सिल्ली मुरी :हिंडाल्को पूजा समिति के तत्वावधान में जन्माष्टमी के पावन अवसर पर आयोजित छठियारी उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।समारोह की शुरुआत नन्हीं बालिकाओं द्वारा राधा-कृष्ण के स्वरूप में सजे-धजे आकर्षक नृत्य से हुई। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन के संवाद पर आधारित श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोकों की भावपूर्ण नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की गई, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।कार्यक्रम के समापन पर छठियारी की परंपरा के अनुसार फूलों की होली खेली गई। श्रद्धालुओं ने पुष्पों की वर्षा के बीच भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का उल्लासपूर्वक उत्सव मनाया। पूरा पूजा पंडाल भक्ति गीतों और जयघोष से गुंजायमान रहा।हिंडाल्को पूजा समिति द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शक उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की भव्यता, अनुशासन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।