सशक्तिकरण पर केंद्रित रहा “संवाद”
Kanke Talks का “संवाद” कार्यक्रम शिक्षा, सामाजिक सरोकार, युवा सशक्तिकरण और झारखंड की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
इस अवसर पर शिक्षा के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन, युवाओं के लिए बेहतर अवसरों के निर्माण तथा झारखंड की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।